रामदेव अपने कालेधन का ब्यौरा दें: दिग्विजय सिंह

शरद पवार के साथ रामदेव

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, रामदेव इन दिनों विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मिल रहे हैं

कांग्रेस महासचिव एक बार फिर योगगुरु बाबा रामदेव के खिलाफ बोले.

इस बार उन्होंने कहा है कि विदेशों में जमा काला धन वापस लाने का अभियान चलाने से पहले रामदेव को ये घोषणा करनी चाहिए कि उनके पास कितना कालाधन है.

दिग्विजय सिंह का ये बयान ऐसे समय में आया है जब यूपीए सरकार में कांग्रेस के दो घटक दल एनसीपी और आरएलडी के नेता शरद पवार और अजित सिंह रामदेव के अभियान के समर्थन में बयान जारी कर चुके हैं.

इसके बाद कांग्रेस के प्रवक्ता राशिद अल्वी ने भी रामदेव के प्रति रवैया भी नरम नज़र आया जब उन्होंने कहा कि रामदेव यदि राजनीतिक नेताओं से मिल रहे हैं तो इसमें कोई हर्ज नहीं है.

उन्होंने तो यहाँ तक कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि सोनिया गांधी भी रामदेव को समय देने पर विचार करेंगीं.

चुनौती

रामदेव पर पहले भी तीखे प्रहार कर चुके दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को एक बार फिर निशाना साधा.

दिल्ली में पत्रकारों से हुई बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा, "इससे पहले मैंने रामदेव और अन्ना हज़ारे के बारे में जो कुछ भी कहा है वह सच साबित हुआ है. अब रामदेव को प्रवर्तन निदेशालय से टैक्स चोरी के मामले में नोटिस दिया गया है. वे खुद कटघरे में हैं और कालेधन को वापस लाने की बात करते रहते हैं. पहले उन्हें ये बताना चाहिए कि उनके पास कितना कालाधन है."

भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के रामदेव के पैर छूने से जुड़े सवाल पर कांग्रेस महासचिव ने कहा, "टैक्स चोरी के नोटिस का सामना कर रहे रामदेव के चरणों पर गडकरी को देखकर मुझे खुशी हुई."

रामदेव और अन्ना हजारे पर दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर व्यापक प्रतिक्रियाएँ होती रही हैं.

इन दोनों के समर्थकों ने दिग्विजय की टिप्पणियों पर पहले खूब पलटवार किए हैं.