You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल ने कहा- ईरान ने हमला किया तो सेना करेगी सख़्त कार्रवाई

ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि लेबनान पर इसराइल के हमले युद्धविराम समझौते का उल्लंघन हैं

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  2. कार्टून: थोड़ा जल्दी कीजिए

  3. इसराइल ने कहा- ईरान ने हमला किया तो सेना करेगी सख़्त कार्रवाई

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने कहा है कि लेबनान में उनके सैन्य अभियान ने हिज़्बुल्लाह को बहुत ज़ोरदार झटका दिया है, जिससे वह हमले की गहराई और दायरे से हक्का-बक्का और भ्रमित हो गया है.

    रक्षा मंत्री ने कहा कि, "इसराइली डिफेंस फ़ोर्स (आईडीएफ) पूरी तरह तैयार है और अगर ईरान इसराइल पर हमला करता है तो वह सख़्ती से कार्रवाई करेगी.”

    ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि लेबनान पर इसराइल के हमले युद्धविराम समझौते का उल्लंघन हैं और राष्ट्रपति चेतावनी दे चुके हैं कि ईरान के हाथ ट्रिगर पर ही रहेंगे.

    रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने यह भी कहा कि बुधवार को लेबनान में 200 से ज़्यादा लोग मारे गए. उन्होंने इन लोगों को आतंकवादी बताया है.

    इसके साथ ही इस ऑपरेशन में अब तक मारे गए लोगों की कुल संख्या 1,400 से अधिक हो गई है.

    इससे पहले लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि सिर्फ़ बुधवार को इसराइली हमले में 203 लोग मारे गए.

    वहीं अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने लेबनान पर शुरू किए गए इसराइली हमले में अब तक 1,700 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

  4. प्रधानमंत्री नेतन्याहू बोले- कैबिनेट को लेबनान से बातचीत शुरू करने को कहा

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उन्होंने अपनी कैबिनेट से जितनी जल्दी हो सके लेबनान के साथ सीधे बातचीत शुरू करने को कहा है.

    हिब्रू में एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा गया है कि उन्होंने लेबनान की ओर से बातचीत शुरू करने के लिए बार-बार और लगातार की जा रही अपीलों के मद्देनज़र अपने कैबिनेट से बुधवार को यह अनुरोध किया.

    उन्होंने कहा कि इस बातचीत का केंद्र हिज़्बुल्लाह को निरस्त्र करना, इसराइल और लेबनान के बीच शांति संबंधों की स्थापना होगा.

  5. विधानसभा चुनाव 2026: असम और पुदुचेरी में रिकॉर्ड तोड़ मतदान

    असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव ख़त्म हो गए हैं.

    मतदाताओं ने असम की सभी 126 सीटों, केरल की सभी 140 सीटों और पुदुचेरी की सभी 30 सीटों पर वोटिंग की.

    चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, असम में 85.38 फ़ीसदी वोटिंग हुई है. वहीं, पुदुचेरी में 89.83 फ़ीसदी वोटिंग हुई. असम और पुदुचेरी में अब तक का सबसे ज़्यादा मतदान हुआ है.

    इससे पहले 2016 असम विधानसभा चुनाव में 84.67 फ़ीसदी और 2011 पुदुचेरी विधानसभा चुनाव में 86.19 फ़ीसदी मतदान हुआ था. लेकिन इस बार यहां रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है.

    वहीं, केरल में 78.03 फ़ीसदी वोटिंग हुई है.

  6. लेबनान के प्रधानमंत्री ने इसराइली हमले रोकने के लिए पाकिस्तान से समर्थन मांगा

    लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ़ सलमान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से लेबनान पर हो रहे इसराइल हमलों को समाप्त कराने के लिए समर्थन मांगा है.

    यह जानकारी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी फोन बातचीत के विवरण में दी गई है.

    अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौते में पाकिस्तान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी.

    जारी बयान के मुताबिक, शहबाज़ शरीफ ने इसराइल की आक्रामक कार्रवाई की कड़ी निंदा की है.

    बयान में कहा गया है कि नवाफ़ सलमान ने लेबनान और उसके लोगों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों को फौरन रोकने के लिए पाकिस्तान से समर्थन की मांग की है.

  7. एस जयशंकर के यूएई दौरे पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्या बताया

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि, "हम पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम पर क़रीबी नज़र बनाए हुए हैं और क्षेत्र के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं."

    उन्होंने बतााय, "विदेश मंत्री एस जयशंकर 11 से 12 अप्रैल तक संयुक्त अरब अमीरात का दौरा करेंगे, जहां सहयोग की समीक्षा की जाएगी और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत किया जाएगा."

    उन्होंने आगे बताया, "जीसीसी देशों के साथ भी संपर्क जारी है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी 9 और 10 अप्रैल को क़तर का दौरा करेंगे, जो क्षेत्र के साथ चल रही उच्च-स्तरीय बातचीत का हिस्सा है."

  8. विधानसभा चुनाव 2026: शाम पांच बजे तक किन राज्यों में कितनी वोटिंग

    असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं.

    वोटर्स असम की 126 सीटों पर, केरल की 140 सीटों पर और पुदुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग कर रहे हैं.

    चुनाव आयोग के मुताबिक शाम पांच बजे तक असम में 84.42 फ़ीसदी वोटिंग हुई है. असम में सबसे ज़्यादा, दक्षिण सालमारा-मनकाचर ज़िले में 94.08 फ़ीसदी वोटिंग हुई है.

    केरल में शाम पांच बजे तक 75.01 फ़ीसदी वोटिंग हुई है. इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में 86.92 फ़ीसदी वोटिंग हुई है.

  9. ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान बोले- ईरान के हाथ ट्रिगर पर ही रहेंगे

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने लेबनान पर इसराइल के हमलों को युद्धविराम समझौते का स्पष्ट उल्लंघन बताया है.

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने कहा है कि, "यह होने वाले समझौते के प्रति प्रतिबद्धता की कमी का ख़तरनाक संकेत है."

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा कि, "अगर हमले जारी रहते हैं तो बातचीत बेमानी हो जाएगी."

    उन्होंने चेतावनी दी है कि ईरान के हाथ ट्रिगर पर ही रहेंगे.

    ये टिप्पणियां उस बयान के एक दिन बाद आई हैं, जिसमें इसराइली सेना ने कहा था कि उसने लेबनान में 100 से ज़्यादा हवाई हमले किए हैं, जिन्हें वह हिज़्बुल्लाह के ठिकाने बता रही है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि, "इसराइल जहां ज़रूरी होगा, वहां हिज़्बुल्लाह पर हमले जारी रखेगा."

    वहीं, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद-बाकर ग़ालिबाफ़ ने चेतावनी दी कि, “युद्धविराम के उल्लंघन की क़ीमत चुकानी होगी और कड़ा जवाब दिया जाएगा.”

    मोहम्मद-बाकर ग़ालिबाफ़ ने कहा कि लेबनान युद्धविराम का अभिन्न हिस्सा है और इसमें इंकार या पीछे हटने की कोई गुंजाइश नहीं है.

    उन्होंने कहा कि, “इस आग को फ़ौरन बुझाइए.”

  10. सीज़फ़ायर के बाद कैसा है यूएई, रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा

    संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया है कि हाल के घंटों में एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज़ मिसाइल और ड्रोन्स को डिटेक्ट नहीं किया है.

    रक्षा मंत्रालय ने किसी भी हवाई ख़तरे से आसमान साफ़ होने की पुष्टि की है.

    प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि ईरान के हमलों की शुरुआत के बाद से यूएई की एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने देश की ओर बढ़ रहे 537 बैलिस्टिक मिसाइल, 26 क्रूज़ मिसाइल और 2,256 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है.

    मंत्रालय ने बताया है कि हाल के घंटों में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है. अभी तक ईरानी हमलों में 224 लोग घायल हुए है. वहीं दूसरे देशों के 10 से ज़्यादा नागरिकों की मौत हुई है.

    रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह अभी भी हाई अलर्ट पर है और किसी भी ख़तरे का सामना करने और राज्य की सुरक्षा को कमज़ोर करने की हर कोशिश को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार है, ताकि देश की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित की जा सके और उसके हितों व राष्ट्रीय क्षमताओं की रक्षा की जा सके.

  11. जंग शुरू होने के बाद पहली बार ईरान और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों में हुई बातचीत

    सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान अल सऊद ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर बात की है.

    जंग शुरू होने और फारस की खाड़ी के अन्य देशों पर ईरान के हमलों के बाद दोनों के बीच यह पहली आधिकारिक बातचीत थी.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, "दोनों मंत्रियों ने हाल में हुए घटनाक्रमों की समीक्षा की और क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने के लिए तनाव कम करने के तरीक़ों पर चर्चा की."

    इसराइल और अमेरिका के साथ युद्ध शुरू होने के बाद ईरान ने सऊदी अरब पर भी हमले किए थे.

  12. ईरान जंग पर बातचीत के लिए यूएई पहुंचे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, होर्मुज़ स्ट्रेट पर क्या कहा

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ईरान जंग पर बातचीत के लिए संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे चुके हैं.

    यूएई के अबू धाबी हवाई अड्डे पर, एग्जीक्यूटिव अफ़ेयर्स अथॉरिटी के चेयरमैन ख़लदून ख़लीफ़ा अल मुबारक ने उनका स्वागत किया.

    इस दौरान प्रधानमंत्री स्टार्मर ने खाड़ी में मौजूद अपने सहयोगी देशों से कहा कि, “ईरान को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को बंद नहीं करना चाहिए.”

    खाड़ी देशों के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्रीय रक्षा संबंधी एक कॉल के दौरान स्टार्मर ने दोहराया कि इस संघर्ष पर ब्रिटेन का रुख़ एक जैसा रहा है और "हम लगातार तनाव कम करने और स्थायी युद्धविराम की अपील कर रहे हैं."

    उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौता नाज़ुक स्थिति में है, ईरान का कहना है कि लेबनान पर जारी इसराइली हमले इस समझौते का गंभीर उल्लंघन हैं.

    इससे पहले प्रधानमंत्री स्टार्मर सऊदी अरब के जेद्दा में सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात कर चुके हैं और अब यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन ज़ैद अल नहयान से उनकी मुलाक़ात होने की उम्मीद है.

  13. लेबनान: पिछले 24 घंटे में 203 लोगों की मौत, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटे में इसराइली हमलों में 203 लोगों की मौत हुई है और एक हज़ार से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    ये आंकड़े ऐसे समय आए हैं, जब ईरान लेबनान पर किए जा रहे इसराइली हमलों को अमेरिका-ईरान सीज़फ़ायर समझौते का घोर उल्लंघन बता रहा है.

    वहीं, इसराइल ने बुधवार को ही कह दिया था कि लेबनान युद्धविराम का हिस्सा नहीं है, जबकि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि लेबनान पर भी युद्धविराम लागू होगा.

  14. आईडीएफ़ ने हिज़्बुल्लाह चीफ़ के पर्सनल सेक्रेटरी को मारने का दावा किया

    इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के कई ठिकानों पर रातभर हमला किया. इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ ने हिज़्बुल्लाह चीफ़ के पर्सनल सेक्रेटरी को मारने का दावा किया है.

    आईडीएफ़ ने कहा कि उसने हिज़्बुल्लाह चीफ़ नईम क़ासिम के पर्सनल सेक्रेटरी (जो रिश्ते में उनके भतीजे भी थे) अली यूसुफ़ हार्शी को मार दिया.

    आईडीएफ़ का कहना है कि उसने लितानी नदी पर बने दो पुलों को निशाना बनाया. हाल के हफ़्तों में इस नदी को बार-बार निशाना बनाया गया है, जिससे दक्षिणी लेबनान अलग-थलग हो गया है.

    इसराइल ने बुधवार को ही कह दिया था कि लेबनान युद्धविराम का हिस्सा नहीं है. जबकि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि लेबनान पर भी युद्धविराम लागू होगा.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पाकिस्तान ने किस बात को लेकर इसराइल की कड़ी निंदा की?

    पाकिस्तान ने लेबनान पर हो रहे इसराइली हमलों की निंदा की है. उसने इन्हें अंतरराष्ट्रीय क़ानून का साफ़ उल्लंघन बताया है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "पाकिस्तान लेबनान पर जारी इसराइली हमलों की कड़ी निंदा करता है. इनमें बेगुनाह लोगों की जान गई है और बड़े पैमाने पर इन्फ़्रास्ट्रक्चर नष्ट हुआ है."

    पाकिस्तान ने कहा, "इसराइल की ये कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय शांति और स्थिरता क़ायम करने की कोशिशों को कमज़ोर करती है. ये अंतरराष्ट्रीय क़ानून और मौलिक मानवीय सिद्धांतों का साफ़ उल्लंघन है."

    पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा कि वो तुरंत और ठोस क़दम उठाकर लेबनान पर इसराइल की कार्रवाई को रोकें.

    पाकिस्तान ने लेबनान के प्रति समर्थन ज़ाहिर करते हुए कहा, "पाकिस्तान इस कठिन समय में लेबनान की सरकार और जनता के साथ अपनी पूरी एकजुटता को एक बार फिर जाहिर करता है. साथ ही वो लेबनान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, शांति और स्थिरता का समर्थन करता है."

  17. अमेरिका से बीती रात क्या बात हुई, ईरान ने बताया

    ईरान और अमेरिका के बीच बीती रात को संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है. दोनों देशों के बीच बातचीत पाकिस्तान के ज़रिए हुई.

    बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में ईरान के उप विदेश मंत्री सईद ख़तीबज़ादेह ने इसकी पुष्टि की.

    सईद ख़तीबज़ादेह ने बताया, "दोनों देशों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान कल रात पाकिस्तान के ज़रिए जारी हुआ."

    उनके मुताबिक़, अमेरिका पहले तो बातचीत का अनुरोध करता है फिर शर्तों का उल्लंघन भी करता है.

    ख़तीबज़ादेह ने कहा, "आप (अमेरिका) युद्धविराम की मांग करें और फिर शर्तें मान लें, युद्धविराम में लेबनान का नाम भी होता है. फिर भी आपका साथी (इसराइल) वहां क़त्लेआम शुरू कर दे, ऐसा नहीं हो सकता."

    ख़तीबज़ादेह ने यह भी बताया कि उन्हें पता लगा है कि अमेरिका की तरफ़ से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान की तरफ़ से संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाग़र ग़ालिबाफ़ बातचीत का नेतृत्व करेंगे.

  18. पाकिस्तान में अमेरिका से होने वाली बातचीत को लेकर ईरान ने पहले दिया अपडेट, बाद में डिलीट किया पोस्ट

    ईरान का प्रतिनिधिमंडल युद्धविराम पर अमेरिका से बातचीत करने के लिए पाकिस्तान पहुंच रहा है. पाकिस्तान में ईरान के राजदूत ने इसकी एक्स परपुष्टि की. हालांकि, कुछ देर बाद उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दिया.

    पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने एक्स पर लिखा, "इसराइली हुकूमत ने बार-बार युद्धविराम तोड़ा और कूटनीतिक कोशिशों में ख़लल डाला, इससे ईरानी जनता में शक पैदा हुआ. इसके बावजूद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के न्योते पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज रात इस्लामाबाद पहुंचेगा."

    उन्होंने बताया कि यह दौरा ईरान के 10 बिंदुओं पर आधारित गंभीर बातचीत के लिए है.

    हालांकि, बाद में उन्होंने अपना एक्स पोस्ट डिलीट कर दिया.

    दरअसल, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची और संसद के स्पीकर मोहम्मद बाग़र ग़ालिबाफ़ ने आरोप लगाया है कि युद्धविराम का उल्लंघन हुआ है.

    गौरतलब है कि पाकिस्तान में शनिवार को होने वाली बातचीत में अमेरिका की ओर से उप राष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल होंगे.

  19. असम, केरल और पुदुचेरी में वोटिंग जारी, जानें कहां कितने फ़ीसदी मतदान हुआ

    असम, केरल और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़, गुरुवार सुबह 11 बजे तक असम में 39%, केरल में 33% और पुदुचेरी में 37% मतदान हुआ है. तीनों जगहों में एक ही फ़ेज़ में मतदान है.

    असम में 126, केरल में 140 और पुदुचेरी में 30 सीटों पर मतदान हो रहा है.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राजधानी गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर में पूजा की.

    केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने भी सुबह ही मतदान कर दिया था.

    पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी पोलिंग बूथ तक मोटरसाइकिल से पहुंचे.

  20. अमेरिकी उप राष्ट्रपति बोले, 'ईरान को ग़लतफ़हमी हुई, युद्धविराम में लेबनान शामिल नहीं'

    अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम में लेबनान शामिल नहीं है.

    रॉयटर्स के मुताबिक़, जेडी वेंस ने बुडापेस्ट में पत्रकारों से कहा, "मुझे लगता है ग़लतफ़हमी हुई है. ईरानियों को लगा कि युद्धविराम में लेबनान भी है, जबकि ऐसा नहीं था."

    उन्होंने कहा कि अमेरिका का रुख यह था कि युद्धविराम ईरान और अमेरिका के सहयोगियों पर केंद्रित होगा, जिनमें इसराइल और खाड़ी के अरब देश शामिल हैं.

    वेंस ने कहा, "इसराइल ने लेबनान में संयम दिखाने पर सहमति ज़रूर जताई है, लेकिन उन्होंने इस पर विस्तार से कुछ नहीं बताया है."

    "जितना मैं समझता हूं, इसराइल ने लेबनान में ख़ुद को थोड़ा रोकने की पेशकश की है, क्योंकि वो चाहते हैं कि हमारी बातचीत सफल हो."

    इससे पहले बुधवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि युद्धविराम लेबनान पर भी लागू होगा.

    जबकि इसराइल ने अपने आधिकारिक बयान में कहा था कि दो हफ़्तों के सीज़फ़ायर समझौते में लेबनान शामिल नहीं है.

Trending Now