रामदेव पर कांग्रेस और भाजपा में वाकयुद्ध

- Author, सुशीला सिंह
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
रामलीला मैदान में बाबा रामदेव और उनके समर्थकों पर हुई पुलिस कार्रवाई के ख़िलाफ़ जहां भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है तो वहीं कांग्रेस ने बाबा रामदेव और भाजपा पर निशाना साधा है.
सोमवार को पहले भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी राजग के नेताओं ने पुलिस कार्रवाई के ख़िलाफ़ राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा और इस घटना की जालियाँवाला बाग़ से तुलना की.
भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता रह चुके लालकृष्ण आडवाणी का कहना था कि राजग नेताओं ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा है और संसद का विशेष सत्र जल्द से जल्द बुलाने की मांग की है.
इस ज्ञापन में राजग ने तीन मांग रखी है.
मांग
इसमें शांतिपू्र्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हुई कठोर कार्रवाई करने पर जवाब मांगा गया है और लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक स्वतंत्रता पर हुए हमले के लिए माफ़ी मांगने को कहा गया है.
एक प्रस्ताव लाने की मांग की गई है, जिसमें विदेशों बैंकों में गुप्त रूप में जमा भारतीय धन को राष्ट्रीय संपत्ति घोषित करना शामिल है.
एक क़ानून भी लाने की बात कही गई है, जिसमें एजेंसियों को सशक्त बनाने को कहा गया है ताकि जिन लोगो ने भी राष्ट्रीय संसाधनों की चोरी की है, उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जा सके.
लालकृष्ण आडवाणी का कहना था, "इस विशेष सत्र में हम अपनी बात कहेंगे, सरकार को अपनी बात कहने का मौका मिलेगा और जो भी अपराधी होंगे, वो अपराधी देश के सामने आ जाएंगे और सरकार प्रमाणिक होगी तो अपराधियों को दंडित भी करेगी. "
उनका कहना था कि राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले पर ग़ौर करेंगी और जो भी कार्रवाई की जा सकेगी वो की जाएंगी.
धरना
राजघाट पर भाजपा काला धन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर रविवार से 24 घंटे के धरने पर है.
भाजपा के धरना पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस के नेता जनार्दन द्धिवेदी का कहना था,"ये कैसा अनशन है, जिसमें विपक्ष की नेता अपने साथियों के साथ अनशन में नाच रही है. सारे देश ने देखा. क्या इस बात का जश्न मनाया जा रहा था कि किस तरह से हम अन्ना हज़ारे और एक तथाकथित स्वामी को आगे कर, कैसे राजनीति कर रहे हैं."

इमेज स्रोत, AFP
जनार्दन द्धिवेदी ने बाबा रामदेव को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा, "सत्याग्रही चोरी-चोरी नहीं भागता, महिलाओं के कपड़े पहनकर नहीं भागता है. सत्याग्रही मरने के लिए तैयार रहता है और ऐसे व्यक्ति की गांधी और विवेकानंद से तुलना की जा रही है."
इस बीच दिल्ली से एक सरकारी हवाई जहाज़ से हरिद्वार लाए गए रामदेव अपने आश्रम पतंजलि में आमरण अनशन जारी रखे हुए है
बहरहाल सरकार ने दलील दी कि उसने रामलीला मैदान में पुलिस कार्रवाई बाबा रामदेव की सुरक्षा के ख़तरे को देखते हुए किया, लेकिन इस मुद्दे पर अब विपक्ष के साथ साथ नागरिक समाज भी लामबंद हो गई है.












