वेबसाइट बीस लाख बार हैक हुई

चीन का कहना है कि उनके रक्षा मंत्रालय की नई वेबसाइट एक महीने में बीस लाख बार हैक कर ली गई है.
रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट के संपादक का कहना है कि हैकरों ने पहले तो वेबसाइट को ब्लॉक करने यानी रोकने की कोशिश की और फिर इसे हैक कर लिया गया.
यह वेबसाइट अगस्त में शुरु हुई थी और पहले ही महीने में इसे बीस लाख बार हैक कर लिया गया.
उनका कहना था कि कुछ अन्य हैकरों ने सेना से जुड़ी गुप्त जानकारियां पाने के लिए वेबसाइट में घुसपैठ की कोशिश भी की है.
चीन के अनुसार हैकरों को कोई गुप्त जानकारी नहीं मिल पाई है और वो असफल रहे हैं. अभी ये साफ़ नहीं है कि ये हैकर चीन के ही थे या चीन के बाहर से ये कोशिशें हो रही थीं.
रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट चीनी भाषा में और अंग्रेज़ी भाषा में अगस्त महीने में शुरु हुई थी.
ये वही समय था जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन के सैन्य महत्वाकांक्षाओं को लेकर चिंताएं बढ़ रही थीं.








