सादिक़ बाचा ने 'आत्महत्या' की

इमेज स्रोत, BBC World Service
पूर्व केंद्रीय टेलीकॉम मंत्री और 2जी स्पेक्ट्रम आबंटन घोटाले के प्रमुख अभियुक्त ए राजा के कथित सहयोगी सादिक़ बाचा ने 'आत्महत्या' कर ली है.
बाचा के परिवारवालों ने पुलिस को बताया है कि बाचा ने ख़ुद फांसी लगाकर आत्महत्या की है लेकिन पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है.
चेन्नई पुलिस के कमिश्नर टी राजेंद्रन ने पीटीआई को बताया, "सादिक़ बाचा के शव को दोपहर डेढ़ बजे अपोलो अस्पताल लाया गया. परिवार ने हमें बताया है कि बाचा ने ख़ुद फांसी लगाकर आत्महत्या की है. पुलिस अभी अपनी जांच कर रही है. "
सादिक़ बाचा 'ग्रीनहाउस प्रोमोटर्स' नाम की कंपनी के प्रबंध निदेशक थे.
ए राजा की पत्नी ग्रीनहाउस प्रोमोटर्स की निदेशक थीं.
2जी स्पेक्ट्रम मामले में सीबीआई सादिक़ बाचा से पूछताछ कर चुकी है.
महीने के अंत तक चार्जशीट
उधर दिल्ली में सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वे 31 मार्च तक पूर्व केंद्रीय टेलीकॉम मंत्री और दो कंपनियों के ख़िलाफ़ चार्जशीट दाख़िल कर देंगे.
सीबीआई की पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता केके वेणुगोपाल ने अदालत को बताया, "ए राजा और दो कंपनियों के विरुद्ध मुख्य चार्जशीट 31 मार्च तक दायर कर दी जाएगी. ये एक शुरूआत है और आगे कई लोगों और कंपनियों के ख़िलाफ़ चार्जशीट दायर की जाएगी."
बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने जांच एजेंसी से किसी वरिष्ठ अधिवक्ता को बतौर सरकारी वकील नियुक्त करने को कहा है.
































