ग्वालियर इंटरसिटी और मालगाड़ी की टक्कर

ग्वालियर के पास बदरवास रेलवे स्टेशन पर सोमवार को लगभग पाँच बजे इंदौर ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस से एक मालगाड़ी जा टकराई.
इस दुर्घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है और 50 से अधिक घायल हुए हैं. इनमें से कुछ की हालत गंभीर है.
इंदौर-ग्वालियर सिटी एक्सप्रेस इंदौर से ग्वालियर जा रही थी और बदरवास स्टेशन पर खड़ी थी तब उससे मालगाड़ी टकरा गई.
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता पीयूष माथुर ने बीबीसी को बताया कि ट्रेनों की टक्कर आमने सामने से हुई.
उन्होंने बताया कि ग्वालियर इंटरसिटी बदरवास स्टेशन पर खड़ी थी और मालगाड़ी सामने से उससे जा टकराई.
प्रवक्ता ने बताया कि इस दुर्घटना में तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं है और राहत व बचाव के लिए ग्वालियर और झांसी से राहत ट्रेनें पहुँच गईं हैं और भोपाल से राहत ट्रेन को रवाना कर दिया गया है.
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
उल्लेखनीय है कि इस ट्रैक पर एक ही लाइन है.
स्थानीय पत्रकार प्रवीण चित्रांश ने बीबीसी को जानकारी दी कि दुर्घटना में तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हुई हैं. इनमें से दो बोगियों को ज्यादा नुक़सान पहुँचा है.
उनका कहना था कि इस दुर्घटना में रेलवे की चूक नज़र आ रही है क्योंकि दोनों ट्रेनें एक ही पटरी पर आ गईं और आमने-सामने से जा टकराईं.
प्रवीण चित्रांश के अनुसार इस क्षेत्र में रविवार से ही भारी बारिश हो रही है और देखने में परेशानी आ रही थी.
केंद्र और राज्य सरकार ने इस ट्रेन दर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए देने की घोषणा की है. इसके अलावा केंद्र सरकार ने मृतकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा भी की है.
































