वार्ता के भविष्य पर कोई टिप्पणी नहीं

भारत के विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने पुणे धमाके के मद्देनज़र पाकिस्तान के साथ सचिव स्तर की बातचीत के भविष्य पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
भारत और पाकिस्तान के बीच सचिव स्तर की बातचीत 25 फरवरी को दिल्ली में होने वाली है.
चेन्नई में पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, "इस समय मैं सचिव स्तर की बातचीत पर कुछ नहीं कहना चाहता. पहले जाँच रिपोर्ट का इंतज़ार कीजिए."
रविवार को पुणे के लोकप्रिय जर्मन बेकरी में हुए धमाके में नौ लोग मारे गए थे और 50 से ज़्यादा घायल हुए हैं.
बातचीत
आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक बार फिर आतंकवादी हमला हुआ है, जिसमें निर्दोष लोगों की जानें गई हैं.
विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने कहा कि लोग इन 'काली शक्तियों' से अनजान नहीं हैं, जो शांति के दुश्मन हैं.
वर्ष 2008 में 26 नवंबर को मुंबई में हुए हमलों के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है.
लेकिन कुछ दिनों पहले दोनों देशों ने सचिव स्तर की बातचीत पर सहमति दिखाई है और 25 फरवरी को सचिव स्तर की बातचीत दिल्ली में होने वाली है.
































