आंध्र प्रदेश में बंद, जनजीवन ठप्प

- Author, उमर फ़ारूक़
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
चंद्रबाबू नायडू और उनके साथियों की गिरफ़्तारी के विरोध में आज तेलुगू देशम पार्टी ने सोमवार को आंध्र प्रदेश बंद का आह्वान किया जिसका हैदराबाद और आसपास के इलाक़ों में व्यापक असर दिखा है.
हैदराबाद और उसके आस-पास के शहरों में कारोबारी प्रतिष्ठान और स्कूल कॉलेज बंद रहे और आम जनजीवन प्रभावित हुआ.
इस बीच चंद्रबाबू नायडू और उनके साथियों के हिरासत की अवधि बढ़ा दी गई है. चंद्रबाबू नायडू और पार्टी के 74 अन्य नेताओं को महाराष्ट्र पुलिस ने शुक्रवार को उस समय गिरफ्तार किया जब वे बाबली सिंचाई परियोजना देखने गए. इन नेताओं में कई सांसद और विधायक भी हैं.
बाबली परियोजना महाराष्ट्र-आंध्र सीमा पर गोदावरी नदी पर स्थित है.
धर्माबाद के मजिस्ट्रेट ने नायडू और उनके साथियों से सोमवार को मुलाक़ात की थी. महाराष्ट्र के नांदेड़ के धर्माबाद में स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इन लोगों को गिरफ़्तार करके रखा गया है.
मजिस्ट्रेट ने नायडू और 74 अन्य गिरफ़्तार नेताओं से पूछा कि गिरफ़्तारी की अवधि ख़त्म होने के बाद क्या वे ज़मानत पर रिहा होना चाहते हैं. लेकिन नायडू औऱ उनके साथियों ने ज़मानत लेने से इंकार कर दिया.
'गिरफ़्तारी असंवैधानिक'
चंद्रबाबू नायडू ने कहा, "हमारी गिरफ़्तारी असंवैधानिक है. हम लोग न तो आतंकवादी हैं और न ही हमने कोई अपराध किया है. महाराष्ट्र पुलिस ने हमें आंध्र प्रदेश में गिरफ़्तार किया है जो उसके कार्यक्षेत्र के बाहर है."
उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र सरकार ने न केवल हमारा पानी लूटा है बल्कि तेलुगू जनता के आत्मसम्मान पर सवाल उठाया है. महाराष्ट्र सरकार हमें बिना शर्त रिहा करे और माफ़ी मांगे. हमें बाबिली परियोजना देखने की अनुमति दी जाए."
तेलुगु देशम पार्टी यह कहते हुए बाबिली परियोजना का विरोध कर रही है कि न्यायालय ने जितना निर्माण करने की इजाज़त दी थी, परियोजना में उससे कहीं अधिक निर्माण हुआ है जिससे तेलंगाना क्षेत्र को पानी नहीं मिल पाएगा.
तनाव बढ़ा
इस बीच धर्माबाद के उस इलाक़े में तनाव बढ़ गया है जहां पर नायडू और उनके साथियों को गिरफ़्तार करके रखा गया है. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
नायडू और उनके साथियों ने दिनभर की भूख हड़ताल भी रखी है. उनके साथियों में से पांच विधायकों की हालत बिगड़ गई है.
इस बीच हैदराबाद से एक मेडिकल टीम धर्माबाद पहुंच गई है.
तेलुगू देशम पार्टी के नेताओं ने सोमवार को हैदराबाद में जुलूस निकाला और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के पुतले जलाए.
































