कोलकाता: बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प पर क्या बोले पीएम मोदी?

इमेज स्रोत, YT/@NarendraModi
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 'राज्य की सरकार ने इस रैली को रोकने के लिए सारे हथियार निकाल लिए.'
पीएम मोदी ने शनिवार को सभा संबोधित करते हुए कहा, "आज इस सभा को रोकने के लिए पश्चिम बंगाल की निर्मम सरकार ने अपने सारे हथियार निकाल लिए."
उन्होंने कहा, "आप लोगों को आने से रोकने के लिए उन्होंने पुल बंद कर दिए, गाड़ियां रोक दीं, ट्रैफ़िक जाम कर दिया, बीजेपी के झंडे उखाड़ दिए और पोस्टर फाड़ दिए. लेकिन निर्मम सरकार, साफ-साफ देख लो, आप आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो."
दरअसल, इससे पहले कोलकाता में रैली स्थल से 5 किलोमीटर दूर टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प हो गई थी. बीजेपी समर्थकों ने दावा किया कि उन पर अचानक से पत्थरबाज़ी हुई थी.
दूसरी तरफ़, टीएमसी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार में मंत्री शशि पांजा पर पत्थरबाज़ी हुई. टीएमसी ने एक्स हैंडल पर लिखा, "कोलकाता में डर और अव्यवस्था फैलाने की ऐसी कोशिशें अस्वीकार्य हैं. बंगाल के लोग साफ देख रहे हैं कि बीजेपी का 'परिवर्तन' कैसा दिखता है."



















