वाराणसी की दालमंडी में मकानों को तोड़े जाने पर प्रशासन ने क्या कहा

वाराणसी में दालमंडी में 650 मीटर की सड़क चौड़ी की जा रही है. इसको लेकर सड़क के बीच से दोनों तरफ़ 8.5 मीटर पर पड़ने वाले मकानों को तोड़ा जा रहा है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता,दीपक मंडल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर मिलेंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर उन्हें विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    हिमंत बिस्वा सरमा वीडियो विवाद: बीजेपी ने पोस्ट क्यों हटाई और इसके राजनीतिक मायने क्या हैं?

    अजित पवार की मौत के बाद पवार परिवार में कैसे बदला सत्ता का संतुलन?

    'दिल्ली नहीं, ढाका': क्या बांग्लादेश की युवा पीढ़ी में भारत विरोधी भावना बढ़ रही है?

    भारत ने अब तक रूस से तेल ख़रीद पर पूरी रोक लगाने की बात क्यों नहीं कही है?

  2. वाराणसी की दालमंडी में मकानों को तोड़े जाने पर प्रशासन ने क्या कहा, सैयद मोज़िज इमाम, बीबीसी संवाददाता

    वाराणसी

    इमेज स्रोत, Nityanand Mishra

    वाराणसी की दाल मंडी के चौड़ीकरण के काम में 21 मकान चिह्नित किए गए थे. एक मकान के मालिक ने तरल पदार्थ डालकर घर में आग लगा दी थी.

    पुलिस ने दावा किया है कि आग को काबू में कर लिया था. दश्वामेध के एसीपी अतुल रंजन त्रिपाठी ने मीडिया से कहा, ''एक व्यक्ति जिसका नाम अहमद है उसके द्वारा पोर्च पर आग लगा दी थी. इस प्रकरण में दो लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.’'

    इसके बाद नगर निगम ने चिन्हित मकानों पर कार्रवाई जारी रखी है.

    पीडब्ल्यूडी के एक्ज़ीक्यूटिव इंजीनियर के के सिंह ने कहा, ‘’नगर निगम ने 21 मकानों को जर्जर के तौर पर चिह्नित किया था, जो कभी भी गिर सकते थे. एक मकान पर जेसीबी चली है. बाकी को मैनुअल तरीके से तोड़ा जा रहा है.''

    वाराणसी में दालमंडी में 650 मीटर की सड़क चौड़ी की जा रही है.

    इसको लेकर सड़क के बीच से दोनों तरफ़ 8.5 मीटर पर पड़ने वाले मकानों को तोड़ा जा रहा है.

    प्रशासन के मुताबिक़ इसके दायरे में तक़रीबन 181 मकान और इनमें बने 560 दुकानें आ रही हैं.

  3. विराट कोहली और रोहित शर्मा बीसीसीआई के सालाना कॉन्ट्रैक्ट में हुए डिमोट

    विराट कोहली और रोहित शर्मा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली और रोहित शर्मा (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने साल 2025-26 सीज़न के लिए टीम इंडिया सीनियर पुरुष और सीनियर महिला टीम के लिए सालाना प्लेयर रिटेनरशिप की घोषणा कर दी है.

    इसमें मशहूर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में "ग्रेड बी" में रखा गया है, यानी उन्हें डिमोट किया गया है.

    इस सीज़न में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को ग्रेड ए में रखा गया है.

    जबकि ग्रेड बी में वाशिंगटन सुंदर, रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, सूर्य कुमार यादव और श्रेयस अय्यर रखे गए हैं.

    वहीं अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा अक्षदीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नितीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई और रितुराज गायकवाड़ ग्रेड सी में हैं.

  4. रूस से तेल ख़रीदने के सवाल पर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने क्या बताया?

    विक्रम मिसरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश सचिव विक्रम मिसरी

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने रूस से तेल ख़रीदने के सवाल पर जवाब दिया है.

    सोमवार को एक प्रेस ब्रीफ़िंग में विक्रम मिसरी से पूछा गया कि ‘क्या भारत रूसी तेल ख़रीदना बंद कर देगा, जैसा कि अमेरिका ने दावा किया है?'

    इस पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि भारत तेल के लिए किसी एक सोर्स पर निर्भर नहीं है, और न ही ऐसा करने का इरादा है.

    उन्होंने कहा, "आप जानते हैं कि भारत तेल और गैस सेक्टर में मूल रूप से इंपोर्टर है. हम एक डेवलपिंग इकॉनमी हैं. हमें अपने रिसोर्स की उपलब्धता के बारे में जागरूक रहना होगा. स्वाभाविक रूप से, जब आप 80-85% तक किसी इंपोर्टेड रिसोर्स पर निर्भर होते हैं, तो आपको तेल की वजह से होने वाली महंगाई की चिंता होगी."

    "इसलिए, यह कोई हैरानी की बात नहीं है कि हमारी प्राथमिकता भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है, जहां तक ​​एनर्जी की बात है तो यह पक्का करना है कि सही कीमत पर और भरोसेमंद और सुरक्षित सप्लाई के ज़रिए पर्याप्त ऊर्जा मिले.”

    उन्होंने कहा, “एनर्जी के मामले में हमारी इंपोर्ट पॉलिसी पूरी तरह से इन्हीं उद्देश्यों से तय होती है…हाल के सालों में, ग्लोबल इकॉनमी ने काफी अनिश्चितताओं का सामना किया है. हम इसके लिए किसी एक सोर्स पर निर्भर नहीं हैं, और न ही हम ऐसा करना चाहते हैं.”

    उन्होंने आगे कहा, “यह स्वाभाविक है कि सोर्स का मिक्स समय-समय पर बदलता रहता है, जो मार्केट की स्थितियों पर निर्भर करता है. हमारा तरीका सप्लाई के कई सोर्स बनाए रखना और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें ज़रूरत के हिसाब से डाइवर्सिफाई करना है. इसलिए, मैं कहूंगा कि हम इस क्षेत्र में जितने ज़्यादा डाइवर्सिफाइड होंगे, उतने ही ज़्यादा सुरक्षित होंगे.”

    “जहां तक ​​एनर्जी की असल सोर्सिंग की बात है…आप जानते हैं कि असल सोर्सिंग तेल कंपनियाँ करती हैं. पब्लिक सेक्टर की तेल कंपनियां, प्राइवेट सेक्टर की तेल कंपनियां. और वे मार्केट की स्थितियों के आधार पर फैसले लेती हैं."

  5. चीन ने कहा- 'नहीं किया परमाणु परीक्षण, अमेरिकी आरोप बेबुनियाद'

    चीन और अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन ने कहा है कि अमेरिका उस पर परमाणु परीक्षण करने के बेबुनियाद आरोप लगा रहा है

    चीन ने अमेरिका के उन आरोपों को ख़ारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया है कि उसने गुप्त रूप से परमाणु परीक्षण किए हैं.

    चीन ने इन आरोपों को ''सरासर झूठ'' बताया है और अमेरिका पर खुद नए परमाणु परीक्षण शुरू करने की मंशा रखने का आरोप लगाया है.

    समाचार एजेंसी एएफपी से बात करते हुए चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के दावे पूरी तरह बेबुनियाद हैं.

    शुक्रवार को जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र के निरस्त्रीकरण सम्मेलन में अमेरिका ने आरोप लगाया कि चीन ने साल 2020 में परमाणु परीक्षण किए थे. इसके अलावा भी उसने कई परमाणु परीक्षण किए हैं और भविष्य में और परीक्षण करने की तैयारी कर रहा है.

    ये आरोप ऐसे समय में लगाए गए हैं, जब अमेरिका और रूस के बीच आखिरी बची परमाणु हथियार नियंत्रण संधि की मियाद एक दिन पहले ही ख़त्म हो गई है.

    अमेरिका ने अब एक नए परमाणु हथियार नियंत्रण समझौते की मांग की है, जिसमें चीन को भी शामिल किया जाए.

  6. टी-20 वर्ल्ड कप 2026 : जिम्बॉब्वे ने ओमान को आठ विकेट से दी शिकस्त

    जिम्बाब्वे

    इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट ओमान के ख़िलाफ़ मैच में शॉट खेलते हुए

    ब्लेसिंग मुजरबानी समेत दूसरे गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन और बल्लेबाज ब्रायन बेनेट की 36 गेंद में नाबाद 48 रन की पारी की बदौलत जिम्बॉब्वे ने टी-20 वर्ल्ड कप में ओमान को आठ विकेट से हरा दिया.

    जिम्बॉब्वे ने ये जीत 45 गेंद शेष रहते हासिल की. ओमान को 103 रन पर आउट करने के बाद जिम्बॉब्वे ने 13.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर 106 रन बनाकर आसान जीत दर्ज़ की.

    मुजरबानी ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लेते हुए ओमान के टॉप ऑर्डर को तबाह कर दिया.

    उन्हें रिचर्ड नगारवा का साथ मिला. तेज गेंदबाज़ ब्रैंड इवांस ने 3.5 ओवर में 18 रन पर तीन विकेट लेते हुए जिम्बॉब्वे के निचले क्रम को आउट किया.

    इससे पहले ओमान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 27 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे. आख़िरकार उसके बल्लेबाजों ने स्कोर को 103 रन पर पहुंचाया.

  7. पॉडकास्ट- दिनभर : बांग्लादेश चुनाव - क्या हैं चिंताएं और चुनौतियां?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. दक्षिण कोरिया में आबादी बढ़ाने के लिए विदेशी महिलाओं को लाने के पैरोकार अफ़सर की पार्टी से छुट्टी

    दक्षिण कोरिया के बच्चे

    इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया दुनिया की सबसे कम जन्म-दर की समस्या से जूझ रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    दक्षिण कोरिया में जन्म-दर बढ़ाने के लिए ‘वियतनाम या श्रीलंका से युवा महिलाओं को लाने का सुझाव देने वाले एक सरकारी अधिकारी को सत्तारूढ़ पार्टी से निकाल दिया गया है.

    दक्षिणी जिंदो काउंटी के प्रमुख किम ही-सू ने पिछले सप्ताह एक टाउन-हॉल बैठक के दौरान कहा था कि इन महिलाओं की शादी ग्रामीण इलाकों के युवा पुरुषों से कराई जा सकती है.

    यह बयान ऐसे समय आया है जब दक्षिण कोरिया दुनिया की सबसे कम जन्म-दर की समस्या से जूझ रहा है.

    अनुमान है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो देश की क़रीब पांच करोड़ की आबादी अगले 60 वर्षों में आधी हो जाएगी.

    हालांकि टेलीविज़न पर प्रसारित हुए किम ही-सू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. इस बयान के बाद वियतनाम की ओर से राजनयिक विरोध दर्ज कराया गया.

    कई दिनों तक देश के लोगों में नाराजगी रही और आख़िरकार उन्हें सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी से निकाल दिया गया.

  9. शरद पवार की तबीयत के बारे में उनके डॉक्टर ने क्या बताया

    शरद पवार

    इमेज स्रोत, Matthew Lewis/Getty Images

    इमेज कैप्शन, शरद पवार को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन उनके डॉक्टर ने बताया कि उनकी हालत सामान्य है. (फ़ाइल फ़ोटो)

    एनसीपी (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत के बारे में उनके डॉक्टर ने जानकारी दी है.

    पुणे को रूबी हॉल क्लीनिक के डॉक्टर अभिजीत लोढा ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए पत्रकारों से कहा शरद पवार की स्थिति अब सामान्य है.

    उन्होंने कहा, ‘’शारीरिक परिश्रम के कारण उनकी छाती में कुछ कंजेशन हुआ है. हमने आवश्यक जांचें कर ली हैं और उचित इलाज शुरू कर दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद इलाज में आगे के बदलाव तय किए जाएंगे. उन्हें एक प्राइवेट रूम में भर्ती किया गया है और फिलहाल सभी वाइटल पैरामीटर्स. वाइटल पैरामीटर्स से मतलब ऑक्सीजन लेवल, ब्लड प्रेशर और सैचुरेशन से है, जो सभी सामान्य हैं.”

    एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को पहले गले के संक्रमण से जुड़ी शिकायतों के बाद बारामती से पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    पहले कहा गया था कि उन्हें कफ़ की परेशानी के बाद अस्पताल लाया गया है.

    शरद पवार 28 जनवरी को एक प्लेन क्रैश में भतीजे और महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार की मौत के बाद बारामती में थे और लगातार बैठकों में हिस्सा ले रहे थे.

    लेकिन सोमवार को जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो डॉक्टरों ने उन्हें पुणे जाकर इलाज कराने की सलाह दी थी.

  10. कार्टून: क्रिकेट, पैसा और पॉलिटिक्स

    टी20 विश्वकप में भारत - पाकिस्तान
    इमेज कैप्शन, टी20 विश्वकप में भारत - पाकिस्तान के मैच को लेकर जारी विवाद पर आज का कार्टून.
  11. हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने ख़िलाफ़ ओवैसी की ओर से दर्ज़ शिकायत पर क्या कहा

    हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Anuwar Hazarika/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वो पहले भी 'बांग्लादेशी घुसपैठियों' के ख़िलाफ़ थे और अब भी हैं . (फ़ाइल फ़ोटो)

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से दर्ज़ शिकायत पर प्रतिक्रिया दी है.

    ओवैसी ने असम बीजेपी की तरफ से एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है. हालाँकि यह वीडियो अब हटा लिया गया है.

    इस शिकायत पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं.''

    असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ''मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं, मैं क्या कर सकता हूं? मुझे किसी भी वीडियो के बारे में कुछ नहीं पता. अगर उन्होंने मेरे ख़िलाफ़ मामला दर्ज़ कराया है तो मुझे गिरफ़्तार कर लीजिए. मुझे कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन मैं अपने शब्दों पर कायम हूं. मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों के ख़िलाफ़ हूं और आगे भी उनके ख़िलाफ़ रहूंगा.''

    इससे पहले सोमवार को ओवैसी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित (अब डिलीट किए जा चुके) एक वीडियो को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ख़िलाफ़ आपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए हैदराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

    असम बीजेपी की ओर से एक्स पर साझा किए गए और बाद में हटाए गए वीडियो में कथित तौर पर हिमंत बिस्वा सरमा को एक राइफल तानते हुए और दो व्यक्तियों पर गोली चलाते हुए दिखाया गया था. जिसमें एक ने स्कल कैप पहन रखी है और दूसरे की दाढ़ी थी. इसका कैप्शन था, ''पॉइंट-ब्लैंक शॉट.''

  12. टी- 20 वर्ल्ड कप 2026 : ओमान ने जिम्बॉब्वे को दिया 104 रन का लक्ष्य

    टी-20 वर्ल्ड कप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ओमान के शकील अहमद को जिम्बॉब्वे के ब्रैड इवांस ने क्लीन बोल्ड कर दिया.

    टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में सोमवार को श्रीलंका के सिंहला स्पोर्ट्स क्लब मैदान में जिम्बॉब्वे और ओमान का मैच चल रहा है.

    ओमान ने जिम्बॉब्वे के सामने जीत के लिए 104 रन का लक्ष्य रखा है. हालांकि ओमान को 103 के स्कोर पर पहुंचने के लिए अपने सभी विकेट गंवाने पड़े.

    ग्रुप-बी के मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रज़ा ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फ़ैसला किया. ओमान के लिए टॉस हारने के बाद कप्तान जतिंदर सिंह और आमिर कलीम पारी की शुरुआत करने उतरे.

    लेकिन ओमान के टॉप बैटिंग ऑर्डर पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने कहर ढा दिया. उन्होंने सिर्फ 17 रन के स्कोर पर ओमान के चार विकेट गिरा दिए.

    खराब शुरुआत के बाद ओमान की पारी अभी संभली भी नहीं थी कि 27 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई.

    76 रन तक आते-आते ओमान ने 8 विकेट गंवा दिए थे. हालांकि शकील अहमद और नदीम खान ने टीम को धीरे-धीरे 100 रन के करीब पहुंचाया. लेकिन पूरी टीम 103 रन पर आउट हो गई.

  13. शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए पुणे के अस्पताल में लाया गया

    शरद पवार

    इमेज स्रोत, Himanshu Bhatt/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शरद पवार को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    एनसीपी (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार को तबीयत बिगड़ने पर सोमवार को बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक लाया गया है.

    बीबीसी मराठी के मुताबिक़ उन्हें कफ़ की परेशानी के बाद दिक्कत होने पर अस्पताल लाया गया.

    शरद पवार 28 जनवरी को एक प्लेन क्रैश में भतीजे और महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार की मौत के बाद बारामती में थे और लगातार बैठकों में हिस्सा ले रहे थे.

    लेकिन सोमवार को जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो डॉक्टरों ने उन्हें पुणे जाकर इलाज कराने की सलाह दी.

  14. ओवैसी ने कहा- ''एक समय आएगा, जब बीजेपी गोडसे को दे देगी भारत रत्न''

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, Photo by Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विनायक दामोदर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग की आलोचना की है. (फ़ाइल फ़ोटो)

    एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विनायक दामोदर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोमवार को 1857 की क्रांति में योगदान के लिए जाने जाने वाले मौलवी अलाउद्दीन का ज़िक्र करते हुए सावरकर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने के विचार की आलोचना की .

    उन्होंने कहा, ''मौलवी अलाउद्दीन, हैदराबाद की मक्का मस्जिद के इमाम थे. उन्होंने अंग्रेजों का उस समय विरोध किया था, जब औरंगाबाद में कुछ स्वतंत्रता सेनानियों को पकड़ा गया था. वो भी उस दौर में जब यहां निज़ाम का शासन था, जिन्हें अंग्रेजों का संरक्षण प्राप्त था."

    "मौलवी अलाउद्दीन पर हमला किया गया, लेकिन वह बच निकले. बाद में उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया. वह ‘काला पानी’ (अंडमान की सेल्युलर जेल) भेजे जाने वाले पहले कैदी थे. मौलाना अलाउद्दीन की वहीं जेल में मृत्यु हो गई. भारत रत्न तो ऐसे लोगों को मिलना चाहिए. ”

    ओवैसी ने कहा, ''आज आरएसएस उस शख़्स को भारत रत्न देने की मांग कर रही है जिन्होंने अंग्रेजों को छह माफ़ीनामे लिखे. एक समय ऐसा भी आएगा जब बीजेपी नाथूराम गोडसे को भारत रत्न दे देगी.''

    ओवैसी की ये प्रतिक्रिया आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की ओर से सावरकर को भारत देने की मांग के बाद आई है.

    मोहन भागवत ने आरएसएस के 100 पूरे होने पर आयोजित दो दिवसीय व्याख्यानमाला में कहा था, ''अगर सावरकर को भारत रत्न दिया जाता है तो भारत रत्न का सम्मान और बढ़ेगा.''

    उन्होंने कहा था कि वो भारत रत्न का चयन करने वाली कमेटी में नहीं हैं लेकिन मौका मिला तो वे ये मुद्दा उठाएंगे.

  15. जेफ़री एपस्टीन की फ़ाइलों पर ब्रिटेन के शाही प्रवक्ता की पहली सावर्जनक प्रतिक्रिया, क्या कहा

    ब्रिटेन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन में शाही प्रवक्ता ने कहा कि है प्रिंस ऑफ वेल्स और प्रिंसेज ने जेफ़री एपस्टीन से जुड़े ताजा सार्वजनिक हुए मामलों पर गहरी चिंता जताई है

    ब्रिटेन में प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेज कैथरीन ने जेफ़री एपस्टीन के मामलों से जुड़ी नई जानकारी सार्वजनिक होने पर ‘गहरी चिंता’ जताई है.

    केनसिंग्टन पैलेस के एक प्रवक्ता ने कहा है कि प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स जेफ़री एपस्टीन से जुड़े मामलों की नई जानकारी सार्वजनिक होने को लेकर ''बहुत ज़्यादा चिंतित'' हैं.

    इस मामले पर अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया में शाही प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका में जारी किए गए दस्तावेज़ों में सामने आई नई जानकारी के मद्देनज़र प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन का ध्यान ''सर्ववाइरों पर केंद्रित'' है.

    एंड्रयू माउंटबैटन-विंडसर भी उन लोगों में शामिल हैं, जिनके एपस्टीन से पुराने संबंधों को लेकर एक बार फिर जांच और सवाल खड़े हो रहे हैं.

    केनसिंग्टन पैलेस के प्रवक्ता ने कहा, ''मैं पुष्टि कर सकता हूं कि प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स लगातार सामने आ रहे जानकारी से बहुत चिंतित हैं. वो सर्ववाइवरों के साथ हैं.''

    पिछले सप्ताह नई जानकारी सामने आने के बाद माउंटबेटन-विंडसर ने तय समय से पहले ही अपना विंडसर स्थित आवास छोड़ दिया.

    बकिंघम पैलेस ने पहले कहा था कि वह साल 2026 की शुरुआत में रॉयल लॉज छोड़ेंगे, लेकिन उनका जाना पहले हो गया है. पूर्व प्रिंस अब किंग चार्ल्स की निजी संपत्ति सेंड्रिंघम एस्टेट में रह रहे हैं.

    माउंटबेटन-विंडसर की जेफ़री एपस्टीन के साथ लंबे समय तक दोस्ती रही थी. साल 2008 में एपस्टीन के बाल यौन अपराध के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद भी उन्होंने एपस्टीन से संपर्क बनाए रखा.

    उन्होंने पहले एपस्टीन से अपने पुराने संबंधों के लिए माफ़ी मांगी है, लेकिन किसी भी तरह के गलत काम में शामिल होने से उन्होंने पूरी तरह इनकार किया है.

  16. टी-20 वर्ल्ड कप 2026: स्कॉटलैंड की पहली जीत, इटली को 73 रन से हराया

    टी-20

    इमेज स्रोत, ge

    आईसीसी टी-20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच में स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रन से हरा दिया है.

    एक समय इटली ने स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ 14 ओवर में पांच विकेट के नुक़सान पर 129 रन बनाए लिए थे.

    लेकिन आख़िरकार इटली अपने लक्ष्य से 73 रन दूर रह गया.

    स्कॉटलैंड की ओर से बल्लेबाज़ी में मन्सी और मैकमुलेन ने शुरुआत में ही मैच का रुख तय कर दिया था, तो इटली को पूरी तरह पटरी से उतारने का काम लीस्क के हरफनमौला प्रदर्शन ने किया.

    उन्होंने सिर्फ़ 5 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए और इसके बाद 4 विकेट 17 रन देकर लेकर स्कॉटलैंड को इस टी-20 वर्ल्ड कप में पहली जीत दिलाई.

    कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में टॉस जीतकर इटली ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    इस तरह, पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने चार विकेट खोकर निर्धारित 20 ओवर में 207 रन बनाए.

    स्कॉटलैंड के सलामी बल्लेबाज़ जॉर्ज मंसी के आक्रामक अर्धशतक के बाद ब्रैंडन मक्मलेन और माइकल लीस्क की ताबड़तोड़ पारियां खेलीं.

    मंसी ने 54 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के जड़कर 84 रन बनाए. वहीं ब्रैंडन मक्मलेन ने 18 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में चार छक्के जड़े.

    इसके बाद 208 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी इटली की टीम ने अब तक 14 ओवर में पांच विकेट के नुक़सान पर 129 रन बनाए हैं.

  17. अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. मेघालय: अवैध कोयला खदान विस्फ़ोट केस में न्यायिक जांच आयोग बनाने का फ़ैसला

    पांच फ़रवरी को मेघालय के ईस्ट जयंति‍या हिल्स ज़िले में एक अवैध कोयला खदान में धमाका हुआ था

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पांच फ़रवरी को मेघालय के ईस्ट जयंति‍या हिल्स ज़िले में एक अवैध कोयला खदान में धमाका हुआ था

    मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स कोयला खदान विस्फ़ोट केस में राज्य सरकार ने न्यायिक जांच आयोग बनाने का फ़ैसला किया है.

    ये जानकारी मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने दी है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "सरकार ने ईस्ट जयंतिया हिल्स के मिन्संगाट-थांगस्को इलाके में हाल ही में हुई दुःखद माइनिंग घटना की जांच के लिए कमीशन ऑफ़ इन्क्वायरी एक्ट के तहत एक न्यायिक जांच आयोग बनाने का फ़ैसला किया है."

    पांच फ़रवरी को मेघालय के ईस्ट जयंति‍या हिल्स ज़िले में एक अवैध कोयला खदान में धमाका हुआ था. इस हादसे में 27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

  19. शशि थरूर बोले- लगता है सरकार को संसद चलाने में दिलचस्पी नहीं

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि वे दोपहर दो बजे फिर आएंगे और देखेंगे कि क्या होता है.

    लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस सदस्यों ने आसन से आग्रह किया कि केंद्रीय बजट पर चर्चा की शुरुआत से पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने दिया जाए. हालांकि, आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली.

    इसके बाद सदन में हुई नोक-झोंक के कारण कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

    शशि थरूर क्या बोले?

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "मैं तो बजट पर बोलने आया था लेकिन लग रहा है कि सरकार या स्पीकर को संसद चलाने में कोई दिलचस्पी नहीं है."

    "अब हम दो बजे फिर आएंगे और देखेंगे कि क्या होता है. वे (राहुल गांधी) बजट (बहस) से पहले बोलना चाहते थे... ऐसा कैसे हो सकता है कि बजट पर बहस में वित्त मंत्री बैठी ही नहीं, जैसे उन्हें पता था कि सदन स्थगित होने वाला है."

    वहीं दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने से पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पत्रकारों से बात की. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में कांग्रेस के नेता खुद ही सदन नहीं चलने देना चाहते हैं.

    रिजिजू ने कहा, "राज्यसभा में कांग्रेस के नेताओं ने थोड़ा समझदारी का काम किया है. वहां पर पीएम मोदी के जवाब के समय प्रदर्शन हुआ था, लेकिन वहां पर पीएम का भाषण हो गया और राष्ट्रपति के अभिभाषण में धन्यवाद प्रस्ताव पारित हो पाया."

    "लोकसभा में बिल्कुल चर्चा नहीं हो पाई है. मुझे लगता है कि लोकसभा में कांग्रेस के नेता खुद ही सदन नहीं चलने देना चाहते हैं. मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि जो व्यवहार उन्होंने (कांग्रेस के सांसदों ने) स्पीकर के साथ किया है. उससे स्पीकर को बहुत आहत हुए हैं और हम सबको बहुत बुरा लगा."

    उन्होंने कहा, "हम तो सदन चलाना चाहते हैं कि लेकिन कांग्रेस की वजह से अगर बजट को भी बिना चर्चा के ध्वनि मत से पारित करना पड़ा, तो इसका नुक़सान कांग्रेस के सांसदों को ज़्यादा होगा क्योंकि वो अपनी बात नहीं बोल पाएंगे."

  20. टी20 वर्ल्ड कप 2026: स्कॉटलैंड ने इटली को दिया 208 रन का टारगेट

    जॉर्ज मंसी

    इमेज स्रोत, Matt Roberts-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्कॉटलैंड की ओर से सबसे अधिक 84 रन जॉर्ज मंसी ने बनाए

    कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में स्कॉटलैंड ने इटली को 208 रन का टारगेट दिया है.

    इटली के कप्तान वेन मेडसन ने स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

    पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने चार विकेट के नुक़सान पर 207 रन बनाए हैं. टीम की ओर से सबसे अधिक रन जॉर्ज मंसी ने बनाए हैं.

    मंसी ने 54 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के जड़कर 84 रन बनाए हैं. वहीं ब्रैंडन मक्मलेन ने 18 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए हैं. उन्होंने अपनी पारी में चार छक्के जड़े.

    ब्रैंडन मक्मलेन

    इमेज स्रोत, Matt Roberts-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्कॉटलैंड के खिलाड़ी ब्रैंडन मक्मलेन ने 18 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए

    वहीं इटली की ओर से अली हसन, ग्रांट स्टुअर्ट, थॉमस ड्रेका और जेजे स्मट्स ने एक-एक विकेट लिए.

    स्कॉटलैंड की प्लेइंग इलेवन- जॉर्ज मंसी, माइकल जोंस, ब्रैंडन मक्मलेन, रिचर्ड बेरिंग्टन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), मार्क वॉट, माइकल लीस्क, ऑलिवर डेविडसन, ब्रैड व्हील, ब्रैडली करी.

    इटली की प्लेइंग इलेवन- जस्टिन मोस्का, एंथनी मोस्का, जेजे स्मट्स, वेन मेडसन (कप्तान), हैरी मनेंटी, बेंजमिन मनेंटी, ग्रांट स्टुअर्ट, जियान पिएरो मीड (विकेटकीपर), क्रिसन कलुगामेज़, थॉमस ड्रेका, अली हसन.

Trending Now