बिहार में नाव दुर्घटना, 27 की मौत

- Author, मणिकांत ठाकुर
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार के सुपौल ज़िले में एक नाव के डूब जाने से कम से कम 27 लोग मारे गए हैं. छह लोग लापता बताए गए हैं.
घटना बुधवार की शाम सुपौल के मरोना में हुई जब किसी समारोह से लौट रहे लोगों को नदी पार करवा रही नाव असंतुलित होकर नदी में डूब गई.
कोसी की सहायक नदी तिलगुना में यह दुर्घटना घटी है.
सुपौल के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बीबीसी को बताया कि नाव में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की वजह से यह दुर्घटना हुई.
उन्होंने बताया कि नाव में क़रीब सौ लोग सवार थे और अधिक लोगों के सवार होने की वजह से नाव का संतुलन बिगड़ गया.
उनका कहना है कि मरने वालों में बच्चों की संख्या अधिक है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवारजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की है.
लापता लोगों की तलाश जारी है.
































