तिहाड़ जेल भेजे गए राजा

इमेज स्रोत, BBC World Service
पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा को अदालत ने तगड़ा झटका दिया है. अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है.
2-जी स्पैक्ट्रम मामले की जाँच के क्रम में गिरफ़्तार राजा अभी तक केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में हैं.
सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई के दौरान जज ओपी सैनी ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
सीबीआई ने उनकी हिरासत की मांग नहीं की थी.
अनुरोध
अब ए राजा तीन मार्च तक तिहाड़ जेल में बंद रहेंगे.
ए राजा के वकील रमेश गुप्ता ने अदालत से अनुरोध किया था कि उन्हें जेल में अपनी दवाइयाँ और किताबें ले जाने की अनुमति दी जाए और घर से बना खाना भी उन्हें देने दिया जाए.
अदालत ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है. ए राजा को दो फरवरी को गिरफ़्तार किया गया है. उन पर 2-जी स्पैक्ट्रम आबंटन में अनियमितता बरतने का आरोप है.
उन पर आरोप है कि उनके कई फ़ैसलों के कारण देश को राजस्व को भारी नुक़सान हुआ है.
































