नरेंद्र मोदी ने फिर किया उपवास

इमेज स्रोत, Reuters
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सदभावना मिशन के दूसरे चरण के तहत एक दिन का उपवास रखने का सिलसिला प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भगवान श्रीकृष्ण की नगरी द्वारका से शुरू किया.
मोदी रविवार सुबह द्वारका पहुंचे और द्वारकाधीश मंदिर में पूजन के बाद अपना उपवास शुरू किया.
मुख्यमंत्री के उपवास के जवाब में जामनगर से कांग्रेस सांसद विक्रम मदाम ने पार्टी विधायकों के साथ मोदी के उपवास स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर एक दिन का व्रत रखा.
इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वो उपवास करके कुछ हासिल नहीं करना चाहते बल्कि उन लोगों की पोल खोलना चाहते हैं जो गुजरात को बदनाम करने का कोई मौका नहीं गंवाते.
सदभावना मिशन
मोदी ने द्वारका से उपवासों की उस श्रृंखला की शुरूआत कर दी है जिसकी घोषणा उन्होंने अहमदाबाद में अपने तीन दिवसीय सदभावना मिशन के दौरान की थी.
उन्होंने कहा था कि वह गुजरात के हरेक जिले में एक एक दिन का उपवास करके बंधुत्व एवं सहिष्णुता का संदेश फैलाने की कोशिश करेंगे.
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनका उपवास किसी के ख़िलाफ़ नहीं है. उन्होंने कहा कि ये सारा प्रयास सभी को जोड़ने के लिए है, प्रेम का माहौल आगे बढ़ाने के लिए है.
नरेंद्र मोदी के अनशन के जवाब में अनशन पर बैठे गुजरात में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शंकरसिंह वाघेला ने मोदी के उपवास को 60 करोड़ का तमाशा बताया था .
































