राजधानी एक्सप्रेस पटरी से उतरी

भारतीय रेल (फ़ाइल फोटो)

बिहार की पुलिस के मुताबिक़ में गया के निकट संदिग्ध माओवादियों ने रेल पटरी को उड़ा दिया है.

इस घटना में भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतर गए हैं.

लेकिन किसी के हताहत होने का कोई समाचार नहीं है. गया के पुलिस अधीक्षक सुशील खोपड़े ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया है कि किसी को भी गंभीर रूप से चोट नहीं आई है.

उन्होंने बताया कि पटरी से उतरने वाले डिब्बे पलटे नहीं हैं और इसी कारण कोई हताहत नहीं हुआ है.

बंद

2445 अप भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे अर्धेंदु बैनर्जी ने बीबीसी को बताया कि किसी भी यात्री को नुक़सान नहीं पहुँचा है.

उन्होंने बताया, "क़रीब 12 बजे हमने धमाके की आवाज़ सुनी. हमलोग घबरा कर ट्रेन से बाहर निकल आए. लेकिन डब्बे पलटे नहीं हैं और किसी को कोई नुक़सान नहीं हुआ है."

ये हादसा गया स्टेशन से 15 किलोमीटर दूर कास्ता और परैया स्टेशन के बीच हुआ. गया के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन दोनों स्टेशनों के बीच रेल पटरी पर विस्फोटक रखा गया था.

ये घटना ऐसे समय हुई है, जब माओवादियों ने केंद्र सरकार के ऑपरेशन ग्रीन हंट के ख़िलाफ़ कई राज्यों में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है. जो सोमवार से शुरू हुआ है.