अग्नि III का सफल परीक्षण

भारत ने रविवार को देश में निर्मित ज़मीन से ज़मीन पर मार करने में सक्षम बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि III का सफल परीक्षण किया है.
परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम इस मिसाइल की मारक क्षमता तीन हज़ार से साढ़े तीन हज़ार किलोमीटर तक है.
रक्षा सूत्रों ने बताया कि इसका परीक्षण उड़ीसा के व्हीलर आइलैड से दिन के 10.46 मिनट पर किया गया.
रक्षा शोध एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के सूत्रों ने बताया कि यह परीक्षण ‘सफल’ रहा है.यह अग्नि III शृंखला की चौथी उड़ान थी.
इससे पहले अग्नि III का परीक्षण 2006 में हुआ था जो असफल रहा था लेकिन इसके बाद 2007 और 2008 में किए गए दोनों परीक्षण सफल रहे थे.
सूत्रों का कहना था, ‘‘ मिसाइल के पूरे रास्ते का कई स्टेशनों से निरीक्षण किया गया और रडारों के ज़रिए उस पर नज़र रखी गई. आकड़ों के परीक्षण के लिए पोर्ट ब्लेयर और समुद्र में तैनात नौसेना के पोतों के रडारों की भी मदद ली गई है. ’’
अग्नि III की लंबाई क़रीब 17 मीटर है जो डेढ़ टन तक का परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है.




























