आख़िर छत्ता किसने छेड़ा!

मायावती की रैली
इमेज कैप्शन, सोमवार की मायावती की महारैली में मधुमखियों ने आक्रमण कर दिया था

उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती की नोटों वाली माला का बवाल अभी थमा भी नहीं है, इसी बीच राज्य पुलिस को मायावती की महारैली में अचानक मधुमक्खियों के प्रहार में साज़िश नज़र आ रही है.

इसलिए पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए मधुमक्खियों के हमले के सिलसिले में मुक़दमा दर्ज कर लिया है.

पुलिस जानना चाहती है कि आख़िर मधुमक्खियों को किसने छेड़ा यानी उसके छत्ते के पास आग किसने लगाई.

हालांकि मुक़दमा अज्ञात व्यक्ति के नाम दर्ज किया गया है.

पुलिस ने आगजनी और किसी सार्वजनिक स्थान पर अस्थिरता पैदा करने की धाराओं के तहत मुक़दमा दर्ज किया हैं.

ग़ौरतलब है कि सोमवार को जब मायावती उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महारैली कर रहीं थीं और मंच पर विराजमान थीं तभी भारी संख्या में मधुमक्खियों ने वहाँ हमला कर दिया था.

जांच

मधुमक्खियों के हमले की जांच उप महानिरीक्षक राजीव कृष्ण कर रहे हैं और शुरुआती जांच के बाद ही मुक़दमा दर्ज किया गया है.

इस बात की छान-बीन की जा रही है कि मधुमक्खियों के छत्ते के पास आग किसने लगाई और क्या ये आग जानबूझकर लगाई गई थी.

शुरुआती जांच से पता चला है कि मधुमक्खियों के छत्ते के पास धुआं किया गया था जिसके बाद मधुमक्खियां उत्तेजित हो गई और रैली में जा पहुंची.

पुलिस महानिदेशक का कहना है कि ये एक गंभीर घटना थी क्योंकि मधुमक्खियों के हमले से रैली में कोई बड़ी दुर्घटना भी घट सकती थी.