अजित पवार के विमान हादसे के बाद सरकार ने दिए स्पेशल सेफ़्टी ऑडिट के आदेश

इस दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री रहे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, प्रवीण

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता प्रवीण को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर मिलेंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर उन्हें विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. अजित पवार के विमान हादसे के बाद सरकार ने दिए स्पेशल सेफ़्टी ऑडिट के आदेश

    बारामती में जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वह लीयरजेट 45 एक्सआर विमान था
    इमेज कैप्शन, बारामती में जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वह लीयरजेट 45 एक्सआर विमान था

    भारतीय नागरिक उड्डयन नियामक यानी डीजीसीए ने मंगलवार को उस निजी कंपनी के सभी विमानों के सेफ़्टी ऑडिट के आदेश दिए हैं जिसका एक विमान बीते दिनों बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

    इस दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री रहे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी.

    वीएसआर वेंचर्स समेत 15 नॉन शेड्यूल ऑपरेटर्स के लिए यह आदेश जारी किया गया है.

    डीजीसीए ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए एक्स पर लिखा, “28 जनवरी 2026 को बारामती में वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिडेट के लीयरजेट 45 विमान वीटी-एसएसके के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद डीजीसीए ने चार फ़रवरी 2026 से सभी बड़े ऑपरेटरों के विशेष सेफ़्टी ऑडिट का आदेश दिया. इसमें वीएसआर वेंचर्स भी शामिल है. ये ऑडिट चरणबद्ध तरीक़े से किया जाएगा.”

    वीएसआर वेंचर्स की सेफ़्टी ऑडिट रिपोर्ट को सौंपने की अंतिम तारीख़ 15 फ़रवरी 2026 है.

    डीजीसीए ने यह आदेश दो फ़रवरी 2026 को जारी किया था, लेकिन जानकारी अब दी है.

    28 जनवरी को दुर्घटना बारामती हवाई अड्डे के रनवे पर लैंडिंग के दौरान हुई थी.

    जो प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वो कनाडाई कंपनी बॉम्बार्डियर निर्मित एक लीयरजेट-45 एक्सआर विमान था.

  3. पाकिस्तान के यू टर्न पर उमर अब्दुल्लाह बोले- 'धमकी पर कायम रहने की हिम्मत नहीं, तो चुपचाप मैच खेलें'

    उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह जम्मू-कश्मीर के सीएम हैं

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान के भारत के साथ मैच खेलने पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने अब भारत के साथ मैच खेलना चुना है. मेरा बस उनसे इतना कहना है कि वो ऐसी धमकी ना दें जिस पर कायम रहने के लिए वो तैयार नहीं हैं."

    "उन्होंने धमकी दी कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे, लेकिन फिर डर गए और अपनी धमकी खुद वापस ली. जिन लोगों के पास अपनी धमकी के साथ खड़े रहने की ताकत नहीं है, उन्हें धमकी नहीं देनी चाहिए. उन्होंने चुपचाप आकर मैच में उतर जाना चाहिए और फिर मैच में जो होगा वो देखना चाहिए."

    दरअसल, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को 15 फ़रवरी को भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दे दी है.

    उन्होंने कहा है कि यह फ़ैसला मित्र देशों के अनुरोध पर लिया गया है.

  4. पाकिस्तान ने अमेरिका के सामने 191 रन की चुनौती रखी, बाबर आज़म ने बनाए इतने रन

    बाबर आज़म

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बाबर आज़म ने 46 रन बनाए

    टी-20 वर्ल्ड कप में अमेरिका के ख़िलाफ़ पाकिस्तान ने जीत के लिए 20 ओवर में 191 रन का लक्ष्य रखा है.

    कोलंबो में खेले जा रहे इस मुकाबले में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया.

    साहिबज़ादा फ़रहान और सैम अयूब ने पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई और 5.1 ओवर में 54 रन जोड़े. अयूब हालांकि 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

    वहीं साहिबज़ादा फ़रहान ने 41 गेंदों में 73 रन की पारी खेली. उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे. बाबर आज़म 32 गेंद में 46 रन की पारी खेली.

    शादाब ख़ान ने 12 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली.

    हालांकि आखिरी दो ओवर्स में अमेरिका ने जोरदार वापसी की और पाकिस्तान को 20 ओवर में 190 रन पर ही रोक दिया.

    अमेरिकी गेंदबाज़ शैडली वॉन शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन खर्च कर चार विकेट हासिल किए.

  5. हरभजन सिंह बोले- 'मुझे पता था इस वजह से पाकिस्तान को मैच खेलना पड़ेगा'

    हरभजन सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान अब 15 फरवरी को भारत के साथ वर्ल्ड कप का मैच खेलेगा

    टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के भारत के साथ मैच खेलने के फैसले पर पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है.

    हरभजन सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "मैंने पहले कहा था कि ये (पाकिस्तान) यू-टर्न लेंगे और मैच खेलेंगे. पाकिस्तान का इसके बिना गुजारा नहीं हैं और भारत किसी पर निर्भर नहीं है."

    "हम हैरान नहीं हैं, हमें पता था कि ये होने वाला है. जितना जिसको समर्थन उन्होंने देना था वो दिया उन्होंने. आईसीसी ने जो वोटिंग करवाई थी उसमें बांग्लादेश के खिलाफ 14-2 से फैसला हुआ था. पाकिस्तान, बांग्लादेश के साथ खड़ा था."

    हरभजन सिंह ने कहा, "अगर पाकिस्तान के साथ नहीं खेलता है, तो मत खेले. लेकिन फिर आईसीसी के सामने उसके क्या परिणाम होंगे उसका सामना करिए."

    दरअसल, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को 15 फ़रवरी को भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दे दी है.

    पाकिस्तान ने पहले भारत के साथ मैच खेलने से इनकार किया था.

  6. ट्रंप ने कनाडा और अमेरिका को जोड़ने वाले पुल का उद्घाटन रोकने की धमकी क्यों दी

    कनाडा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस पुल के बनने का काम साल 2018 में शुरू हुआ था

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और कनाडा को जोड़ने वाले पुल के उद्घाटन नहीं होने देने की धमकी दी है.

    ट्रंप ने कहा है कि जब तक कनाडा को दिए हर तरह के योगदान के लिए अमेरिका को पूरा मुआवज़ा नहीं मिल जाता, तब तक वह इस पुल का उद्घाटन नहीं होने देंगे.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, "कनाडा के ओंटारियो को अमेरिका के मिशिगन से जोड़ने वाला गॉर्डी होवे अंतरराष्ट्रीय पुल तब तक नहीं खुलेगा जब तक अमेरिका के साथ वह निष्पक्षता भरा व्यवहार नहीं करता."

    प्रोजेक्ट की वेबसाइट के मुताबिक, पुल के निर्माण के लिए पैसा कनाडा ने खर्च किया है. लेकिन इसका स्वामित्व कनाडा और मिशिगन दोनों के पास रहेगा.

    मिशिगन की डेमोक्रेट सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन ने कहा, "इस प्रोजेक्ट को रोकना राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत बुरा होगा."

    हालांकि अभी तक ये साफ़ नहीं है कि राष्ट्रपति ट्रंप कैसे इस पुल का उद्घाटन होने से रोक सकते हैं.

    टेस्ट पूरा होने के बाद इस पुल को इस साल की शुरुआत में ही ओपन किया जाना तय हुआ था. इस पुल के बनने की शुरुआत साल 2018 में हुई थी.

  7. शशि थरूर क्यों बोले- 'क्रिकेट में राजनीति नहीं देखना चाहता'

    शशि थरूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शशि थरूर ने पाकिस्तान के मैच खेलने के फैसले का स्वागत किया है

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि वो राजनेता जरूर हैं, लेकिन वो खेल में राजनीति नहीं देखना चाहते हैं.

    शशि थरूर ने पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच के लिए राजी होने के फैसले का स्वागत किया है.

    उन्होंने कहा, "स्पोर्ट्स अलग है. लोगों को खेलने देना चाहिए. राजनेताओं को राजनीति अलग जगह करनी चाहिए. क्रिकेट प्लेयर्स को खेलने देना चाहिए. मैं इस फैसले से खुश हूं. क्रिकेट आगे बढ़ेगी."

    "हम सब लोग समर्थन अपनी टीम का ही करेंगे. लेकिन बात ये है कि मैच जरूर होना चाहिए."

    भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच के बारे में शशि थरूर ने कहा, "क्रिकेट इस मैच के साथ आगे बढ़ रही है. कौन जीत रहा है, कौन हार रहा है, ये अलग बात है."

    दरअसल, पाकिस्तान ने पहले टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था. लेकिन अब पाकिस्तान इस मैच को खेलने के लिए तैयार हो गया है.

  8. कार्टून: ताकि याद रहे

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, असम के मुख्यमंत्री के विवादित वीडियो और हेट स्पीच की मामलों पर आज का कार्टून
  9. टी-20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से हराया

    न्यूजीलैंड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, न्यूजीलैंड ने 15.2 ओवर में ही 174 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप डी के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से मात दे दी है.

    चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था.

    यूएई ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 174 रन का लक्ष्य रखा था.

    न्यूजीलैंड ने टिम साइफ़र्ट और फिन एलेन की तूफानी पारियों की बदौलत इस लक्ष्य को 28 गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया.

    फिन एलेन 84 ने और टिम साइफ़र्ट 89 ने रन की नाबाद पारी खेली.

    इससे पहले यूएई के लिए कप्तान मोहम्मद वसीम ने 45 गेंद में 66 रन की पारी खेली थी.

    हालांकि अलावा आलीशान शराफ़ु ने भी 47 गेंद में 55 रन का योगदान दिया.

    इसके साथ ही न्यूजीलैंड टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दोनों मैच जीतने में कामयाब हो गई है.

  10. एचडीएफसी बैंक की कर्मचारी ने वायरल वीडियो के बारे में क्या बताया?

    आस्था सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आस्था सिंह एचडीएफसी बैंक की कर्मचारी हैं

    उत्तर प्रदेश के कानपुर में एचडीएफसी बैंक की कर्मचारी आस्था सिंह ने अपना वीडियो वायरल होने पर प्रतिक्रिया दी है.

    आस्था सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "इस पूरे मामले को गलत तरीके से पेश किया गया है. ये मामला हमारे साथ काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के पति से जुड़ा हुआ है. जिन्होंने मेरा साथ बदतमीजी की थी."

    "उसके बाद जवाब में मुझे जो सही लगा, वो मैंने कहा. अगर कोई मुझ से मेरी जाति के बारे में पूछ रहा है तो मुझे अपनी जाति का प्रमाण देना उचित लगा."

    उन्होंने कहा, "इसे जातिवाद का मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है. जिन्हें मैंने जवाब दिया वो ब्राह्मण हैं. सोशल मीडिया पर मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है. मैं इस पर लीगल एक्शन लूंगी."

    सोमवार को कानपुर के पनकी क्षेत्र स्थित एचडीएफसी बैंक की एक शाखा से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.

    वीडियो में बैंक के अंदर महिला कर्मचारी किसी से तीखी बहस दिखाई दे रही थीं.

  11. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ख़िलाफ़ विपक्ष ने दिया अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला

    विपक्ष ने मंगलवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह प्रस्ताव राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को सदन में बोलने से रोकने के लिए दिया गया है.

    इसके साथ ही इसमें आठ सांसदों के निलंबन का मुद्दा भी उठाया गया है.

    शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "पूरे सत्र में जो काम हो रहा है वो संविधान के मुताबिक नहीं है. आप जानते हैं लोकतंत्र में सबसे बड़ी जगह संसद है. अगर वहां विपक्ष के नेता को ही बात करने से रोका जाएगा तो फिर बाकी क्या बात की जाए? जनतंत्र के मूल पर ही चोट पहुंचाई जा रही है."

    "जनतंत्र और संविधान को सीमित किया जा रहा है. आपको जवाब देने का अधिकार है. आप जवाब दे सकते हैं. संसद की कार्यवाही जिस तरह से चल रही है उसकी वजह से इस प्रस्ताव का नोटिस दिया गया है."

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस नोटिस पर विपक्ष के 118 सांसदों ने साइन किए हैं.

  12. टी-20 वर्ल्ड कप: अपने पसंदीदा क्रिकेटर्स के बारे में कितना जानते हैं आप?

    बीबीसी के इस इंटरैक्टिव गेम से आप ये पता लगा सकते हैं कि अपने पसंदीदा क्रिकेटरों के बारे में कितनी जानकारी आपके पास है.

    पता लगाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  13. अमेरिका के साथ आगे की बातचीत को लेकर ईरान के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान और अमेरिका के बीच ओमान में बातचीत हुई है

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने ईरान और अमेरिका के अधिकारियों के बीच बातचीत को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "ओमान में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत के दौरान यह साफ़ हो गया कि आगे भी बातचीत जारी रहेगी."

    दरअसल, ईरान और अमेरिका में बातचीत की मध्यस्थता ओमान ने की है.

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल ने ओमान के राजनयिकों के माध्यम से डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव व्हिटकॉफ़ और राष्ट्रपति ट्रंप के दामाद ज़ेरेड कुशनर से अप्रत्यक्ष वार्ता की.

    अब्बास अराग़ची ने पुष्टि की कि वार्ता के अंत में उनकी अमेरिकी अधिकारियों के साथ 'संक्षिप्त मुलाकात' हुई थी.

    इस्माइल बाक़ाई ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की अमेरिका यात्रा पर भी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "यह अमेरिका पर निर्भर करता है कि दबाव और विनाशकारी प्रभावों से मुक्त होकर काम करने पर कैसे फैसला लेता है. जो निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए ख़तरनाक है, वो अमेरिका के लिए भी ख़तरनाक है."

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अमेरिका में मुलाकात कर सकते हैं.

  14. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ खेलने को लेकर पाकिस्तान के यू टर्न पर सौरव गांगुली बोले

    सौरव गांगुली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने पहले 15 फ़रवरी को होने वाले मैच में भारत के साथ खेलने से इनकार कर दिया था

    आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने प्रतिक्रिया दी है.

    सौरव गांगुली ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "अच्छा है. ये बड़ा मैच है, टीवी के हिसाब के भी ये बहुत बड़ा मैच है. भारत को हराना आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि टीम इंडिया बहुत मजबूत है."

    "वर्ल्ड कप की शुरुआत बहुत शानदार हुई है. नेपाल ने अच्छा खेल दिखाया है. नीदरलैंड्स भी अच्छा खेला है. ऐसे मौके मिलेंगे तो ये देश भी अच्छा परफॉर्म करेंगे."

    दरअसल, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को 15 फ़रवरी को भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने की अनुमति दे दी है.

    उन्होंने कहा है कि यह फ़ैसला मित्र देशों के अनुरोध पर लिया गया है.

  15. टी-20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड्स ने नामीबिया को सात विकेट से हराया

    बेस डी लीडे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेस डी लीडे ने 72 रन की पारी खेली

    आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए के मैच में नीदरलैंड्स ने नामीबिया को सात विकेट से हरा दिया है.

    नामीबिया की ओर से ओर से मिले 156 रन के लक्ष्य को नीदरलैंड्स ने 18 ओवर में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.

    नीदरलैंड्स के लिए बेस डी लीडे ने 48 गेंद में 72 रन की नाबाद पारी खेली. उनकी पारी में पांच चौके और चार छक्के शामिल रहे.

    इससे पहले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में नीदरलैंड्स ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी नामीबिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुक़सान पर 156 रन बनाए हैं. निकोल लॉफ़्टी-ईटन ने सबसे अधिक 42 रन बनाए हैं.

  16. अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता प्रवीण आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. बिहार विधान परिषद में हंगामा, मार्शल ने विपक्षी सदस्यों को बाहर निकाला, सीटू तिवारी, पटना से, बीबीसी संवाददाता

    बिहार विधान परिषद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विपक्षी सदस्यों ने सोमवार को भी बिहार विधान परिषद में प्रदेश की क़ानून व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था

    बिहार विधान परिषद में विपक्षी सदस्यों ने मंगलवार को भी राज्य सरकार के प्रति विरोध जताया.

    परिषद में मंत्री अशोक चौधरी और आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई. दोनों नेताओं ने इस बीच एक दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की.

    विपक्षी सदस्य 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाते हुए वेल में आ गए. सभापति अवधेश नारायण सिंह के बार-बार शांत रहने के आग्रह के बावजूद हंगामा जारी रहा.

    इस बीच सत्ता पक्ष के सदस्यों की तरफ़ से भी नारे लगे, 'आसन का अपमान नहीं सहेंगे'.

    परिषद में मौजूद मंत्री मंगल पांडेय ने कहा, "विपक्ष सदन को नहीं चलने देना चाहता है. जनता की राशि सदन चलाने में ख़र्च होती है. लेकिन ये लोग जवाब नहीं सुनना चाहते हैं. ये लोकतंत्र के मंदिर का अपमान कर रहे हैं."

    सभापति ने पहले सभी विपक्षी सदस्यों को खुद बाहर जाने को कहा, लेकिन नारेबाजी जारी रही. उसके बाद सभापति ने मार्शल को बुलाकर विपक्षी सदस्यों को बाहर निकाला.

    इससे पहले, सोमवार को परिषद में प्रदेश की क़ानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी सदस्यों ने दोनों पालियों में जमकर हंगामा किया था.

    इस हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कह दिया था.

    विपक्षी सदस्य नीट छात्रा की पटना के हॉस्टल में संदिग्ध मौत, दरभंगा में 6 साल की बच्ची के रेप सहित राज्य के कई हिस्सों में महिलाओं के साथ हो रही यौन हिंसा का मुद्दा उठा रहे थे.

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कहने का विरोध विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर किया और मुख्यमंत्री की सेहत पर सवाल उठाए.

  18. टी20 वर्ल्ड कप: दिल्ली में खेले जा रहे मैच में नामीबिया ने नीदरलैंड्स को दिया 157 रन का लक्ष्य

    नामीबिया-नीदरलैंड्स मैच

    इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, नामीबिया के निकोल लॉफ़्टी-ईटन ने सबसे अधिक 42 रन बनाए हैं

    आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए के मैच में नामीबिया ने नीदरलैंड्स को 157 रन का टारगेट दिया है.

    दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में नीदरलैंड्स ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी नामीबिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुक़सान पर 156 रन बनाए हैं. निकोल लॉफ़्टी-ईटन ने सबसे अधिक 42 रन बनाए हैं.

    नीदरलैंड्स की ओर से लोगन वैन बीक और बास डलीडे ने दो-दो विकेट लिए हैं.

    नामीबिया (प्लेइंग इलेवन): लॉरेन स्टीनकैंप, यान फ़्रायलिंक, निकोल लॉफ़्टी-ईटन, एरार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), डायलन लीचर, रुबेन ट्रंपलमन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ज़, मैक्स हाइंगो.

    नीदरलैंड्स (प्लेइंग इलेवन): माइकल लेविट, मैक्स ओ'डाउड, बास डलीडे, कॉलिन ऐकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), ज़ैक लायन, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, रुलॉफ़ वैन डर मर्व, टिम वैन डर गगटेन, फ़्रेड क्लासेन.

  19. भारत के साथ मैच के पाकिस्तान के फ़ैसले पर बीसीसीआई ने क्या कहा

    बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि सारे पक्षों को ध्यान में रखकर ये निर्णय लिया गया है

    पाकिस्तान सरकार ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारत के ख़िलाफ़ मैच के बहिष्कार का एलान वापस ले लिया है. इस पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस सांसद और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "अब ये तय हो गया कि 15 फ़रवरी को श्रीलंका में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होगा."

    "पहले जो इस मैच के न होने के तमाम विवाद खड़े हुए थे, उस सब पर विराम लग गया है. मैं इसके लिए बीसीसीआई की ओर से आईसीसी को बहुत धन्यवाद दूंगा."

    उन्होंने कहा, "आईसीसी चेयरमैन और आईसीसी के प्रतिनिधियों ने पाकिस्तान (क्रिकेट) बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बात करके एक बहुत अच्छा समाधान निकाला. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी आईसीसी की प्रशंसा की."

    "सारे पक्षों को ध्यान में रखकर ये निर्णय लिया गया है. अब ये मैच होगा."

  20. नरवणे की किताब को लेकर पेंगुइन इंडिया के बयान पर क्या बोले राहुल गांधी

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मुझे लगता है कि नरवणे जी ने अपनी किताब में कुछ ऐसी बातें कही हैं, जो पीएम के लिए असुविधाजनक हैं

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद (एमएम) नरवणे की किताब 'फ़ोर स्टार्स ऑफ़ डेस्टिनी' को लेकर पेंगुइन इंडिया की ओर से जारी बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बयान जारी किया है कि नरवणे की किताब के प्रकाशन का अधिकार केवल उसके पास है और यह पुस्तक अब तक प्रकाशित नहीं हुई है.

    इस पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "मनोज नरवणे जी का ही एक ट्वीट है जिसमें लिखा है- 'हेलो फ़्रेंड्स, मेरी किताब अब उपलब्ध है, बस लिंक को फ़ॉलो करें'."

    "मैं जो कहना चाह रहा हूं वह यह है कि या तो मिस्टर नरवणे झूठ बोल रहे हैं या पेंगुइन झूठ बोल रहा है. मुझे नहीं लगता कि पूर्व आर्मी चीफ़ झूठ बोलेंगे."

    राहुल गांधी ने कहा, "पेंगुइन का कहना है कि किताब पब्लिश नहीं हुई है. किताब अमेज़न पर उपलब्ध है. नरवणे ने 2023 में ट्वीट किया था कि मेरी किताब ख़रीदें."

    "क्या आपको नरवणे जी से ज़्यादा पेंगुइन पर भरोसा है? मुझे लगता है कि नरवणे जी ने अपनी किताब में कुछ ऐसी बातें कही हैं जो भारत सरकार और भारत के प्रधानमंत्री के लिए असुविधाजनक हैं. जाहिर है, आपको तय करना होगा कि पेंगुइन सच बोल रहा है या पूर्व आर्मी चीफ़ सच बोल रहे हैं."

    संबंधित कहानियां-

Trending Now