विस्फोट से ट्रेन पटरी से उतरी

पूर्वोत्तर राज्य असम में पुलिस का कहना है कि एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद ग़रीब रथ ट्रेन पटरी से उतर गई है.
इस हादसे में कम से कम एक व्यक्ति के मारे जाने और 13 अन्य के घायल होने की ख़बरें हैं.
बीबीसी के पूर्वोत्तर राज्य संवाददाता सुबीर भौमिक के अनुसार अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इसके पीछे शांतिवार्ता का विरोध कर रहे बोडो संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक फ़्रंट ऑफ़ बोडोलैंड (एनडीएफ़बी) का हाथ हो सकता है.
प्रतिबंधित संगठन एनडीएफ़बी के प्रमुख नेता रंजन दईमारी को पिछले दिनों बांग्लादेश में गिरफ़्तार करने के बाद भारत को सौंप दिया गया था और इस समय में जेल में हैं.
इस तरह के हमले की आशंका के बाद रेलवे ने बुधवार की रात लंबी दूरी की छह ट्रेनों को रद्द कर दिया था.
हादसा
अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को तड़के क़रीब तीन बजे कोकराझर ज़िले के गोसांई गाँव खंड के बाबूबील गाँव के पास पटरियों पर यह विस्फोट किया गया.
इस विस्फोट में गुवाहाटी से कोलकाता जा रही ग़रीब रथ को निशाना बनाया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट से ट्रेन के इंजिन और पहले डिब्बे को ज़्यादा नुक़सान पहुँचा है लेकिन विस्फोट के असर से छह डिब्बे पटरी से उतर गए.
घायलों में इंजिन का ड्राइवर भी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है.
घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट से अपेक्षाकृत कम नुक़सान हुआ क्योंकि उस समय ट्रेन एक पुल से गुज़र रही थी और उसकी रफ़्तार बहुत कम थी.
































