'इतिहास मनमोहन को माफ़ नहीं करेगा'

योग गुरु रामदेव ने कहा है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई घटनाओं के लिए उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को क्षमा कर दिया है लेकिन इतिहास उन्हें इस राजनीतिक पाप के लिए क्षमा नहीं करेगा.
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए रामदेव ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी जिसमें मनमोहन सिंह ने कहा था कि रामलीला मैदान में रामदेव के ख़िलाफ़ हुई कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण थी लेकिन इसका कोई विकल्प नहीं था.
शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रामदेव के योग शिविर में लगभग 50 हज़ार लोग जमा थे और रामदेव ने विदेशों में जमा भारतीयों के काले धन के ख़िलाफ़ आमरण अनशन का आहवान किया था.
शनिवार देर रात पुलिस ने इस शिविर के लिए दी गई अनुमति को रद्द कर दिया और आँसू गैस के गोले बरसाकर रामदेव और उनके समर्थकों को तितर-बितर कर दिया जिसकी राजनीतिक, सामाजिक हलकों में कड़ी आलोचना हो रही है.
रामदेव ने कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूँ कि व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री ईमानदार हैं लेकिन उनकी राजनीतिक ईमानदारी के बारे में अनेक लोगों के मन में अब प्रश्न उठ रहे हैं. प्रधानमंत्री ने उन घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. एक तरह से उन्होंने अपना पाप स्वीकार कर लिया है, इसलिए मैने उन्हें क्षमा कर दिया है."
लेकिन इसके बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर तीखे प्रहार करते हुए रामदेव ने कहा, "मैने व्यक्तिगत तौर पर उन्हें माफ़ कर दिया है लेकिन केवल भारत का इतिहास ही नहीं, विश्व का इतिहास भी उनके द्वारा किए गए राजनीतिक पाप को माफ़ नहीं करेगा. इससे लोकतंत्र कलंकित हुआ है."
सोमवार को कांग्रेस पार्टी और केंद्र सरकार के मंत्री कपिल सिब्बल ने रामदेव पर जमकर हमले किए थे.
कांग्रेस के प्रवक्ता जनार्धन द्विवेदी ने कहा था, "सत्याग्रही छिपकर महिला के भेस में भाग नहीं जाता है, वो तो अपने जीवन का बलिदान तक देने के लिए तैयार रहता है."












