पाकिस्तान में चीन की मदद से चली पहली मेट्रो ट्रेन - देखिए तस्वीरें

पाकिस्तान की मेट्रो

इमेज स्रोत, Getty Images

पाकिस्तान को अपनी पहली मेट्रो लाइन मिल गई है. पंजाब सूबे की राजधानी लाहौर में देश की पहली मेट्रो लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो गई है.

इस 27 किलोमीटर (17-मील) लंबी ऑरेंज लाइन पर दो दर्जन से ज़्यादा स्टेशन पड़ते हैं. भीड़भाड़ वाले लाहौर शहर में इससे कहीं भी आना-जाना आसान हो जाएगा. बस से कहीं जाने में अगर ढाई घंटे लगते हैं, तो मेट्रो से वहां महज़ 45 मिनट में पहुंचा जा सकेगा.

पाकिस्तान की मेट्रो

इमेज स्रोत, Getty Images

अधिकारियों को उम्मीद है कि मेट्रो पूरी तरह से चालू होने पर रोज़ाना लगभग ढाई लाख लोग इसमें सफ़र करेंगे.

पंजाब राज्य के मुख्यमंत्री उस्मान बूजदार ने रविवार को उद्घाटन समारोह के मौक़े पर कहा, "ये परियोजना लाहौर में जनता को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करेगी."

पाकिस्तान की मेट्रो

इमेज स्रोत, Getty Images

इस परियोजना की लागत 300 अरब रुपये है. इस परियोजना को पूरा करने में कई साल की देरी हुई और कई राजनीतिक विवाद हुए. लेकिन आख़िरकार सोमवार को ये सेवा आम लोग के लिए शुरू कर दी गई.

इस मेट्रो लाइन को चीन की मदद से बनाया गया है. हाल के सालों में पाकिस्तान ने बड़ा कर्ज़ लिया है, जिसे लेकर सवाल बढ़ते जा रहे हैं.

पाकिस्तान की मेट्रो

इमेज स्रोत, Getty Images

चीन ने अपनी बेल्ट एंड रोड पहल के तहत पाकिस्तान में अरबों डॉलर का निवेश किया है, जिसका मक़सद है एशिया, अफ्रीका और यूरोप की अर्थव्यवस्थाओं को बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से जोड़ना.

इस मेट्रो परियोजना के ख़िलाफ़ आवाज़ें भी उठी थीं. दरअसल कई लोग इस बात को लेकर चिंतित थे कि इस परियोजना की वजह से विश्व विरासत स्थल, शालीमार गार्डन समेत लाहौर की कुछ सबसे लोकप्रिय जगहों को नुक़सान पहुंचेगा. इस परियोजना के विरोध में प्रदर्शन भी हुए थे.

इस मेट्रो लाइन के रास्ते में पड़ने वाले 600 से ज़्यादा पेड़ भी काटने पड़े थे.

पाकिस्तान की मेट्रो

इमेज स्रोत, Getty Images

उद्घाटन के मौक़े पर चीनी महावाणिज्यदूत लॉन्ग डिंगबिन ने इस मेट्रो सिस्टम को पाकिस्तान और चीन की दोस्ती में एक मील का पत्थर बताया.

उन्होंने कहा, "मैं इस मौक़े पर पंजाब सरकार और पाकिस्तान के लोगों को बधाई देता हूं."

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने ऑरेंज लाइन को "सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में दक्षिण एशियाई देश के लिए एक नए चरण" की शुरुआत बताया.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)