कोरोना: गांजे से क्या सचमुच संक्रमण का इलाज हो सकता है?-रियलिटी चेक
इमेज स्रोत, State media @Russia
इमेज कैप्शन, बैज पहने रूसी सांसद....में
Author, जैक गुडमैन और फ़्लोरा कार्माइकल
पदनाम, बीबीसी रियलिटी चेक टीम
कोरोना वायरस महामारी के बारे में बहुत सारी फ़र्जी और गुमराह करने वाली जानकारियों से सोशल मीडिया भरा पड़ा है. बीबीसी ने उन दावों की पड़ताल की जो पिछले हफ़्ते सोशल मीडिया पर सबसे ज़्यादा शेयर किए गए.
फ़र्जी ‘वायरस ब्लॉकर’ बैज
दुनिया भर में कुछ बैज बेचे जा रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि ये कोरोना वायरस संक्रमण से सुरक्षा देंगे. इन्हें ‘वायरस ब्लॉकर’ बैज कहा जा रहा है.
रूस के बाज़ारों में ऐसे बैज धड़ल्ले से बिकते देखे गए हैं. इनमें से कुछ पर सफ़ेद क्रॉस के निशान बने हुए हैं. इनकी ये कहकर मार्केटिंग की गई कि ये कोरोना वायरस को रोक देंगे. यहां तक कि हाल ही में डूमा प्रांत में हुई एक बैठक में कुछ रूसी सांसद भी ये बैज पहने देखे गए.
अमरीका के फ़ेडरल ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) ने चेताया है कि ऐसे बैज से एक तरह का ब्लीचिंग पदार्थ (क्लोरीन डाइऑक्साइड) निकलता है जो हानिकारक होता है. एफ़डीए ने बैज की वजह कोविड-19 से सुरक्षा के दावों को भी ‘फ़र्जी’ बताया है.
बीबीसी ने रूसी सांसद आंद्रेई स्विंस्तोव से पूछा कि उन्होंने ये ‘वायरस ब्लॉकर’ बैज क्यों पहना है. स्विंस्तोव ने जवाब में कहा कि उन्हें ये नहीं मालूम कि ये बैज वाक़ई असर करता है या नहीं लेकिन ये भी सच है कि वो अब तक बीमार नहीं पड़े हैं. उन्होंने कहा, “मैं अदरक चबाता हूं. मैं विटामिन सी लेता हूं. इंटरनेट पर जो भी बकवास सलाहें मिलती हैं, मैं वो सब करता. क्या पता, इनसे वाक़ई कुछ सुरक्षा मिलती हो.”
हाल में रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव को भी ऐसा ही बैज पहने देखा गया था. पिछले हफ़्ते उन्होंने स्वीकार किया था कि वो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और अस्पताल में हैं.
नॉटिंगघम यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफ़ेसर और बायोकेमिस्ट डॉक्टर वेन कार्टर कहते हैं कि ऐसे बैज कोरोना वायरस से कोई सुरक्षा नहीं दे सकते क्योंकि ये मुख्य रूप से “छींक और खांसी के ज़रिए निकलने वाली थूक के कणों से फैलता है.”
इमेज स्रोत, Getty
इमेज कैप्शन, गांजे से कोरोना के इलाज के दावे
गांजे से कोरोना का इलाज?
हज़ारों लोगों ने सोशल मीडिया पर ऐसे लेख शेयर किए हैं जिनमें दावा किया गया है कि गांजे से कोविड-19 संक्रमण का इलाज हो सकता है. इनमें से कई लेखों के शीर्षक भ्रामक और गुमराह करने वाले हैं.
ये सच है कि कनाडा, इसराइल और ब्रिटेन समेत कई देशों में ये पता लगाने के लिए ट्रायल चल रहा है कि क्या गांजा कोरोना वायरस संक्रमण के इलाज में फ़ायदेमंद हो सकता है.
औषधीय गांजे से संक्रमण की अवधि कम करने में मदद मिली है और हो सकता है कि इसे ‘साइटोकाइन स्टॉर्म’ के इलाज में भी मदद मिले. ‘साइटोकाइन स्टॉर्म’ कोविड-19 के गंभीर मरीज़ों में देखने को मिलता है.
लेकिन ये सभी ट्रायल अभी शुरुआती स्टेज में हैं इसलिए अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी. अभी ये कहना जल्दबाज़ी होगा कि गांजे से कोरोना वायरस संक्रमण का प्रभावी इलाज हो सकता है.
कनाडा के एक अध्ययन पर आधारित ऐसे ही लेख को फ़ेसबुक ने "आंशिक रूप से ग़लत जानकारी देने" की वजह से चिह्नित किया है. इस रिसर्च के एक लेखक ने भी ‘पोलिटी फ़ैक्ट’ वेबसाइट से कहा कि लेख के शीर्षक में ये दावा करना कि गांजे से कोरोना वायरस का संक्रमण रुक सकता है, ‘कुछ ज़्यादा ही है.’
पिछले कुछ वर्षों में गांजे से कई बीमारियों का इलाज करने को लेकर प्रयोग हुए हैं. इसके मिलेजुले नतीजे आए हैं और लोगों की इसमें काफ़ी दिलचस्पी भी है.
कैसे पैदा हुआ वायरस?
चीन की सरकारी मीडिया में हाल ही में एक वीडियो आया था जिसमें कहा गया था कि कोरोना वायरस की सूचना सबसे पहले चीन में मिली इसका मतलब ये नहीं वायरस वहीं उपजा हो.
वीडियो में इटली के एक वैज्ञानिक के उस इंटरव्यू का ज़िक्र किया गया जो उन्होंने एक अमरीकी रेडियो चैनल को दिया था. वैज्ञानिक ने इंटरव्यू में कहा था कि उत्तरी इटली में नवंबर में ही निमोमिया के कई अजीब से मामले देखने को मिले थे. इसका मतलब ये हो सकता है कि चीन में संक्रमण फैलने से पहले वायरस इटली में मौजूद रहा हो.”
बीबीसी के चीनी मीडिया विश्लेषक केरी ऐलेन कहते हैं, “मई की शुरुआत से ही चीन में ऐसी रिपोर्टों को बढ़ावा दिया जा रहा है जिनमें कहा गया है कि हो सकता है कोरोना वायरस चीन में पैदा न हुआ हो.”
वायरस कहां पैदा हुआ, इस बारे में अभी तक कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. कोरोना वायरस के स्रोत का पता लगाने के लिए इसकी जेनेटिक जानकारी जुटाने और ये पता लगाने की ज़रूरत है कि इसने समय के साथ अपना रूप कैसे बदला.
बाज़ेल यूनिवर्सिटी में मॉलिक्युलर एपिडेमियोलॉजिस्ट (महामारी विशेषज्ञ) डॉक्टर एमा हॉडक्रॉफ़्ट कहती हैं कि यूरोप और अमरीका में मिले कोरोना वायरस के सैंपल से यह स्पष्ट है कि ये चीन में मिले वायरस से ही आया है. लेकिन चीन में इस वायरस के कई बदले हुए रूप भी हैं.
डॉक्टर एमा कहती हैं, “संक्षेप में कहें तो अभी कोई ऐसा वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है जिससे साबित हो सके कि वायरस चीन की बजाय कहीं और पैदा हुआ था.”
इमेज स्रोत, AFP
इमेज कैप्शन, यमन
कोरोना मरीज़ों की ‘सामूहिक हत्या’ का दावा
पिछले हफ़्ते यमन के सूचना मंत्री मुअम्मर अल-एरयानी ने ट्वीट किया था कि हूती विद्रोहियों के क़ब्ज़े वाले इलाकों में कोविड-19 के मरीज़ों की सामूहिक हत्या की ‘कुछ रिपोर्ट्स’ हैं.
उन्होंने कहा कि ठीक तरह टेस्ट और इलाज के बिना ही कुछ मरीज़ों की हत्या की जा रही है. हालांकि हूती विद्रोहियों ने इन आरोपों से इनकार किया है कि उन्होंने गंभीर रूप से संक्रमित या संदिग्ध कोविड-19 मरीज़ों की हत्या की है.
एक सरकारी प्रवक्ता ने ‘सामूहिक हत्या’ के दावों की जांच कराए जाने की मांग भी की है.
हूती विद्रोही पिछले पांच वर्षों से यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार से लड़ रहे हैं. दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर प्रोपागैंडा फैलाने का आरोप लगाते रहे हैं.
अब तक ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं जिससे यमन में कोरोना वायरस संक्रमित मरीज़ों की ‘सामूहिक हत्या’ के दावे को सच माना जा सके.
यमन में गृह युद्ध, बीमारियों और कुपोषण की वजह से अब तक एक लाख से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
(इस रिपोर्ट में एलिस्टर कोलमैन, ओल्गा रॉबिन्सन, रेचल श्रॉर और विताली शेवचेंको ने सहयोग किया.)
कोरोना वायरस क्या है?लीड्स के कैटलिन सेसबसे ज्यादा पूछे जाने वाले
बीबीसी न्यूज़स्वास्थ्य टीम
कोरोना वायरस एक संक्रामक बीमारी है जिसका पता दिसंबर 2019 में चीन में चला. इसका संक्षिप्त नाम कोविड-19 है
सैकड़ों तरह के कोरोना वायरस होते हैं. इनमें से ज्यादातर सुअरों, ऊंटों, चमगादड़ों और बिल्लियों समेत अन्य जानवरों में पाए जाते हैं. लेकिन कोविड-19 जैसे कम ही वायरस हैं जो मनुष्यों को प्रभावित करते हैं
कुछ कोरोना वायरस मामूली से हल्की बीमारियां पैदा करते हैं. इनमें सामान्य जुकाम शामिल है. कोविड-19 उन वायरसों में शामिल है जिनकी वजह से निमोनिया जैसी ज्यादा गंभीर बीमारियां पैदा होती हैं.
ज्यादातर संक्रमित लोगों में बुखार, हाथों-पैरों में दर्द और कफ़ जैसे हल्के लक्षण दिखाई देते हैं. ये लोग बिना किसी खास इलाज के ठीक हो जाते हैं.
लेकिन, कुछ उम्रदराज़ लोगों और पहले से ह्दय रोग, डायबिटीज़ या कैंसर जैसी बीमारियों से लड़ रहे लोगों में इससे गंभीर रूप से बीमार होने का ख़तरा रहता है.
एक बार आप कोरोना से उबर गए तो क्या आपको फिर से यह नहीं हो सकता?बाइसेस्टर से डेनिस मिशेलसबसे ज्यादा पूछे गए सवाल
बाीबीसी न्यूज़स्वास्थ्य टीम
जब लोग एक संक्रमण से उबर जाते हैं तो उनके शरीर में इस बात की समझ पैदा हो जाती है कि अगर उन्हें यह दोबारा हुआ तो इससे कैसे लड़ाई लड़नी है.
यह इम्युनिटी हमेशा नहीं रहती है या पूरी तरह से प्रभावी नहीं होती है. बाद में इसमें कमी आ सकती है.
ऐसा माना जा रहा है कि अगर आप एक बार कोरोना वायरस से रिकवर हो चुके हैं तो आपकी इम्युनिटी बढ़ जाएगी. हालांकि, यह नहीं पता कि यह इम्युनिटी कब तक चलेगी.
कोरोना वायरस का इनक्यूबेशन पीरियड क्या है?जिलियन गिब्स
मिशेल रॉबर्ट्सबीबीसी हेल्थ ऑनलाइन एडिटर
वैज्ञानिकों का कहना है कि औसतन पांच दिनों में लक्षण दिखाई देने लगते हैं. लेकिन, कुछ लोगों में इससे पहले भी लक्षण दिख सकते हैं.
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि इसका इनक्यूबेशन पीरियड 14 दिन तक का हो सकता है. लेकिन कुछ शोधार्थियों का कहना है कि यह 24 दिन तक जा सकता है.
इनक्यूबेशन पीरियड को जानना और समझना बेहद जरूरी है. इससे डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों को वायरस को फैलने से रोकने के लिए कारगर तरीके लाने में मदद मिलती है.
क्या कोरोना वायरस फ़्लू से ज्यादा संक्रमणकारी है?सिडनी से मेरी फिट्ज़पैट्रिक
मिशेल रॉबर्ट्सबीबीसी हेल्थ ऑनलाइन एडिटर
दोनों वायरस बेहद संक्रामक हैं.
ऐसा माना जाता है कि कोरोना वायरस से पीड़ित एक शख्स औसतन दो या तीन और लोगों को संक्रमित करता है. जबकि फ़्लू वाला व्यक्ति एक और शख्स को इससे संक्रमित करता है.
फ़्लू और कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए कुछ आसान कदम उठाए जा सकते हैं.
बार-बार अपने हाथ साबुन और पानी से धोएं
जब तक आपके हाथ साफ न हों अपने चेहरे को छूने से बचें
खांसते और छींकते समय टिश्यू का इस्तेमाल करें और उसे तुरंत सीधे डस्टबिन में डाल दें.
आप कितने दिनों से बीमार हैं?मेडस्टोन से नीता
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
हर पांच में से चार लोगों में कोविड-19 फ़्लू की तरह की एक मामूली बीमारी होती है.
इसके लक्षणों में बुख़ार और सूखी खांसी शामिल है. आप कुछ दिनों से बीमार होते हैं, लेकिन लक्षण दिखने के हफ्ते भर में आप ठीक हो सकते हैं.
अगर वायरस फ़ेफ़ड़ों में ठीक से बैठ गया तो यह सांस लेने में दिक्कत और निमोनिया पैदा कर सकता है. हर सात में से एक शख्स को अस्पताल में इलाज की जरूरत पड़ सकती है.
अस्थमा वाले मरीजों के लिए कोरोना वायरस कितना ख़तरनाक है?फ़ल्किर्क से लेस्ले-एन
मिशेल रॉबर्ट्सबीबीसी हेल्थ ऑनलाइन एडिटर
अस्थमा यूके की सलाह है कि आप अपना रोज़ाना का इनहेलर लेते रहें. इससे कोरोना वायरस समेत किसी भी रेस्पिरेटरी वायरस के चलते होने वाले अस्थमा अटैक से आपको बचने में मदद मिलेगी.
अगर आपको अपने अस्थमा के बढ़ने का डर है तो अपने साथ रिलीवर इनहेलर रखें. अगर आपका अस्थमा बिगड़ता है तो आपको कोरोना वायरस होने का ख़तरा है.
क्या ऐसे विकलांग लोग जिन्हें दूसरी कोई बीमारी नहीं है, उन्हें कोरोना वायरस होने का डर है?स्टॉकपोर्ट से अबीगेल आयरलैंड
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
ह्दय और फ़ेफ़ड़ों की बीमारी या डायबिटीज जैसी पहले से मौजूद बीमारियों से जूझ रहे लोग और उम्रदराज़ लोगों में कोरोना वायरस ज्यादा गंभीर हो सकता है.
ऐसे विकलांग लोग जो कि किसी दूसरी बीमारी से पीड़ित नहीं हैं और जिनको कोई रेस्पिरेटरी दिक्कत नहीं है, उनके कोरोना वायरस से कोई अतिरिक्त ख़तरा हो, इसके कोई प्रमाण नहीं मिले हैं.
जिन्हें निमोनिया रह चुका है क्या उनमें कोरोना वायरस के हल्के लक्षण दिखाई देते हैं?कनाडा के मोंट्रियल से मार्जे
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
कम संख्या में कोविड-19 निमोनिया बन सकता है. ऐसा उन लोगों के साथ ज्यादा होता है जिन्हें पहले से फ़ेफ़ड़ों की बीमारी हो.
लेकिन, चूंकि यह एक नया वायरस है, किसी में भी इसकी इम्युनिटी नहीं है. चाहे उन्हें पहले निमोनिया हो या सार्स जैसा दूसरा कोरोना वायरस रह चुका हो.
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सरकारें इतने कड़े कदम क्यों उठा रही हैं जबकि फ़्लू इससे कहीं ज्यादा घातक जान पड़ता है?हार्लो से लोरैन स्मिथ
जेम्स गैलेगरस्वास्थ्य संवाददाता
शहरों को क्वारंटीन करना और लोगों को घरों पर ही रहने के लिए बोलना सख्त कदम लग सकते हैं, लेकिन अगर ऐसा नहीं किया जाएगा तो वायरस पूरी रफ्तार से फैल जाएगा.
फ़्लू की तरह इस नए वायरस की कोई वैक्सीन नहीं है. इस वजह से उम्रदराज़ लोगों और पहले से बीमारियों के शिकार लोगों के लिए यह ज्यादा बड़ा ख़तरा हो सकता है.
क्या खुद को और दूसरों को वायरस से बचाने के लिए मुझे मास्क पहनना चाहिए?मैनचेस्टर से एन हार्डमैन
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
पूरी दुनिया में सरकारें मास्क पहनने की सलाह में लगातार संशोधन कर रही हैं. लेकिन, डब्ल्यूएचओ ऐसे लोगों को मास्क पहनने की सलाह दे रहा है जिन्हें कोरोना वायरस के लक्षण (लगातार तेज तापमान, कफ़ या छींकें आना) दिख रहे हैं या जो कोविड-19 के कनफ़र्म या संदिग्ध लोगों की देखभाल कर रहे हैं.
मास्क से आप खुद को और दूसरों को संक्रमण से बचाते हैं, लेकिन ऐसा तभी होगा जब इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए और इन्हें अपने हाथ बार-बार धोने और घर के बाहर कम से कम निकलने जैसे अन्य उपायों के साथ इस्तेमाल किया जाए.
फ़ेस मास्क पहनने की सलाह को लेकर अलग-अलग चिंताएं हैं. कुछ देश यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनके यहां स्वास्थकर्मियों के लिए इनकी कमी न पड़ जाए, जबकि दूसरे देशों की चिंता यह है कि मास्क पहने से लोगों में अपने सुरक्षित होने की झूठी तसल्ली न पैदा हो जाए. अगर आप मास्क पहन रहे हैं तो आपके अपने चेहरे को छूने के आसार भी बढ़ जाते हैं.
यह सुनिश्चित कीजिए कि आप अपने इलाके में अनिवार्य नियमों से वाकिफ़ हों. जैसे कि कुछ जगहों पर अगर आप घर से बाहर जाे रहे हैं तो आपको मास्क पहनना जरूरी है. भारत, अर्जेंटीना, चीन, इटली और मोरक्को जैसे देशों के कई हिस्सों में यह अनिवार्य है.
अगर मैं ऐसे शख्स के साथ रह रहा हूं जो सेल्फ-आइसोलेशन में है तो मुझे क्या करना चाहिए?लंदन से ग्राहम राइट
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
अगर आप किसी ऐसे शख्स के साथ रह रहे हैं जो कि सेल्फ-आइसोलेशन में है तो आपको उससे न्यूनतम संपर्क रखना चाहिए और अगर मुमकिन हो तो एक कमरे में साथ न रहें.
सेल्फ-आइसोलेशन में रह रहे शख्स को एक हवादार कमरे में रहना चाहिए जिसमें एक खिड़की हो जिसे खोला जा सके. ऐसे शख्स को घर के दूसरे लोगों से दूर रहना चाहिए.
मैं पांच महीने की गर्भवती महिला हूं. अगर मैं संक्रमित हो जाती हूं तो मेरे बच्चे पर इसका क्या असर होगा?बीबीसी वेबसाइट के एक पाठक का सवाल
जेम्स गैलेगरस्वास्थ्य संवाददाता
गर्भवती महिलाओं पर कोविड-19 के असर को समझने के लिए वैज्ञानिक रिसर्च कर रहे हैं, लेकिन अभी बारे में बेहद सीमित जानकारी मौजूद है.
यह नहीं पता कि वायरस से संक्रमित कोई गर्भवती महिला प्रेग्नेंसी या डिलीवरी के दौरान इसे अपने भ्रूण या बच्चे को पास कर सकती है. लेकिन अभी तक यह वायरस एमनियोटिक फ्लूइड या ब्रेस्टमिल्क में नहीं पाया गया है.
गर्भवती महिलाओंं के बारे में अभी ऐसा कोई सुबूत नहीं है कि वे आम लोगों के मुकाबले गंभीर रूप से बीमार होने के ज्यादा जोखिम में हैं. हालांकि, अपने शरीर और इम्यून सिस्टम में बदलाव होने के चलते गर्भवती महिलाएं कुछ रेस्पिरेटरी इंफेक्शंस से बुरी तरह से प्रभावित हो सकती हैं.
मैं अपने पांच महीने के बच्चे को ब्रेस्टफीड कराती हूं. अगर मैं कोरोना से संक्रमित हो जाती हूं तो मुझे क्या करना चाहिए?मीव मैकगोल्डरिक
जेम्स गैलेगरस्वास्थ्य संवाददाता
अपने ब्रेस्ट मिल्क के जरिए माएं अपने बच्चों को संक्रमण से बचाव मुहैया करा सकती हैं.
अगर आपका शरीर संक्रमण से लड़ने के लिए एंटीबॉडीज़ पैदा कर रहा है तो इन्हें ब्रेस्टफीडिंग के दौरान पास किया जा सकता है.
ब्रेस्टफीड कराने वाली माओं को भी जोखिम से बचने के लिए दूसरों की तरह से ही सलाह का पालन करना चाहिए. अपने चेहरे को छींकते या खांसते वक्त ढक लें. इस्तेमाल किए गए टिश्यू को फेंक दें और हाथों को बार-बार धोएं. अपनी आंखों, नाक या चेहरे को बिना धोए हाथों से न छुएं.
बच्चों के लिए क्या जोखिम है?लंदन से लुइस
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
चीन और दूसरे देशों के आंकड़ों के मुताबिक, आमतौर पर बच्चे कोरोना वायरस से अपेक्षाकृत अप्रभावित दिखे हैं.
ऐसा शायद इस वजह है क्योंकि वे संक्रमण से लड़ने की ताकत रखते हैं या उनमें कोई लक्षण नहीं दिखते हैं या उनमें सर्दी जैसे मामूली लक्षण दिखते हैं.
हालांकि, पहले से अस्थमा जैसी फ़ेफ़ड़ों की बीमारी से जूझ रहे बच्चों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए.