कुडनकुलम पहुंचे नारायण स्वामी

इमेज स्रोत, AFP
पिछले दस दिन से कुडनकुलम में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा संयंत्र के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों को समझाने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री वी नारायणस्वामी मंगलवार को वहां पहुंचे.
वहां संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''परमाणु संयंत्र में सुरक्षा के लिए किए गए सभी उपाय सही तरीक़े से काम कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि प्लांट को लेकर लोगों के मन में जो डर पैदा हुआ है उसे ख़त्म कर दिया जाएगा.''
प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने परियोजना के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात करने के लिए ही नारायण स्वामी को कुडनकुलम भेजा है.
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने प्रधानमंत्री को सोमवार को चिट्ठी लिखी थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि केंद्र सरकार परमाणु संयंत्र को लेकर लोगों के मन में जो आशंका पैदा हुई है उसे दूर करने से की ज़िम्मेदारी से बच रही है.
जयललिता ने प्रधानमंत्री को लिखा था कि जब तक मामला सुलझ नहीं जाता तब तक परियोजना पर काम रोक दिया जाना चाहिए.
इस चिट्ठी को पढ़ने के बाद प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री जयललिता से सोमवार को बात की और समस्या के हल के लिए उनसे सलाह मांगी और फिर नारायण स्वामी को स्थानीय लोगों के मन में पैदा हुई आशंका दूर करने के लिए भेजा गया है.
कुडनकुलम में प्रस्तावित परमाणु संयंत्र के ख़िलाफ़ प्रदर्शन पिछले महीने उस समय तेज़ हो गए जब अधिकारियों ने घोषणा की कि एक हज़ार मेगावॉट की क्षमता वाला पहला रिएक्टर दिसंबर से काम करने लगेगा.




























