केंद्रीय मंत्रिमंडल में कई बड़े परिवर्तन

यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्रिमंडल में पहला फ़ेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ मंत्रियों के विभाग बदल दिए हैं और कई मंत्रियों को पदोन्नत किया है.
उन्होंने इस मंत्रिमंडल में तीन नए लोगों को शामिल किया है. इनमें बेनीप्रसाद वर्मा, अश्विनी कुमार और केसी वेणुगोपाल हैं.
जबकि तीन मंत्रियों को पदोन्नत किया गया है.
राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल ने एक संक्षिप्त कार्यक्रम में नए और पदोन्नत हुए मंत्रियों को शपथ दिलाई.
<link type="page"><caption> किन-किन मंत्रियों के विभाग बदले</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/01/110119_cabinet_reshuffle_psa.shtml" platform="highweb"/></link>
सबसे बड़े परिवर्तन के रुप में पेट्रोलियम मंत्री का पद मुरली देवड़ा की जगह अब जयपाल रेड्डी को दिया गया है. जयपाल रेड्डी अब तक शहरी विकास मंत्रालय का काम देख रहे थे.
जबकि खेल और युवा मामलों के मंत्री एमएस गिल को हटाकर उनकी जगह अजय माकन को नियुक्त किया गया है. एमएस गिल अब सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन का काम देखेंगे.
पदोन्नति
तीन मंत्रियों को पदोन्नत किया गया है. इनमें प्रफ़ुल्ल पटेल, श्रीप्रकाश जायसवाल और सलमान ख़ुर्शीद हैं.
ये तीनों ही पहले स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री थे और अब इन्हें कैबिनेट मंत्री बना दिया गया है.
प्रफ़ुल्ल पटेल को कैबिनट मंत्री बनाते हुए उन्हें नागरिक विमानन विभाग की जगह अब भारी उद्योग और सार्वजनिक उपक्रम का विभाग का मंत्री बना दिया गया है.
नागरिक विमानन मंत्रालय का काम अब वायलार रवि देखेंगे.
इसी तरह से सलमान ख़ुर्शीद को पदोन्नत करके कैबिनेट मंत्री बनाया गया है और उन्हें कॉर्पोरेट मामलों की जगह जल संसाधन मंत्रालय का काम दिया गया है. उनके पास अल्पसंख्यक मामलों का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा.
जबकि कॉर्पोरेट मामलों का प्रभार अब पहले पेट्रोलियम मंत्रालय का काम देख रहे मुरली देवड़ा को दिया गया है.
श्रीप्रकाश जायसवाल को भी पदोन्नत करके अब कैबिनेट मंत्री बना दिया गया है लेकिन उनके पास कोयला मंत्रालय का प्रभार यथावत रहेगा.
अजय माकन को पदोन्नत करके राज्यमंत्री की जगह स्वतंत्र प्रभार वाला राज्यमंत्री बना दिया गया है.
जिन तीन नए लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है उनमें से बेनी प्रसाद वर्मा को स्वतंत्र प्रभार वाला राज्यमंत्री बनाया गया है. उन्हें इस्पात मंत्रालय का काम सौंपा गया है.
लेकिन अश्विनी प्रसाद और केसी वेणुगोपाल को राज्यमंत्री बनाया गया है. अश्विनी कुमार योजना, संसदीय कार्य के साथ विज्ञान और तकनीक विभाग का काम देखेंगे.
जबकि केसी वेणुगोपाल को ऊर्जा विभाग का काम दिया गया है.
परिवर्तन
परिवर्तनों की जो नई सूची प्रधानमंत्री कार्यालय ने जारी की है उसके अनुसार कुल 14 कैबिनेट मंत्रियों के विभागों में परिवर्तन किया गया है.
स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्रियों में से एक का प्रभार बदला गया है.
जबकि राज्यमंत्रियों में से 13 के विभाग प्रभावित हुए हैं.
2जी स्पैक्ट्रम घोटाले की वजह से ए राजा को संचार मंत्री के पद से हटाए जाने के बाद मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल को इस मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था लेकिन इस फ़ेरबदल के बाद भी उनके पास यह अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा.
जून से हर दिन 20 किलोमीटर सड़क बनाने का दावा करने वाले कमलनाथ को सड़क परिवहन मंत्रालय से दरकिनार कर दिया गया है और अब उन्हें शहरी विकास मंत्रालय का काम दे दिया गया है.
सड़क परिवहन मंत्रालय का काम अब सीपी जोशी को दे दिया गया है जो पहले ग्रामीण विकास मंत्रालय का काम देख रहे थे.
ग्रामीण विकास मंत्रालय अब विलासराव देशमुख को दे दिया गया है और उन्हें इसके अलावा पंचायती राज का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
































