येदयुरप्पा समर्थक मंत्रियों ने दी इस्तीफ़े की धमकी

इमेज स्रोत, AP
शनिवार को कर्नाटक में पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदयुरप्पा के समर्थक सात मंत्रियों और छह विधायकों ने त्यागपत्र देने की धमकी दी है. इन सभी ने अपने इस्तीफे येदयुरप्पा के पास भेज दिए हैं.
येदयुरप्पा समर्थक राज्य की भाजपा सरकार के नेतृत्व में परिवर्तन की मांग करते रहे हैं और उनके ताजा कदम से कर्नाटक भाजपा एक बार फिर सकंट के दौर में प्रवेश कर चुकी है.
इन विधायकों का आरोप है कि मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा के कुछ मंत्री पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं इसलिए ये लोग मंत्री परिषद छोड़ना चाहते हैं.
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने येदयुरप्पा के खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं.
उनके खिलाफ भाई भतीजावाद को बढ़ावा देने, गैर कानूनी भूमि अधिग्रहण और वित्तीय फायदे के लिए बड़ी खनन कंपनियों की तरफदारी करने के मामले में जांच होगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार बीएस येदयुरप्पा को त्यागपत्र थमाने वाले मंत्री हैं – शोभा करांडलजे, बासवाराज बोम्मई, उमेश कट्टी, सीएम उदासी, वी सोमन्ना, एमपी रेणुकाचार्य और मुरुगेश निरानी.
मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नज़र
पीटीआई के अनुसार कम से कम छह विधायकों ने भी अपने त्यागपत्र येदयुरप्पा को सौंपे हैं.
ऐसे भी ख़बरें आ रही हैं कि राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के नेता भी येदयुरप्पा को मनाने में सफल नहीं हुए हैं.
इससे पहले कर्नाटक के कई भाजपा विधायक और कुछ मंत्री सदानंद गौड़ा को पत्र लिखकर पार्टी की आपातकालीन बैठक बुलाने के लिए कह चुके हैं. मुख्यमंत्री ने विधायकों की ये मांग खारिज कर दी थी.
24 मार्च को मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केएस इस्वरप्पा ने येदयुरप्पा समर्थक मंत्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए एक पत्र पार्टी को भेजा था.
इस साल फरवरी में कर्नाटक हाई कोर्ट ने येदयुरप्पा के ख़िलाफ़ अवैध खनन का मुकदमा रद्द कर दिया था. तब से ही वे राज्य का मुख्यमंत्री पद दोबारा पाने की फिराक में हैं.
































