धमाके में छह पुलिसकर्मी मारे गए

- Author, सलमान रावी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, राँची
झारखंड के गुमला ज़िले के गुरदारी इलाक़े में एक बारूदी सुरंग विस्फोट में छह पुलिसकर्मी मारे गए हैं. दो पुलिसकर्मी घायल हैं और एक लापता है.
छोटानागपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक रेज़ी डुंगडुंग ने बीबीसी को बताया कि ये पुलिसकर्मी गश्त पर निकले हैं. इलाक़े में बॉक्साइट की खदानें हैं.
ये पुलिसकर्मी बॉक्साइट की एक ट्रक में सवार थे. अचानक बारूदी सुरंग का विस्फोट हुआ. छह पुलिसकर्मी मौक़े पर ही मारे गए.
विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए. धमाके में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं जबकि एक लापता है.
मारे गए पुलिसकर्मियों में गुरदारी पिकेट के इंचार्ज श्याम किशोर भी हैं. रेंज़ी डुंगडुंग ने बताया कि धमाके के बाद माओवादी पुलिसकर्मियों की हथियार लूट ले गए हैं.
इसके अलावा इसी ज़िले के हेसाटू में पुलिस पाँच बारूदी सुंरग बरामद किए हैं.




























