You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
जॉर्डन: इसराइली दूतावास पर हमला, एक की मौत
रविवार को जॉर्डन की राजधानी अम्मान में इसराइली दूतावास पर हमले की ख़बर है.
स्थानीय सुरक्षा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि हमले में जॉर्डन का एक नागरिक मारा गया है जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसमें एक इसराइली नागरिक है.
अम्मान के पॉश इलाके में स्थित इस दूतावास को पुलिस ने सील कर दिया है.
हालांकि अभी तक ये साफ़ नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे कौन है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि इस हमले का संबंध हाल ही में यरूशलम ओल्ड सिटी में इसराइल की ओर से लागू किए गए सुरक्षा के नियमों से हो सकता है.
एक स्थानीय निवासी ज़ाकिरा अशोर ने बताया, "हम लोग इसी इलाक़े में रहते हैं. मैं और मेरे दोस्त दूतावास के गेट के पास स्थित एक सुपर मार्केट में थे. उसी समय हमने एम्बुलेंस की आवाज सुनी. जब हम गेट पर पहुंचे तो देखा कि दूतावास का बैरियर बंद था और वहां जॉर्डन के सुरक्षा बल के जवान घायल थे. हमें बताया गया कि फर्नीचर ले जाने के लिए एक आदमी पिकअप ट्रक से आया था. उसके पास हथियार था. मौके का फायदा उठाते हुए उसने फ़ायर किए और सुरक्षा नाका को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की."
गौरतलब है कि यरूशलम में मुस्लिमों के पवित्र धार्मिक स्थल अल अक्सा मस्जिद परिसर में नए सुरक्षा नियम लागू किए जाने के विरोध में शुक्रवार को अम्मान की सड़कों पर हज़ारों लोगों ने प्रदर्शन किया.
पवित्र स्थल के पास दो इसराइली सुरक्षा जवानों की हत्या के बाद इसराइल ने यहां मेटल डिटेक्टर लगाने और सुरक्षा नियमों में कुछ बदलाव लाने का निर्णय लिया था, जिसके बाद फ़लस्तीनियों और इसराइली सुरक्षा बलों के बीच कई झड़पें हुईं.
फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने इसराइल से सारे आधिकारिक संबंध तोड़ लेने की पिछले दिनों घोषणा की थी.
इस बीच इसराइल ने पवित्र धर्म स्थल के पास सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)