बस नदी में गिरी, 22 मृत

बस दुर्घटना (फ़ाइल फ़ोटो)
    • Author, रामदत्त त्रिपाठी
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

उत्तर प्रदेश के जालौन ज़िले में बारातियों से भरी एक बस के नदी में गिर जाने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है.

पुलिस अधीक्षक प्रेम गौतम के अनुसार मरने वालों में दूल्हे के 55 वर्षीय पिता और 10 बच्चे शामिल हैं.

बस में सवार 40 लोग तैर कर बाहर आ गए जबकि अभी भी कई लोग लापता बताए गए हैं.

दुर्घटना मंगलवार को आधी रात के बाद क़रीब साढ़े बारह बजे हुई.

मध्यप्रदेश के मुरैना ज़िले से बारात जालौन के महाराजगंज में रुद्रपुरा जा रही थी.

उत्तर प्रदेश की राजधानी उत्तर प्रदेश से क़रीब 225 किलोमीटर दूर माधोगढ़ के पास पहुँच नदी में यह दुर्घटना हुई.

जहाँ दु्र्घटना हुई वहाँ नदी पर पीपे का अस्थाई पुल बना हुआ है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में बिना रेलिंग के इस पुल से बस नीचे नदी में उतर गई.

इस बस में कोई 70 यात्री सवार थे.

जालौन के पुलिस अधीक्षक प्रेम गौतम के अनुसार 40 यात्री तो तैरकर बाहर निकल आए लेकिन कई लोग बस में ही फँसे रह गए और आशंका है कि कुछ लोग नदी की तेज़ धार में बह गए.

उन्होंने बताया कि 22 शव निकाले जा चुके हैं जिनमें दूल्हे के पिता राजवीर सिंह और 10 बच्चे शामिल हैं.

बस सुबह 10 बजे तक नदी से नहीं निकाली जा सकी थी.

जहाँ बस नदी में गिरी वहाँ क़रीब 15 फुट पानी है.

शेष लोगों की तलाश का काम जारी है.