मनमोहन सरकार असफल रही है: जेटली

अरूण जेटली का कहना है कि पाकिस्तान पर यूपीए ने ढुलमुल रवैया दिखाया है.
इमेज कैप्शन, अरूण जेटली का कहना है कि पाकिस्तान पर यूपीए ने ढुलमुल रवैया दिखाया है.

भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री के संवाददाता सम्मेलन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन अपने कार्यकाल के पहले साल में पूरी तरह असफल रही है.

भाजपा की तरफ़ से राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली ने हर अहम मुद्दे पर असफल करार दिया.

नक्सलवाद के मामले पर उन्होंने कहा कि सरकार इस पर बंटी हुई नज़र आई है.

पाकिस्तान का ज़िक्र करते हुए जेटली का कहना था कि सरकार का रवैया काफ़ी ढुलमुल रहा है.

उनका कहना था, “पाकिस्तान से बातचीत की शुरूआत करने से पहले क्या प्रधानमंत्री ये आकलन कर चुके हैं कि अब पाकिस्तानी ज़मीन का इस्तेमाल भारत के ख़िलाफ़ आतंकवाद के लिए नहीं हो रहा?”

मंहगाई के मुद्दे पर जेटली का कहना था कि अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री बढ़ती कीमतों को रोकने में असफल रहे हैं.

अरूण जेटली ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि प्रधानमंत्री पर उंगली नहीं उठाई जा सकती लेकिन उनकी टोली में भ्रष्टाचार को नज़रअंदाज़ करना ग़लत होगा.

उन्होंने 2जी स्पेक्ट्रम के लाइसेंस आवंटन का मामला उठाते हुए कहा कि उसमें हुआ भ्रष्टाचार वित्तीय घाटे के लिए ज़िम्मेदार है.