बिहार में 'नक्सली' हमला

नक्सली हमला (फ़ाइल तस्वीर)
इमेज कैप्शन, धमाके में पुलिस जीप को निशाना बनाया गया.
    • Author, मणिकांत ठाकुर
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार

बिहार के शिवहर ज़िले में बारुदी सुरंग के धमाके में पाँच पुलिसकर्मियों समेत छह लोग मारे गए हैं. घटना शिवहर ज़िले के श्यामपुर भटहा पुलिसथाना इलाक़े के झिटकहियां गाँव के पास हुई.

शिवहर ज़िले में 24 अक्तूबर तो मतदान होना है और यहाँ शुक्रवार शाम को चुनाव प्रचार ख़त्म हुआ है. इस क्षेत्र में नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया हुआ है और इस बाबत उन्होंने लोगों से अपील करने वाले पोस्टर भी चिपकाए थे.

राज्य मुख्यालय के पुलिस प्रवक्ता पीके ठाकुर ने बीबीसी के साथ हुई बातचीत में घटना की पुष्टि की है और कहा है कि ये नक्सली हमला था.

ये घटना शुक्रवार रात पौने नौ बजे के आसपास की है.

धमाका

पीके ठाकुर ने बीबीसी को बताया, "एक सड़क पुलिया में उस समय बारुदी सुरंग का धमाका हुआ, जिस समय वहाँ से एक पुलिस जीप गुज़र रही थी."

इस हादसे में श्यामभितहा पुलिस थाने के प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह समेत पाँच पुलिसकर्मी मारे गए. एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल है. जिन्हें शिवहर अस्पताल में दाखिल कराया गया है.

साथ ही इस घटना में उस पुलिस जीप के ड्राइवर की भी मौत हो गई है जो होम गार्ड के वाहन चालक थे.

थाना प्रभारी के अलावा जो चार जवान मारे गए हैं, वे विशेष सहायक पुलिस (सैप) के जवान थे.

राज्य पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बीबीसी से बातचीत में कहा है कि मारे गए पुलिसकर्मियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मुआवज़ा और अलग से 13.75 लाख रुपए बतौर बीमा राशि तीन दिनों के अंदर दे दी जाएगी.

बिहार में इस समय विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं और नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा कर रखी है. पुलिस का मानना है कि इसी बहिष्कार के ऐलान के तहत ये कार्रवाई की गई है.