शांतिपूर्ण तरीके से चलेगा संसद सत्र: मनमोहन

स्पैक्ट्रम घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह विपक्ष के निशाने पर हैं

इमेज स्रोत, AP

इमेज कैप्शन, स्पैक्ट्रम घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह विपक्ष के निशाने पर हैं

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उम्मीद जताई है कि सोमवार से शुरू हो रहा संसद का बजट सत्र शांतिपूर्ण तरीके से चलेगा.

साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले हर विषय पर चर्चा करने को तैयार है.

लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की ओर से संसद सत्र की पूर्व संध्या पर बुलाई गई परंपरागत सर्वदलीय बैठक के बाद मनमोहन सिंह ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा, ''मुझे पूरी उम्मीद है कि संसद का ये सत्र शांति पूर्ण और उपयोगी होगा. जहां तक सरकार का सवाल है वो विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है.''

जेपीसी को लेकर विपक्ष के साथ गतिरोध को तोड़ने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, ''मैं हमेशा आशावादी रहता हूं.''

बजट सत्र को बहुत बताते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि बजट पेश करने सहित इसमे बहुत सारे विधायी कार्य निपटाने हैं.

दूसरी ओर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और वामपंथी दलों ने अपने तेवरों में नरमी नहीं आने दी है.

भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने आदर्श सोसाइटी घोटाले और एस बैंड घोटाले को भी जेपीसी जाँच में शामिल करने की बात की है जिससे जेपीसी की माँग पर सहमत होती नज़र आ रही केंद्र सरकार एक बार फिर उलझन में पड़ गई है.

ग़ौरतलब है कि 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले को लेकर संसद के पिछले सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध के कारण पूरा शीतकालीन सत्र लगभग बिना कोई कामकाज समाप्त हो गया था.