भारतीय बल्लेबाज़ों के बैट के बारे में श्रीलंकाई क्रिकेटर ने ऐसा क्या कहा कि देनी पड़ी सफ़ाई

इमेज स्रोत, Randy Brooks/CPL T20 via Getty Images
भारतीय बल्लेबाज़ों के बारे में श्रीलंकाई क्रिकेटर भानुका राजपक्षे ने एक इंटरव्यू के दौरान जो टिप्पणी की थी उस पर उन्होंने अब सफ़ाई दी है.
न्यूज़वायर ने भानुका राजपक्षे के हवाले से लिखा था कि, "भारतीय क्रिकेटर जो बैट इस्तेमाल करते हैं वो बाकी क्रिकेटरों की तुलना में बेहतर क्वालिटी के होते हैं और ऐसा लगता है जैसे उन पर रबड़ की एक परत चढ़ी हो."
भानुका ने एक्स पर इस पर सफ़ाई देते हुए लिखा, "हाल ही में मेरे एक इंटरव्यू के बारे में मैं क्लेरिफ़िकेशन देना चाहता हूं. मैंने जो कहा उसका कुछ और मतलब निकाल लिया गया और शायद ट्रांसलेशन की गड़बड़ी की वजह से उसे दूसरी दिशा में मोड़ दिया गया. मेरा मक़सद भारतीय बल्लेबाज़ों की तारीफ़ करना था. भारतीय क्रिकेट काफ़ी एडवांस हो चुकी है. उनका सिस्टम, उनका इन्फ़्रास्ट्रक्चर और उनके इक्विपमेंट सब आला दर्जे के हैं. उनके बैट निर्माता वर्ल्ड क्लास के हैं. मुझे लगता है कि मैं और बेहतर कॉन्टेक्स्ट के साथ अपनी बात रख सकता था. भारतीय क्रिकेटरों के प्रति मेरे मन में सिर्फ़ सम्मान है और कुछ नहीं."
न्यूज़वायर ने भी राजपक्षे के इस इंटरव्यू के बाद उनकी सफ़ाई को डीटेल में लिखा है.
न्यूज़वायर ने लिखा कि श्रीलंका के बल्लेबाज़ भानुका राजपक्षे ने अपनी सफ़ाई में भारतीय क्रिकेट को 'बेहद उन्नत' बताया और उसके सिस्टम, इंफ्रास्ट्रक्चर और उपकरणों के मानकों का ज़िक्र किया.
यह सफ़ाई उनके पहले बयान पर हुई चर्चा के बाद आई, जिसमें उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की पावर-हिटिंग क्षमता और उनके इस्तेमाल किए जाने वाले बल्लों की बात की थी, जो उन्हें दूसरे जगहों पर आम तौर पर मिलने वाले बल्लों से अलग महसूस होते हैं.
राजपक्षे ने क्या कहा था

हरि टीवी के पत्रकार लाहिरू मुदालिगे से बात करते हुए राजपक्षे ने कहा था कि, "भारतीय बल्लेबाज़ ऐसे बल्लों का इस्तेमाल करते दिखते हैं जो ज़्यादा ताक़त पैदा करते हैं, और उनका अहसास ऐसा होता है जैसे उन पर रबड़ की एक अतिरिक्त परत लगी हो."
उन्होंने अपने निजी अनुभव के आधार पर कहा कि, "संभव है ये किसी खास किस्म की विलो लकड़ी से बने हों."
उन्होंने कहा था, "भारतीय खिलाड़ियों के बल्ले हमारे पास मिलने वाले सबसे अच्छे बल्लों से भी कहीं ज़्यादा बेहतर होते हैं. मुझे समझ नहीं आता कि ऐसा कैसे संभव है. ये बल्ले दूसरे लोग खरीद भी नहीं सकते. सभी खिलाड़ी यह जानते हैं."
उन्होंने कहा "ये मूर्खतापूर्ण लग सकता है लेकिन ईमानदारी से मुझे यही महसूस होता है."
इसी इंटरव्यू में पूर्व आईपीएल खिलाड़ी राजपक्षे ने भारतीय क्रिकेट के मज़बूत बैटिंग कल्चर और इंडियन प्रीमियर लीग की भी तारीफ़ की, जिसे उन्होंने दुनिया की सबसे बेहतरीन टी20 लीग बताया, और कहा कि इसी वजह से भारतीय क्रिकेट में लगातार टैलेंटेड खिलाड़ी सामने आ रहे हैं.
भानुका राजपक्षे बाएं हाथ के बल्लेबाज़ और दाएं हाथ से मीडियम पेस गेंदबाज़ी करते हैं.
वो आईपीएल में साल 2022 के दौरान पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं.
उन्होेंने पांच वनडे मैचों में 17.80 के औसत से 89 रन बनाए हैं.
इसके अलावा 45 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 22.54 के औसत से 744 रन बनाए हैं. टी-20 में उनका स्ट्राइट रेट 130.52 रहा है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
















