बारुदी सुरंग धमाके में पुलिसकर्मी घायल

कश्मीरी पुलिस
इमेज कैप्शन, हाल के दिनों में घाटी में चरमपंथी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है
    • Author, अल्ताफ़ हुसैन
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर के तराल शहर में हुए एक बारुदी सुरंग धमाके में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.

अधिकारियों का कहना है कि चरमपंथियों ने श्रीनगर से 40 किलोमीटर दूर यह धमाका सोमवार की देर रात में किया. उनका कहना है कि बारुद को एक पुलिया पर रखा गया था.

चरमपंथियों ने जिस समय यह धमाका किया, उसी समय पुलिसकर्मी वाहन में सवार होकर वहाँ से गुज़र रहे थे.

घायल पुलिसकर्मी ख़तरे से बताए गए हैं.

यह धमाका काफ़ी शक्तिशाली था. धमाके की वजह से पुलिया के साथ-साथ आसपास के घर भी क्षतिग्रस्त हो गए है.

भारत-पाकिस्तान के बीच संबंधों में आई कड़वाहट के बाद कश्मीर घाटी में हाल के दिनों में हिंसा की घटना में बढ़ोत्तरी हुई है.

भारत ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया है कि वह सशस्त्र चरमपंथियों को नियंत्रण रेखा के रास्ते भारत प्रशासित कश्मीर में भेज रहा है.

वर्ष 2008 में मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ कश्मीर मामले सहित अन्य विवादों पर बातचीत स्थगित कर दी थी.

भारतीय अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कश्मीर घाटी में हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी की उन्हें आशंका है.

गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

अलगावादी नेताओं ने गणतंत्र दिवस के दिन 26 जनवरी को घाटी में बंद का आह्वान किया है.