पेश नहीं हुआ जवाबदेही विधेयक

संसद
इमेज कैप्शन, विपक्ष इस विधेयक का विरोध कर रहा है

लोकसभा में केंद्र सरकार को परमाणु जवाबदेही विधेयक को लेकर हंगामा हुआ है.

सोमवार को ये विधेयक लोकसभा में पेश किया जाना था. लेकिन इसे पेश नहीं किया गया.

लोकसभा की स्पीकर मीरा कुमार ने यह घोषणा की. उन्होंने कहा, "केंद्रीय मंत्री पृथ्वीराज चौहान ने मुझसे अनुरोध किया है कि सरकार सोमवार को परमाणु जवाबदेही विधेयक पेश नहीं करेगी."

इसके बाद लोकसभा में हंगामा शुरू हो गया. लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवानी ने सरकार से जानना चाहा कि ऐसा क्यों हुआ.

उन्होंने कहा कि सदन को यह जानने का हक़ है कि ये विधेयक क्यों नहीं पेश किया गया. हंगामे के कारण लोकसभा को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

वैसे भाजपा और वामपंथी दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं. भारत-अमरीका परमाणु समझौते को प्रभावी बनने के लिए इस विधेयक का पास होना ज़रूरी है.

मांग

जानकारी के मुताबिक़ प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अप्रैल में अपनी अमरीका यात्रा से पहले इस विधेयक को पास कराना चाहते हैं.

लेकिन विपक्षी पार्टियों का कहना है कि इस विधेयक पर इतनी जल्दबाज़ी उचित नहीं. विपक्षी सांसद इसे सदन की स्थायी समिति के पास विचार के लिए भेजने की मांग कर रहे हैं.

इस विधेयक में परमाणु दुर्घटना होने की स्थिति में मुआवज़ा देने का प्रावधान है. विपक्ष का आरोप है कि इस विधेयक में विदेशी कंपनियों को फ़ायदा पहुँचाने की कोशिश की गई है.

विधेयक के मुताबिक़ परमाणु हादसा होने की स्थिति में परमाणु संयंत्र के संचालक पर 300 करोड़ रुपए तक का मुआवज़ा देने का प्रावधान है.

विपक्ष का कहना है कि वह विधेयक के कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श चाहता है.