बिहारः दूसरे चरण में 52 प्रतिशत मतदान

- Author, रूपा झा
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से
बिहार विधानसभा के दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 45 सीटों पर लगभग 52 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया.
मतदान के दौरान छिट-पुट घटनाओं को छोड़कर किसी हिंसा की कोई ख़बर नहीं है.
रविवार को दूसरे चरण में बिहार के छह ज़िलों की 45 सीटों पर मतदान हुआ.
ये ज़िले हैं- दरभंगा(10 सीटें), सीतामढी (आठ सीटें), समस्तीपुर(10 सीटें), मुज़फ़्फ़रपुर(आठ सीटें), पूर्वी चंपारण(आठ सीटें) और शिवहर(एक सीट).
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों सीतामढ़ी और शिवहर में भी मतदाताओं की लंबी क़तारें देखी गईं.
शिवहर और सीतमढ़ी के मतदान प्रतिशत से ये साफ़ है कि इन इलाक़ों में नक्सलियों के चुनाव बहिष्कार की अपील को आम लोगों ने ठुकरा दिया और अच्छी संख्या में बाहर निकलकर सामने आए.
शिवहर ज़िले में ही 22 अक्तूबर को एक नक्सली हमलें में छह पुलिसकर्मी मारे गए थे. इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी पर आशंका ये जताई जा रही थी कि इस घटना से मतदान प्रतिशत घट सकता है.
छिटपुट वारदात

सीतामढ़ी के रुन्नी सैदपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन मतदानकर्मी लापता हो गए थे.
हालाँकि सीतामढ़ी के पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये स्पष्ट नहीं हो पाया कि इन लोगों को अग़वा किया गया या ये स्वयं मतदान कार्य के लिए नहीं आए.
इस सीट पर मतदान निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाया.
ग़ौरतलब है कि शुक्रवार की रात शिवहर ज़िले के श्यामपुर भटहा पुलिसथाना इलाक़े के झिटकहियां गाँव के पुल पर पुलिस की जीप पर हुए हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी.
शिवहर और बेलसंड विधानसभा क्षेत्र के मतदान समय को सात बजे सुबह से शाम के तीन बजे तक का कर दिया गया था. मीनापुर, पारो और साहेबगंज में भी मतदान का यही समय रखा गया था.
सभी मतदान केंद्र की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी केंद्रीय सुरक्षा बलों को सौंपी गई थी. एहतियात के तौर पर नेपाल से लगी सीमाओं को भी सील कर दिया गया है.
मुक़ाबला
इस दौर में कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने सभी सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं.
जद (यू) ने 28, भाजपा ने 17, राजद ने 34, लोजपा ने 11 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं. वामदलों के कुल मिलाकर 28 उम्मीदवार मैदान में हैं.
24 उम्मीदवारों के साथ कांटी सबसे ज़्यादा उम्मीदवारों वाली सीट बन गया है और सबसे कम उम्मीदवारों वाली सीट है आरक्षित सीट रोसड़ा जहाँ से केवल छह उम्मीदवार मैदान में हैं.
इस चरण में कई बड़े नेताओं के भाग्य का फ़ैसला हो रहा है.
उनमें से प्रमुख हैं- राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और बिहार प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीक़ी अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से, जनता दल (यू) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी सरायरंजन विधानसभा सीट से, जद (यू) के मंत्री रामनाथ ठाकुर समस्तीपुर से और शाहिद अली ख़ान सुरसंड से.
































