टी-20 वर्ल्ड कप: नामीबिया के कप्तान ने कहा दिल्ली में रात को प्रैक्टिस करने का नहीं मिला मौक़ा

नमीबिया के कप्तान जेरहार्ड इरास्मस ने भारत के साथ गुरुवार को होने वाले मैच से पहले 'भारतीय टीम को कथित अनुचित लाभ दिए जाने' पर सवाल उठाए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव, संदीप राय

  1. टी-20 वर्ल्ड कप: नामीबिया के कप्तान ने कहा दिल्ली में रात को प्रैक्टिस करने का नहीं मिला मौक़ा

    जेरहार्ड इरास्मस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नमीबिया के कप्तान जेरहार्ड इरास्मस ने मैच से पहले एक प्रेस कांफ्रेंस में अभ्यास सत्र को लेकर बात कही.

    नमीबिया के कप्तान जेरहार्ड इरास्मस ने भारत के साथ गुरुवार को होने वाले मैच से पहले प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'भारतीय टीम को कथित अनुचित लाभ दिए जाने' के आरोप लगाए हैं.

    इरास्मस ने शेड्यूल पर सवाल उठाते हुए कहा, "दिल्ली में भारत को दो बार रात में प्रैक्टिस करने का मौक़ा मिला, जबकि नामीबिया को एक भी सत्र नहीं मिला."

    इरास्मस ने कहा, "इस मैच से पहले हमें एक भी रात का अभ्यास सत्र नहीं मिला है. मुझे नहीं पता क्यों. मेरा मानना है कि भारत को दो रात के सत्र मिले हैं. आप इससे जो निष्कर्ष निकालना चाहें, निकाल सकते हैं."

    नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ग्रुप चरण के मुकाबले में टूर्नामेंट के सह-मेज़बान और मौजूदा चैंपियन भारत और नमीबिया के बीच मैच है.

    यह मैच शाम सात बजे से शुरू होगा.

  2. टी-20 वर्ल्ड कपः वेस्टइंडीज़ ने इंग्लैंड को दिया 197 रनों का लक्ष्य

    शेरफ़ोन रदरफ़ोर्ड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शेरफ़ोन रदरफ़ोर्ड ने सर्वाधिक 76 रन बनाए.

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के 15वें मुकाबले में वेस्टइंडीज़ ने इंग्लैंड को 197 रनों का लक्ष्य दिया है.

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में वेस्टइंडीज़ की टीम 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए.

    वेस्टइंडीज़ की ओर से शेरफ़ोन रदरफ़ोर्ड ने नाबाद 76 रन (42 गेंद में) बनाए. इस दौरान उन्होंने सात छक्के और दो चौके लगाए.

    रोस्टोन चेस ने 34 और जैसन होल्डर ने 33 रन बनाए.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने सधी शुरुआत की. लेकिन फिल साल्ट 14 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हो गए. जोस बटलर सिर्फ 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

    ख़बर लिखे जाने तक जैकब बेथेल 31 रन बना चुके थे और इंग्लैंड की टीम तीन विकेट के नुकसान पर 86 रन बना चुकी थी.

  3. अमेरिका में ट्रंप के दूत से मिले नेतन्याहू, ईरान ने कहा- परमाणु निगरानी को तैयार

    ट्रंप के प्रतिनिधियों ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर नेतन्याहू से मुलाकात की.

    इमेज स्रोत, GPO

    इमेज कैप्शन, ट्रंप के प्रतिनिधियों ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर नेतन्याहू से मुलाकात की.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने बताया है कि उन्होंने वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद ज़ेरेड कुशनर से मुलाकात की.

    बीबीसी फ़ारसी के अनुसार, इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया है कि बैठक के दौरान, डोनाल्ड ट्रंप के दूत और उनके दामाद ने "पिछले शुक्रवार को ईरान और अमेरिका के बीच हुई वार्ता के पहले दौर बारे में नेतन्याहू को जानकारी दी.”

    नेतन्याहू की डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात होनी है.

    उधर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बना रहा है और इसकी निगरानी के लिए तैयार है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने इस बात पर जोर दिया कि "यूरोप और अमेरिका की ओर से खड़ी की गई अविश्वास की ऊंची दीवार इन वार्ताओं को सफल नहीं होने देगी."

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने कहा कि ईरान ज़रूरत से अधिक मांगों के आगे नहीं झुकेगा.

  4. पूरे देश में गुरुवार को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की आम हड़ताल, किसान संगठन भी आए साथ

    मज़दूर संगठन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लेबर कोड लागू करने के विरोध में मज़दूर संगठनों ने आम हड़ताल का आह्वान किया है.

    दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, स्वतंत्र सेक्टोरल फ़ेडरेशनों और एसोसिएशनों के संयुक्त मंच ने 12 फ़रवरी को पूरे देश में आम हड़ताल का आह्वान किया है.

    इस आम हड़ताल के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) भी आया है और उसने हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया है.

    एटक की महासचिव अमरजीत कौर ने एक बयान जारी कर कहा है, पूरेदेशमेंसभीक्षेत्रों, औपचारिक/अनौपचारिक, सरकारी, सार्वजनिकक्षेत्र, औद्योगिकक्षेत्रों, ग्रामीणऔरशहरीभारतमेंराष्ट्रव्यापीआमहड़तालकाआह्वानकियागयाहै.”

    उन्होंने कहा कि एसकेएमनेअपनीमांगोंऔरट्रेडयूनियनोंकीमांगोंकेसमर्थनमेंपूर्णसमर्थनका वादा किया है.

    यूनियनों की ओर से जारी प्रेस नोट ये मांगें रखी गई हैं -

    • चारलेबरकोडऔरनियम ख़त्महों
    • ड्राफ्टसीडबिलऔरबिजलीसंशोधनबिलवापसलिया जाए
    • सस्टेनेबलहार्नेसिंगएंडएडवांसमेंटऑफन्यूक्लियरएनर्जीफॉरट्रांसफॉर्मिंगइंडिया (शांति) एक्टवापसलिया जाए
    • मनरेगाकोबहालकरेंऔरविकसितभारतरोजगारऔरआजीविकामिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 कोख़त्मकिया जाए
    • बीमाकंपनियोंमें100% एफ़डीआईकेफैसलेकोवापसलिया जाए
    • खालीसरकारी, सार्वजनिकक्षेत्रकेपदोंकोभरें; आंगनवाड़ी, आशा, एमडीएमकर्मचारियोंकोनियमितकिया जाए
  5. दिनभर : बांग्लादेश चुनाव- क्यों है भारत की नज़र

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. ओवैसी ने कहा- ट्रंप कौन होते हैं भारत को बताने वाले कि तेल कहां से खरीदना है

    ओवैसी

    इमेज स्रोत, Sansad TV

    इमेज कैप्शन, भारत अमेरिका ट्रेड डील पर ओवैसी ने सरकार को घेरा है.

    भारत के साथ अमेरिका की ट्रेड डील को लेकर एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सरकार को घेरा है.

    लोकसभा में भाषण देते हुए ओवैसी ने कहा, “ट्रंप ने 6 फ़रवरी को जो कार्यकारी आदेश निकाला उसमें सेक्शन 4 का ज़िक्र है. इसका मतलब है कि अगर भारत प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल ख़रीदता है तो वो 25 प्रतिशत फिर से टैरिफ़ लगा देंगे. वो कौन होते हैं कि हम किससे तेल ख़रीदें. हमने मुल्क को आज़ाद इसलिए कराया कि वहां कोई बैठकर बोलेगा. मैं जिससे चाहूं तेल ख़रीदूंगा, तुम होते कौन हो, तुम मेरे माई बाप हो क्या?”

    ओवैसी ने कहा, “अफ़सोस है कि सरकार खामोश है. 2019 में उन्होंने कहा कि ईरान का तेल मत लो, आपने ग़लती की जो ईरान का तेल नहीं लिया. तब अमेरिका ने कहा था कि तुलनात्मक दर पर तेल लो. आज वो कह रहा है कि एकाधिकारी दर पर तेल लो. हम क्यों इतना गिर रहे हैं.”

    उन्होंने ट्रेड डील से भारत के डी-इंडस्ट्रीलाइज़ेशन के ख़तरे से आगाह करते हुए कहा, “आप फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर कर रहे हैं या फ़ोर्स्ड परचेज एग्रीमेंट पर. हम बांग्लादेश की ज़रूरत का 70 फ़ीसदी कपास देते हैं. अब अमेरिका ने कहा है कि बांग्लादेश उससे कपास खरीदे तो टैरिफ़ शून्य हो जाएगा. हमारे यहां भिवंडी, मालेगांव और बनारस के पावरलूम का क्या होगा?”

  7. कार्टून: उफ ये प्रॉमिस डे

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, नेताओं के वादों और प्रॉमिस डे पर आज का कार्टून.
  8. थाईलैंडः हथियारबंद हमलावर ने एक स्कूल में कई लोगों को बंधक बनाया, पुलिस ने क्या बताया

    थाईलैंड

    इमेज स्रोत, Songkhla Provincial Public Relations Office

    इमेज कैप्शन, पुलिस के अनुसार, बंदूकधारी ने कई अध्यापकों और छात्रों को बंधक बना लिया था.

    थाईलैंड में एक हथियारबंद व्यक्ति ने एक स्कूल में घुसकर वहां कई लोगों को बंधक बना लिया.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, बंदूकधारी को हिरासत में ले लिया गया है और बंधकों को छुड़ा लिया गया है.

    रॉयटर्स ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई ज़िले के एक स्कूल में बुधवार को गोलीबारी करने वाले एक बंदूकधारी को हिरासत में ले लिया गया है और बंधक बनाए गए सभी लोगों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है.

    प्रांतीय प्रशासन ने सोशल मीडिया पर बताया कि बंदूकधारी की उम्र 18 साल है.

    डिप्टी सुपरिटेंडेंट विचियन सोबून ने रॉयटर्स से कहा, "हमलावर को पकड़ लिया गया है."

    थाईलैंड पुलिस

    इमेज स्रोत, Songkhla Provincial Public Relations Office

    एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं.

    थाईलैंड में बंदूक हिंसा और हथियार रखना असामान्य नहीं है.

    साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने एक नर्सरी में बंदूक और चाकू से हमला कर 36 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें 22 बच्चे शामिल थे.

  9. एपस्टीन फ़ाइल्स को लेकर राहुल गांधी के दावे पर क्या बोले हरदीप पुरी

    हरदीप पुरी

    इमेज स्रोत, BJP

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राहुल गांधी के आरोपों का खंडन किया.

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज बजट पर चर्चा के दौरान संसद में एपस्टीन फ़ाइल्स का मुद्दा उठाया और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने प्रतिक्रिया दी है.

    हरदीप पुरी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा, “आज उन्होंने (राहुल गांधी) सदन की कार्यवाही के दौरान एपस्टीन फ़ाइल्स के संदर्भ में मेरा नाम लिया...”

    उन्होंने कहा, “एपस्टीन से जुड़ी 30 लाख फ़ाइलें रिलीज़ हुई हैं और न्यूयॉर्क में आठ साल रहा, जहां मैं संयुक्त राष्ट्र में भारत का राजदूत बनकर 2009 में पहुंचा था और 2017 में मैं मंत्री बना और आठ सालों में संभवतया तीन या चार मीटिंग का संदर्भ है.”

    हरदीप पुरी ने कहा, “पिछले साल नवंबर में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मेरे पास आए और कहा कि ‘कुछ नाम दिलचस्प जगह पर आए हैं.’ उसके बाद मैंने युवा नेता राहुल गांधी को बताने का फैसला किया और मैंने कहा कि उन्हें एक नोट भेजूंगा.”

    उन्होंने कहा, “इस नोट में मैंने लिखा कि संयुक्त राष्ट्र में भारतीय राजदूत के पद से रिटायर होने के कुछ महीने बाद मुझे इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट (आईपीआई) में आमंत्रित किया गया था. आईपीआई के अध्यक्ष ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री थे, उस कुख्यात व्यक्ति, एपस्टीन, को जानते थे और मैं आईपीआई में महासचिव था. इस तरह मेरा परिचय हुआ था.”

    हरदीप पुरी का कहना था कि एपस्टीन से जुड़े मामलों से उनका कोई लेना देना नहीं है और जो भी मेल से बातचीत हुई है वो सार्वजनिक है.

    दरअसल राहुल गांधी ने दावा किया था कि ‘अनिल अंबानी का नाम एपस्टीन फ़ाइल्स में है और हरदीप पुरी ने उनका एपस्टीन से परिचय कराया था.’

  10. किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के भाषण को संसदीय कार्यवाही से हटाने के बारे में क्या कहा

    किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर झूठ और ग़लत बातें करने के आरोप लगाए हैं.

    संसद में बजट चर्चा के दौरान लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण को लेकर बढ़ते विवाद के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने राहुल गांधी पर 'निराधार आरोप लगाने' के आरोप लगाए और कहा कि उनके भाषण की 'ग़लत बातों को कार्यवाही से हटा दिया जाएगा.'

    रिजिजू ने कहा, "बजट पर भाषण देते समय राहुल गांधी बिना किसी तर्क, बिना किसी सबूत और बिना किसी नोटिस के आरोप लगा रहे हैं... उनका पूरा भाषण, जो भी ग़लत बातें उन्होंने कही हैं, सब हटाई जाएंगी और जो भी असंसदीय शब्द उन्होंने इस्तेमाल किए हैं, उन्हें भी हटाया जाना चाहिए, खासकर जो भी झूठ उन्होंने कहा है, ग़लत बातें और लगाए गए आरोप, उन सभी को हटाया जाना चाहिए...

    "मैंने उन्हें याद दिलाया कि इस देश को कोई बेच नहीं सकता, कोई खरीद नहीं सकता. तब राहुल गांधी ने कहा कि किसी ने भारत को बेच दिया और किसी ने भारत को खरीद लिया. भारत को खरीदने या बेचने के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता..."

    इससे पहले राहुल गांधी ने आज संसद में बजट पर चर्चा के दौरान केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे.

  11. संसद में राहुल गांधी ने ऐसा क्या कहा कि बीजेपी हुई हमलावर

    राहुल गांधिी

    इमेज स्रोत, Sansad TV

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने आज संसद में बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए सरकार पर निशाना साधा.

    एक लंबे गतिरोध के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज संसद में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए जेफ़री एपस्टीन फ़ाइल्स, अनिल अंबानी, अदानी, भारत अमेरिका ट्रेड डील समेत कई मुद्दे उठाए.

    राहुल गांधी ने अनिल अंबानी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी पर गंभीर आरोप लगाए.

    उन्होंने कहा, “एक बिज़नेसमैन हैं अनिल अंबानी, मैं पूछना चाहता हूं कि वो जेल में क्यों नहीं हैं? क्योंकि उनका नाम एपस्टीन फ़ाइल्स में है. मैं हरदीप पुरी से भी पूछना चाहूंगा, जिन्होंने एपस्टीन से परिचय कराया था. मैं जानता हूं कि किसने परिचय कराया और हरदीप पुरी जानते हैं कि किसने उनका परिचय कराया.”

    राहुल गांधी ने कहा कि ‘हमारे रक्षा बजट के केंद्र में अदानी का दबाव साफ़ दिखता है.’ हालांकि इस पर पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने विरोध जताते हुए कहा कि उस व्यक्ति का नाम नहीं लिया जाना चाहिए जो सदन में मौजूद नहीं है.

    उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने ‘दबाव में भारत को बेच दिया है.’

    राहुल गांधी ने कहा, “मैं कह रहा हूं कि आपने भारत को बेच दिया है. क्या आपको भारत को बेचते हुए शर्म नहीं आ रही? आपने हमारी भारत माता को बेच दिया है. दिलचस्प बात है कि मुझे पता है कि प्रधानमंत्री साधारण परिस्थितियों में भारत को नहीं बेचेंगे. जानते हैं उन्होंने भारत को क्यों बेचा? क्योंकि वे उनपर दबाव डाल रहे हैं. उनके हाथ में उनकी गर्दन है...प्रधानमंत्री की आंखों में हम डर देख सकते हैं. एपस्टीन केस में 30 लाख फ़ाइलें अभी भी बंद हैं.”

    ट्रंप के साथ जारी ट्रेड वार्ता को लेकर उन्होंने कहा, “अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में होता तो कहता, प्रेसिडेंट ट्रंप कृपया ये समझिए कि आपको हमसे बराबरी से बात करनी होगी. आप हमसे इस तरह बात नहीं कर सकते जैसे हम आपके नौकर हों."

    "दूसरी बात, हम ट्रंप से कहना चाहेंगे कि कृपया समझें, हमारी ऊर्जा सुरक्षा, हमारी ऊर्जा सुरक्षा है. चाहे कुछ भी हो, हम अपनी ऊर्जा सुरक्षा की रक्षा करेंगे. तीसरी बात, राष्ट्रपति ट्रंप, हम समझते हैं कि आपका एक मतदाता आधार है, खासकर कृषि क्षेत्र से जुड़ा मतदाता आधार. हम समझते हैं कि आपको अपने किसानों की सुरक्षा करनी है, लेकिन हम भी अपने किसानों की रक्षा करेंगे.”

    अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारत के दरवाज़े खोलने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘इससे हमारे ग़रीब किसान तबाह हो जाएंगे.’

    बीजेपी ने बोला तीखा हमला

    बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने कहा, “पहले ज़हरीला झूठ बोलो और फिर विदेश उड़ जाओ...”

    त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी पर उग्रता के साथ झूठ बोल रहे हैं और विपक्ष पर ‘संसद में सड़क छाप आचरण’ करने के आरोप लगाए.

  12. टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को दी मात

    अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान राशिद खान शॉट लगाते हुए

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान राशिद खान शॉट लगाते हुए

    टी-20 वर्ल्ड कप के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को हरा दिया है.

    मैच का फ़ैसला दूसरे सुपर ओवर के बाद हुआ. रेगुलर मैच के टाई होने के बाद पहला सुपर ओवर भी टाई हो गया था.

    पहले सुपर ओवर में पहले बैटिंग करते हुए अफ़ग़ानिस्तान ने 17 रन बनाए. इसके बाद बैटिंग उतरी दक्षिण अफ़्रीका ने भी 17 ही रन बनाए.

    इस वक्त दूसरा सुपर ओवर हुआ. दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ़्रीका की टीम अफ़ग़ानिस्तान पर भारी पड़ी.

    पहले बैटिंग करते हुए दक्षिण अफ़्रीका ने 23 रन बनाए. इसके जवाब में अफ़ग़ानिस्तान छह गेंदों में सिर्फ़ 19 रन बना पाया.

    दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ़्रीका की ओर ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर बैटिंग के लिए उतरे. मिलर ने दो छक्कों की मदद से 16 बनाए. स्टब्स ने सात रन बनाए.

    23 के स्कोर को चेज़ करने उतर रहमानउल्लाह गुरबाज़ और अज़मतउल्लाह ओमरज़ाई 19 रन ही बना पाए

    इस मैच में साउथ अफ़्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 187 रन बनाए. वहीं अफग़ानिस्तान की पूरी टीम 20 ओवर ख़त्म होने से दो गेंद पहले ठीक ठीक 187 रन पर आउट हो गई.

    इस वजह से मैच सुपर ओवर में पहुंच गया.

  13. नमस्कार

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    सुबह से लेकर अभी तक देश दुनिया के तमाम बड़ी ख़बरें बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक पहुंचा रहे थे. अब से लेकर देर रात तक बीबीसी संवाददाता संदीप आपको देश दुनिया की बड़ी ख़बरों की अपडेट देंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज़ पर मौजूद बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. रोहित पवार के आरोपों पर शिव सेना ने क्या कहा

    शिव सेना

    इमेज स्रोत, ANI

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अजित पवार की मौत के मामले में उनके भतीजे रोहित पवार ने साजिश होने की आंशका जताई है.

    रोहित पवार के बयान पर शिव सेना (शिंदे गुट) की प्रवक्ता शाइना एनसी ने प्रतिक्रिया दी है.

    शाइना ने कहा, "इस मामले में जांच जारी है. वो किस बात को लेकर सनसनी पैदा करना चाह रहे हैं. वो अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से सच का पता लगाने की बात कह रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "जब भी कोई हादसा होता है तो वह दुखद होता है और हम उसकी तह तक जाना चाहते हैं. लेकिन किसी भी ऐसी चीज को लेकर कोई सनसनी नहीं पैदा करनी चाहिए जो किसी के हाथ में ना हो."

    इससे पहले अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "उन्हें एयरलाइन कंपनी वीएसआर, बुकिंग संभालने वाली कंपनी एरो और पायलट सुमित कपूर पर संदेह है."

    रोहित पवार ने कहा कि उन्हें इस मामले में जानकारी इसलिए जुटानी पड़ी क्योंकि जांच एजेंसियां बहुत धीमी गति से काम कर रही थीं. हालांकि उन्होंने यह भी साफ़ किया कि डीजीसीए और सरकार के ख़िलाफ़ उनका कोई आरोप नहीं है.

  15. अमेरिका-ईरान न्यूक्लियर वार्ता के बीच ट्रंप से मिलेंगे नेतन्याहू

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू बुधवार को राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करेंगे.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू बुधवार को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे.

    उम्मीद की जा रही है कि नेतन्याहू ट्रंप पर एक ऐसी डील के लिए दबाव डालेंगे जिससे ईरान का न्यूक्लियर एनरिचमेंट प्रोग्राम रुके और हमास और हिजबुल्लाह जैसे प्रॉक्सी गुटों के लिए उसका समर्थन कम हो.

    बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा, "मैं राष्ट्रपति ट्रंप के सामने ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत को लेकर अपना नज़रिया रखूंगा."

    ईरान ने कहा है कि वह यूरेनियम एनरिचमेंट को तब तक लिमिट नहीं करेगा, जब तक पश्चिमी देश उन पाबंदियों को कम नहीं कर देते.

  16. दक्षिण अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को दिया 188 रन का लक्ष्य

    दक्षिण अफ़्रीका बनाम अफ़ग़ानिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अहमदाबाद में दक्षिण अफ़्रीका ने टी20 वर्ल्ड के मुकाबले में अफ़ग़ानिस्तान को जीत के लिए लक्ष्य दिया है.

    अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए हैं.

    दक्षिण अफ़्रीका की तरफ से क्विंटन डीकॉक और रेयान रिकेल्टन ने अर्धशतकीय पारियां खेली. डीकॉक ने 41 गेंदों पर 59 रन बनाए तो वहीं रिकेल्टन ने 28 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली.

    अफ़गानिस्तान टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला हार चुका है.

  17. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का दावा- कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर से गाली गलौज की

    किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दावा किया है कि 20 से 25 कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर के चेंबर में घुसकर गाली गलौज की है.

    रिजिजू ने कहा, "इससे स्पीकर बहुत आहत हैं. मैंने उनसे बात की है."

    उन्होंने दावा किया, "कांग्रेस सांसदों ने चेंबर में जाकर गाली गलौज की बहुत बुरा भला कहा.”

    उन्होंने दावा किया, "स्पीकर के चेंबर में जब कांग्रेस के 20 से 25 सांसद घुसे तो मैं भी वहां गया और जो गाली गलौज स्पीकर के साथ की गई उसे तो मैं बता भी नहीं सकता. स्पीकर तो बहुत नरम आदमी हैं, नहीं तो वो और भी कठोर कदम उठा सकते थे."

    रिजिजू ने दावा किया, "जब स्पीकर से गाली गलौज की जा रही थी तब वहां पर वेणुगोपाल जी भी थे, प्रियंका गांधी भी थीं और कांग्रेस के सीनियर लीडर थे और वो भी उन्हें बढ़ावा दे रहे थे."

  18. योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के अंतिम बजट पर क्या बोले अखिलेश यादव?

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश में आज पेश होगा बजट

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने इस कार्यकाल का अंतिम बजट पेश करेंगे. इस पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यूपी सरकार के विदाई बजट के साथ भाजपा की भी विदाई तय है.”

    वहीं यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है, "प्रदेश की 25 करोड़ जनता के जीवन को खुशहाल बनाने वाला, विकसित भारत का विकसित उत्तर प्रदेश बनाने वाला, गरीबों को अमीर बनाने वाला और जनता की ज़रूरतों के मुताबिक एक अच्छा बजट आने की उम्मीद है."

    उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी के लोगों को सत्ता वियोग का मानसिक रोग हो गया है और वह सत्ता उनको 27 से लेकर 47 तक मिलने वाली नहीं है."

  19. ट्रंप ने फिर कहा- मैंने रुकवाई भारत-पाकिस्तान जंग, 10 प्लेन गिराए जा चुके थे

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर कहा है कि मैंने आठ युद्ध रुकवाए हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा है कि उनके टैरिफ़ के कारण करोड़ों लोगों की जान बची है.

    ट्रंप ने कहा है, "मैंने आठ युद्ध रुकवाए हैं. जिनमें से छह युद्ध मैंने टैरिफ़ के बलबूते रुकवाए हैं. अगर अलग शब्दों में कहें तो मैंने उनसे कहा कि अगर आप युद्ध नहीं रोकेंगे तो मैं आप पर टैरिफ़ लगाऊंगा."

    उन्होंने कहा, "क्योंकि मैं लोगों को मरते हुए नहीं देख सकता था. भारत और पाकिस्तान के मामले में मेरा मानना है कि न्यूक्लियर जंग हो सकती थी. दस प्लेन गिराए जा चुके थे."

    ट्रंप ने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने युद्ध रुकवाकर करोड़ों लोगों की जान बचाई है. बिना टैरिफ़ के यह संभव नहीं था."

  20. कनाडा: गोलीबारी की घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत

    कनाडा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पश्चिमी कनाडा में हुई शूटिंग की घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है. रॉयल कैनेडियन पुलिस ने इसकी जानकारी दी है.

    पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक उत्तरी पूर्वी ब्रिटिश कोलंबिया के टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में छह लोगों की लाश मिली है. वहीं एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हुई है.

    पुलिस ने कहा है कि एक अन्य स्थान पर दो लोगों के शव मिले हैं. पुलिस का मानना है कि ये भी उसी घटना से जुड़े हुए हैं. वहीं लगभग 25 लोग घायल हुए हैं.

    पुलिस के मुताबिक एक और व्यक्ति की लाश मिली है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि वह शूटर था.

Trending Now