मैं निर्दोष हूँ: सुरेश कलमाडी

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष और भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के प्रमुख सुरेश कलमाडी ने कहा है कि वे निर्दोष हैं.
राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में हुई कथित धांधली के मामले की छानबीन कर रही सीबीआई ने शुक्रवार को सुरेश कलमाडी के दिल्ली और पुणे स्थित घरों पर छापे मारे.
सीबीआई के दिल्ली स्थित उनके आवास से जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कलमाडी ने कहा कि वे किसी भी जाँच के लिए तैयार हैं.
कलमाडी ने कहा, "मैंने कोई फ़ैसला अकेले नहीं लिया है. हर फ़ैसले में कार्यकारी बोर्ड, फ़ाइनेंस कमेटी और अन्य संबंधित समितियाँ शामिल रही हैं."
सहायता
कलमाडी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सीबीआई ने उनके दिल्ली और पुणे स्थित घरों, मुंबई स्थित उनके भाई के घर, आयोजन समिति के कार्यालय और उनके कई बिजनेस ठिकानों पर छापे मारे हैं.
उन्होंने कहा कि वे जाँच एजेंसियों की हर सहायता के लिए तैयार हैं. सुरेश कलमाडी ने कहा कि उनके पास जो भी दस्तावेज़ थे, वे उन्होंने सीबीआई को सौंप दिए हैं.
सुरेश कलमाडी ने इससे इनकार किया कि कोई दस्तावेज़ ग़ायब है. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि दूसरी एजेंसियाँ दस्तावेज़ ले गई हों.
कलमाडी ने कहा कि उन्होंने सीबीआई प्रमुख को चिट्ठी लिखी है और कहा है कि उन्हें जो भी दस्तावेज़ चाहिए, वे उन्हें ज़रूर देंगे.
सीबीआई की छापेमारी के बारे में उन्होंने कहा कि वे दुखी बिल्कुल नहीं हैं.
सीबीआई की कार्रवाई
दरअसल शुक्रवार तड़के से ही सीबीआई ने सुरेश कलमाडी से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. क़रीब आठ घंटे तक सीबीआई की छापेमारी चली.
सीबीआई कलमाडी के ठिकानों से क्या-क्या ले गई है, इस बारे में कलमाडी ने कुछ भी कहने से इनकार किया. जबकि सीबीआई ने अभी कोई बयान जारी नहीं किया है.
हालाँकि भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि सीबीआई ने छापेमारी में देरी कर दी.
पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "हम देरी से मारे छापों से ख़ुश नहीं हैं लेकिन हम निश्चित तौर पर ये चाहते हैं कि इस मामले में जल्द जाँच हो ताकि प्रधानमंत्री के वादे के अनुसार दोषियों को पकड़ा जा सके."
'निर्दोष' कलमाडी
राष्ट्रमंडल खेलों के बजट के बारे में कलमाडी ने कहा, "आयोजन समिति के पास सिर्फ़ 1500 करोड़ रुपए का बजट था. आयोजन समिति ने राजस्व के माध्यम से 700 करोड़ रुपए लौटा भी दिए हैं."

उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों का कुल बजट 40 हज़ार करोड़ रुपए का था और इसमें कई सरकारी एजेंसियाँ शामिल थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन समिति ने कोई निर्माण कार्य नहीं कराया है.
ये सवाल पूछे जाने पर कि क्या उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है, कलमाडी ने कहा कि वे इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहना चाहते.
कलमाडी ने कहा कि वे शुरू से ही ये कह रहे थे कि राष्ट्रमंडल खेल सफल होंगे और यही हुआ है. हर जगह दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों ख़ासकर उदघाटन समारोह की चर्चा हो रही है.
सीबीआई के छापे के बारे में उन्होंने कहा- सुबह-सुबह मेहमान आए थे और मेरे लिए नाश्ता भी लेकर आए थे.
उन्होंने कहा कि मीडिया मुझे पहले ही दोषी ठहरा रही है, लेकिन जब तक मेरा दोष साबित नहीं होता, मैं निर्दोष हूँ.
































