You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
नोटबंदी: वेनेजुएला भी चला मोदी की राह
वेनेजुएला की सरकार ने 72 घंटों के भीतर देश के सबसे ऊंचे मूल्य के बैंक नोट को सिक्कों से बदलने की घोषणा की है.
भारत में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने 8 नवंबर को 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करने का ऐलान कर सबको चौंका दिया था.
सरकार को इस फैसले से लंबे समय से चली आ रही खाद्य और दूसरी बुनियादी चीजों की कमी और तस्करी की समस्या से निपटने में मदद मिलने की उम्मीद है.
राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि नोटबंदी से सरहदी इलाकों में तस्कर गिरोहों को पैसा ठिकाने लगाने की मोहलत नहीं मिलेगी.
वेनेजुएला में 100 बोलिवर के बैंक नोट के मूल्य में पिछले कुछ सालों में बड़ी गिरावट देखी गई है और अब इसकी कीमत दो अमरीकी सेंट के बराबर रह गई है.
गंभीर आर्थिक और राजनीतिक संकट का सामना कर रहे वेनेजुएला में महंगाई का आलम कुछ ऐसा है कि यहां महंगाई दर दुनिया में सबसे अधिक है.
राष्ट्रपति निकोलस ने टेलीविजन पर फैसले के बाद कहा, "मैंने हवाई, समंदर और सड़क के सभी रास्तों को बंद करने का हुक्म दिया है ताकि धोखाधड़ी से इकट्ठा किया गया पैसा विदेशों में ही फंसा रह जाए."
इस महीने की शुरुआत में वेनेजुएला के सेंट्रल बैंक ने 15 दिसंबर से 500 और 20,000 बोलिवर के नए नोट जारी करने की घोषणा की थी.
सरकार ने पिछली बार 2015 के दिसंबर में महंगाई दर के आंकड़े जारी किए थे जिनके मुताबिक वेनेजुएला में महंगाई दर 180 फीसदी है.
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के मुताबिक वेनेजुएला में अगले साल 2000 फीसदी की दर से कीमतें बढ़ सकती हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)