बाबा रामदेव बनाएंगे 11 हज़ार की सेना

इमेज स्रोत, AP
हरिद्वार में काले धन के मुद्दे पर अनशन पर बैंठे बाबा रामदेव के तेवर और उग्र होते जा रहे हैं.
बुधवार सुबह हरिद्वार में रामदेव ने ऐलान किया कि वो 11 हज़ार युवाओं की एक सेना बनाएंगे जिन्हें शस्त्र और शास्त्र का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
कांग्रेस ने बाबा के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पूछा है क्या केंद्र के विरुद्ध सशस्त्र विद्रोह की योजना बनाई जा रही है.
दिल्ली के रामलीला मैदान पर हुई पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि वे अब बेगुनाहों पर अत्याचार नहीं होने देंगे.
बाबा रामदेव ने कहा कि इस सेना को हथियारों की ट्रेनिंग भी दी जाएगी और अगर ज़रुरत पड़ी तो सेना की संख्या 11 लाख कर दी जाएगी.
बाबा ने कहा कि इस फ़ौज में युवक और युवतियां दोनों होंगे और ये सभी ज़िलों और धर्मों से आएंगे.
इस सेना के बारे में जानकारी देते हुए बाबा रामदेव ने कहा, "हर क्षेत्र से बीस युवा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ने के लिए आगे आएंगे. ये लोग 35 से 40 साल की उम्र के होंगे. सिर्फ़ पुरूष ही नहीं महिलाओं को भी इसका हिस्सा बनना चाहिए. उन्हें क़ुर्बानी देने के लिए तैयार रहना होगा. उन्हें हथियारों का प्रशिक्षण दिया जाएगा."
उन्होंने कहा कि वे हिंसक क्रांति के हिमायती नहीं हैं और किसी को मारना पीटना या किसी की जान लेना उनका मकसद नहीं है लेकिन अब वे बेगुनाहों पर जुल्म नहीं होने देंगे.
बाबा रामदेव ने धमकी भरे अंदाज़ में कहा, "अगली बार रामलीला में रावणलीला होगी. देखते हैं कौन पिटता है."
पुलिस की कार्रवाई

ग़ौरतलब है कि दिल्ली के रामलीला मैदान पर अनशन पर बैठे बाबा रामदेव और उनके समर्थकों को पुलिस ने जबरन हटा दिया था. पुलिस की कार्रवाई के दौरान आंसू गैस के गोले छोड़े गए थे.
लोगों का आरोप है कि पुलिस बाबा रामदेव के समर्थकों पर लाठियां भी चलाई थीं.
शनिवार रात शुरू हुआ पुलिस का अभियान रविवार सुबह तक जारी और लगभग चार घंटों में रामलीला मैदान को खाली करवा लिया गया था.
इसी पृष्ठभूमि में बाबा रामदेव ने सेना के गठन का ऐलान किया है.
इससे पहले मंगलवार को बाबा रामदेव ने कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री को रामलीला मैदान पर हुई कार्रवाई के लिए माफ़ कर दिया है.
बाबा रामदेव ने मंगलवार को कहा था, " प्रधानमंत्री ने पुलिस की कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था. एक तरह से उन्होंने अपना पाप क़बूल लिया है. इसलिए मैंने उन्हें माफ़ कर दिया है लेकिन भारत ही नहीं बल्कि दुनिया का इतिहास भी उन्हें माफ़ नहीं करेगा. "












