मुंबई धमाकों में 17 की मौत, 131 घायल

इमेज स्रोत, AP
मुंबई में दादर कबूतरख़ाना, ओपेरा हाउस और ज़वेरी बाज़ार में हुए धमाकों में 17 लोगों की मौत हो गई है और 131 घायल हैं. केंद्रीय गृह मंत्री ने मुंबई पहुंचकर धमाके वाली जगहों का दौरा किया है.
<link type="page"><caption> कहाँ-कहाँ हुए धमाके</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/07/110713_mumbaiblasts_map_pp.shtml" platform="highweb"/></link>
मृतकों और घायलों की संख्या की जानकारी भारत सरकार के प्रेस इंफ़ोर्मेशन ब्यूरो यानि पत्र सूचना कार्यालय ने अपनी वेबसाइट के ज़रिए जारी की है.
पीआईबी ने मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में मरने वालों और घायलों की सूची जारी की है.
<link type="page"><caption> मुंबई धमाके: लाइव टेक्स्ट</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/07/110713_mumbai_livetext_pp.shtml" platform="highweb"/></link>
इस सूची के अनुसार सेफ़ी अस्पताल में पांच मृत और 34 घायल हैं, जेजे अस्पताल एक मृत 18 घायल हैं, बॉम्बे अस्पताल एक मरा, 12 घायल है, भाटिया अस्पताल में सात घायल, केईएम अस्पताल में सात घायल, नायर अस्पताल दो घायल, हरकिशन दास अस्पताल में पांच मरे, 40 घायल, जीटी अस्पताल में चार मरे, 14 घायल, सेंट जॉर्ज अस्पताल में एक मरा, पांच घायल और सुरशा अस्पताल दो घायल व्यक्ति भर्ती हैं.
इसके अलावा अन्य अस्पतालों में चार मौतें हुई हैं.
इस तरह अबतक इन धमाकों में 17 लोग मारे गए हैं और 131 घायल हुए हैं.
चिदंबरम ने घटनास्थल का दौरा किया
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि गृह मंत्री पी चिदंबरम ने मुंबई पहुंच कर दादर के कबूतर ख़ान और ओपेरा हाउस का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया है और इस समय तीसरे धमाके के स्थान झवेरी बाज़ार का दौरा कर रहे हैं.
गृह मंत्रालय के अनुसार सभी घायलों को धमाके के एक घंटे के भीतर मुंबई के 11 अस्पतालों में भर्ती करवाया जा चुका था. इनमें से कुछ को शुरूआती इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है.
गंभीर रूप से घायल लोगों को बड़े अस्पतालों में भर्ती करवाया जा रहा है.
मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की एक छह सदस्यीय विस्फोट अन्वेशण टीम भी मुंबई रवाना की गई है.
इसके पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने इसकी पुष्टि की थी कि 100 से ज़्यादा लोग घायल हैं.
<link type="page"><caption> मुंबई धमाके: लाइव टेक्स्ट</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/07/110713_mumbai_livetext_pp.shtml" platform="highweb"/></link>
एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने बताया कि धमाके काफ़ी शक्तिशाली थे. गृह मंत्री पी चिदंबरम ने भी मीडिया को संबोधित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.
<link type="page"><caption> मुंबई धमाकों की तस्वीरें</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2011/07/110713_mum_picgallery_pa.shtml" platform="highweb"/></link>
उन्होंने कहा, "सभी धमाके 6.45 बजे एक मिनट के अंतराल पर हुए. ये धमाके सुनियोजित थे. राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवान घटनास्थल पर पहुँच गए हैं. राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) भी मुंबई पुलिस के साथ मिलकर धमाकों की जाँच कर रही है."
<link type="page"><caption> मुंबई धमाके- आँखों-देखी</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/07/110713_mumbai_blasts_pp.shtml" platform="highweb"/></link>
घायलों को शहर के 11 अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है. मुंबई पुलिस आयुक्त अरुप पटनायक ने बताया है कि झवेरी बाज़ार और ओपेरा हाउस के निकट हुए धमाकों में अत्याधुनिक विस्फोटकों को छाते के अंदर छिपा कर रखा गया था.
<link type="page"><caption> भारत की कुछ प्रमुख चरमपंथी घटनाएँ</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2010/02/100214_india_timeline_as.shtml" platform="highweb"/></link>
अन्य जगह हुए धमाके में काफ़ी उच्च दर्जे के विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया है. पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई है. उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है. इन धमाकों के बाद मुंबई में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.
प्रतिक्रिया
<link type="page"><caption> अमरीका-पाकिस्तान की प्रतिक्रिया</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/07/110713_mumbai_pakreact_as.shtml" platform="highweb"/></link>
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने मुंबई धमाकों में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी मुंबई हमलों की निंदा की है.
उन्होंने कहा कि ये हमले देश को अस्थिर करने के मकसद से किए गए हैं.
<link type="page"><caption> हमलों की चौतरफ़ा निंदा</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/07/110713_mumbai_reax_psa.shtml" platform="highweb"/></link>
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी मुंबई हमलों की निंदा की है और मुंबई के लोगों से शांति की अपील की है.
उन्होंने गृह मंत्री पी चिदंबरम से कहा है कि वो उन्हें घटना के बारे में जानकारी देते रहें.
प्रधानमंत्री ने ख़ुद घटनाओं पर नज़र रखी हुई है. उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण से बातचीत भी की है. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी मुंबई धमाकों की आलोचना की है.
ओबामा ने की निंदा
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मुंबई हमलों की कड़ी आलोचना की है और अमरीका की मदद की पेशकश की है. व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जे कार्ने ने राष्ट्रपति ओबामा का बयान पढ़कर सुनाया.
ओबामा ने कहा है कि अमरीका मुंबई हमलों के दोषियों को पकड़ने में भारत की मदद करने को तैयार है.
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान ने मुंबई में हुए धमाकों की निंदा की है.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है.
इस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी ने इन धमाकों की निंदा की है.
इन दोनों नेताओं ने कहा है कि सरकार और पाकिस्तान की जनता धमाके में मारे गए लोगों और घायलों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती है.
कब-कब दहली मुंबई
26 नवंबर 2008 में मुंबई के कई इलाकों में हथियारबंद लोगों ने हमले किए जिनमें 164 से ज़्यादा लोगों का मौत हो गई और 300 से ज़्यादा लोग घायल हुए.
इन हमलों में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, ओबेरॉय ट्राइडेंट, ताज महल पैलेस होटल, लियोपोल्ड कैफे, कामा अस्पताल और नरीमन हाउस इलाक़े शामिल हैं.
इसके अलावा 11 जुलाई 2006 को मुंबई की सात लोकल ट्रेनों में सात धमाके हुए इनमें 181 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई.
25 अगस्त 2003 को गेटवे ऑफ इंडिया और झावेरी बाज़ार इलाके में धमाके हुए इनमें 50 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई.
12 मार्च 1993 को मुंबई में कई जगहों पर हुए धमाकों में 257 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई थी.
इन जगहों पर हुए धमाके

इमेज स्रोत, BBC World Service
































