मौन व्रत तोड़कर अन्ना बोले, नई शक्ति मिली

इमेज स्रोत, AP
जनलोकपाल को लेकर आंदोलन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हज़ारे ने अपना मौन व्रत तोड़ लिया है.
लोकपाल विधेयक पर संसद की स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेने दिल्ली पहुँचे अन्ना हज़ारे शुक्रवार की सुबह अचानक महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पहुँच गए.
वहाँ कुछ देर प्रार्थना के बाद भारत माता की जय के नारे के साथ उन्होंने अपना मौन व्रत तोड़ा. अन्ना हज़ारे पिछले 19 दिनों से मौन व्रत पर थे.
बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे अगस्त में 12 दिन लगातार अनशन के कारण कमज़ोर हो गए थे और बड़ी संख्या में लोग उनसे प्रतिदिन मिलने आ रहे थे, इस कारण उन्हें मौन के सिवा कोई रास्ता नहीं दिखा.
तैयारी
अन्ना ने कहा, "ऐसी परिस्थितियों में महात्मा गांधी जी मौन व्रत की बात करते थे. मुझे भी मौन व्रत के लिए गांधी जी ने ही रास्ता दिखाया. अब मेरी तबीयत ठीक है. मुझे नई शक्ति मिली है."
अन्ना हज़ारे ने कहा कि अब वे जनलोकपाल और भ्रष्टाचार के ख़ात्मे के लिए आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने कहा कि वे राज्यों में लोकायुक्त की भी मांग करेंगे.
अन्ना ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे अब संघर्ष के लिए तैयार हैं.
टीम अन्ना के कुछ सदस्यों पर लगे आरोपों के बारे में उन्होंने कहा कि वे बाद में इस बारे में मीडिया से बात करेंगे.
































