ईरान ने कहा, 'लारिजानी की हत्या का निर्णायक बदला लेंगे'

इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images
ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातामी ने एक इसराइली हवाई हमले में मारे गए अली लारिजानी की हत्या का "निर्णायक" बदला लेने की धमकी दी है.
ईरान ने मंगलवार को देश की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी की मौत की पुष्टि की. इससे पहले इसराइल ने लारिजानी के मारे जाने का दावा किया था.
हातामी ने एक बयान में कहा, "सही समय और सही जगह पर, अपराधी अमेरिका और खून के प्यासे ज़ियोनिस्ट शासन को एक निर्णायक और ऐसा जवाब दिया जाएगा जो दूसरों के लिए सबक बने, उन्हें अपने किए पर पछतावा होगा."
उन्होंने आगे कहा कि लारिजानी और अन्य "शहीदों" की मौत का बदला लिया जाएगा.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने कहा है कि उसने लारिजानी की मौत के "बदले में" मध्य इसराइल पर पहले ही मिसाइलें दाग दी हैं.
आईआरजीसी ईरान की सेना से अलग संगठन है.



