जनता के दबाव में अन्ना की रिहाई का फ़ैसला

इमेज स्रोत, AFP
अन्ना हज़ारे को गिरफ़्तार करके न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजने के कुछ ही घंटों बाद देश भर में जनता के व्यापक दबाव में दिल्ली पुलिस को उन्हें रिहा करने का फ़ैसला करना पड़ा है.
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि उनकी ओर से तिहाड़ जेल प्रशासन को अन्ना हज़ारे की रिहाई के आदेश भेज दिए गए हैं.
दूसरी और तिहाड़ जेल के महानिदेशक नीरज कुमार ने बीबीसी से कहा है कि उन्हें रिहाई के आदेश मिल गए हैं. रिहाई के लिए कोई शर्त नहीं रखी गई है और अन्ना हज़ारे के साथ अरविंद केजरीवाल और सात अन्य लोगों को रिहा किया जा रहा है.
कुछ समय पश्चात अन्ना हज़ारे और उनके सहयोगियों को रिहा किया जा सकता है.
अभी ये पता नहीं चला है कि इसके बाद अन्ना हज़ारे की रणनीति क्या होगी.
हालांकि अभी तक वे कहते रहे हैं कि वे जनलोकपाल विधेयक पारित होने तक अनशन जारी रखेंगे.
अन्ना हज़ारे सरकारी लोकपाल का विरोध कर रहे हैं और कहते रहे हैं कि जनलोकपाल विधेयक या एक सख़्त लोकपाल विधेयक ही भ्रष्टाचार को दूर कर सकता है.
गिरफ़्तारी और विरोध

इमेज स्रोत, BBC World Service
दिल्ली पुलिस की अनुमति के बिना आमरण अनशन के लिए जा रहे अन्ना हज़ारे को अरविंद केजरीवाल और कुछ अन्य सहयोगियों के साथ मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे उनके निवास से गिरफ़्तार कर लिया गया था.
निजी मुचलका देने से इनकार करने के बाद शाम को अन्ना हज़ारे और उनके साथियों को एक विशेष अदालत ने सात दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
अन्ना की गिरफ़्तारी के बाद भारत के विभिन्न राज्यों के बहुत से शहरों में हज़ारों लोगों ने व्यापक प्रदर्शन किए थे.
दिन में दिल्ली, मुंबई, जम्मू, पटना और जयपुर से लेकर हैदराबाद और चेन्नई तक सभी छोड़े बड़े शहरों में लोग सड़कों पर उतरे और जनलोकपाल का समर्थन करते हुए अन्ना हज़ारे की गिरफ़्तारी का विरोध किया था.
शाम को दिल्ली के इंडिया गेट और छत्रसाल स्टेडियम में सैकड़ों लोगों ने इकट्ठा होकर मोमबत्तियाँ जलाकर विरोध प्रदर्शन किया.
दिल्ली की एक विशेष अदालत में आगे आंदोलन न करने और अपने समर्थकों को आंदोलन करने के लिए न कहने जैसी शर्तों वाले निजी मुचलका न देने के बाद अदालत ने अन्ना हज़ारे और उनके सहयोगियों को सात दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था.
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत के अनुसार शाम को अदालत ने अदालत ने अपने आदेश में परिवर्तन करके उनकी रिहाई के आदेश जारी किए हैं.
समझा जाता है कि दिल्ली पुलिस की ओर से इसके लिए आवेदन किया गया था.
अभी तय नहीं है कि अन्ना हज़ारे रिहाई के बाद क्या करेंगे.
लेकिन सोमवार की शाम एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा था, "अनशन जारी रहेगा वो गिरफ़्तार करेंगे तो जेल में अनशन करेंगे और रिहा करेंगे तो जहाँ रिहाई होगी वहीं अनशन जारी रहेगा."
मतभेद

इमेज स्रोत, AFP
अन्ना हज़ारे और उनकी टीम जंतर मंतर में अनशन के लिए अनुमति देने के लिए आवेदन किया था. लेकिन दिल्ली पुलिस ने इससे इनकार कर दिया था.
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कई और स्थानों का सुझाव दिया जो अन्ना की टीम को मंज़ूर नहीं था और वे चाहते कि केंद्रीय दिल्ली में अनशन के लिए स्थान दिया जाए.
आख़िर दोनों पक्षों के बीच दिल्ली के जयप्रकाश नारायण पार्क पर सहमति बनी लेकिन अन्ना की टीम दिल्ली पुलिस की 22 शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं थी.
उनका कहना था कि वे सिर्फ़ तीन दिन में अनशन ख़त्म करने और अन्ना समर्थकों की संख्या पाँच हज़ार तक सीमित रखने जैसी छह शर्तों को स्वीकार नहीं कर सकते.
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने जयप्रकाश नारायण पार्क के आसपास धारा 144 लागू कर दिया था.
इसी आधार पर सुबह दिल्ली पुलिस ने अन्ना हज़ारे और अरविंद केजरीवाल जैसे उनके सहयोगियों को गिरफ़्तार कर लिया था.
किरण बेदी और शांति भूषण को लगभग 1400 प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में ले लिया गया था.
































