रंजन मथाई भारत के नए विदेश सचिव

रंजन मथाई

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, रंजन मथाई निरुपमा राव का स्थान लेंगे

इस समय फ्रांस में भारत के राजदूत के रुप में कार्य कर रहे रंजन मथाई को भारत का अगला विदेश सचिव नियुक्त किया गया है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने इसकी घोषणा की.

साल 1974 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी रंजन मथाई अपना कार्यभार पहली अगस्त, 2011 से संभालेंगे. उनका कार्यकाल दो साल का होगा.

अंग्रेज़ी अख़बार 'द हिंदू' से एक बातचीत में नवनियुक्त विदेश सचिव ने कहा कि इस ज़िम्मेदारी के लायक़ समझे जाने पर वो 'गौरवान्वित' महसूस करते हैं, लेकिन वे जानते हैं कि ये एक चुनौतीपूर्ण काम होगा.

' द हिंदू' का कहना है कि मथाई मानते हैं कि भारत की ग़रीबी, अशिक्षा, कृषि में पिछड़ापन और भ्रष्टाचार उसके अभिशाप हैं.

लेकिन उनका कहना है कि भारत प्रजातंत्र की मज़बूती, अनेकता में एकता और पारंपरागत सहिष्णुता के भाव की मज़बूती के बल पर भविष्य में एक राजनीतिक मॉडल के रूप में उभरेगा.

मथाई ने पुणे के फ़र्गुसन कालेज से शिक्षा प्राप्त की है और उनके पिता स्थानीय राष्ट्रीय सुरक्षा अकादमी में शिक्षक थे.

राजनीति शास्त्र में एमए करने के बाद वर्ष 1974 में उन्होंने भारतीय विदेश सेवा में काम शुरु किया था.