अब रोमिंग मुफ्त, नंबर वही: सिब्बल

सिब्ब्ल

इमेज स्रोत, AFP

इमेज कैप्शन, सिब्ब्ल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है--एक देश एक नंबर.

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने नई टेलीकॉम पॉलिसी जारी की है जिसमें पूरे देश में एक ही नंबर रख पाने और मुफ्त रोमिंग का प्रस्ताव दिया गया है.

कपिल सिब्बल ने हालांकि कहा है कि यह कब संभव हो पाएगा इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन यह नई नीति का लक्ष्य होगा.

दिल्ली में साल 2012 की टेलीकॉम पालिसी जारी करते हुए सिब्ब्ल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य होगा--एक देश एक नंबर.

अभी उपभोक्ताओं को अपने सर्कल के बाहर रहते हुए कॉल लेने और करने पर 'रोमिंग चार्ज' देने पड़ते हैं. साथ ही अपने सर्कल के बाहर उपभोक्ता वही नंबर नहीं रख सकता और उसे नया नंबर लेना होता है या फिर रोमिंग का खर्च उठाना पड़ता है.

सिब्बल ने बताया कि नई नीति में मुख्य तौर पर चार-पांच बदलाव किए गए हैं.

बदलाव

इनमें से प्रमुख है कि संचार को उपभोक्ताओं के लिए वहन करने योग्य बनाना. पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, ''नीति में बदलाव करके इसकी जगह पर यह कहा गया है कि इसे वहन करने योग्य और असरदार बनाना केंद्रीय दूरसंचार नीति 2012 का केंद्रीय भाग है.''

उन्होंने कहा कि पिछली नीति के 'प्रिएंबल' यानी भूमिका को भी इसी तरह से बदला गया है.

सिब्बल ने बताया कि एक अन्य बदलाव में यह फैसला किया गया है कि भारतीय दूरसंचार नियामक संस्था यानी ट्राई नीतियां नहीं बनाएगी.

उन्होंने कहा, ''ट्राई नीति नही बनाएगी. यह अधिकार सरकार के पास रहेगा. इसके अलावा नीति में विशेष संशोधन करने के लिए मंत्रीमंडल के पास जाना होगा.''

सिब्बल ने कहा कि धन कमाना सरकार के लिए जरूरी है लेकिन नीति का केंद्र होगा कि संचार को सस्ता और वहन करने योग्य बनाना.