ऋषिकेश में ब्रिटिश युवती से बलात्कार

ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला थाने में देर रात दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार एक ब्रिटिश युवती के साथ दो युवकों ने बलात्कार किया है.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब हरिद्वार और ऋषिकेश में कुंभ मेला चल रहा है जिसमें हजारों की संख्या में विदेशी सैलानी और श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं.
पौड़ी के पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति ने बताया, “31 साल की यह युवती टूरिस्ट वीसा पर भारत आई थी और लक्ष्मण झूला क्षेत्र में तीन सप्ताह से रूकी हुई थी.”
महिला की तहरीर के अनुसार उसके साथ दो युवक थे. इसमें एक की शिनाख्त मुंबई निवासी के तौर पर हुई है.
जांच के उद्देश्य से उन्होंने महिला का नाम-पता और अधिक विवरण देने से मना कर दिया.
जिस होटल में वह महिला रूकी हुई थी, उसके कर्मचारियों के मुताबिक तड़के ही वह अपना कमरा खाली करके चली गई है.
अधिकारी पहुंचे
इस बीच ब्रिटिश दूतावास से भी एक अधिकारी के ऋषिकेश आने की खबर है.
घटना के बाद से ऋषिकेश में हड़कंप मच गया है क्योंकि किसी विदेशी युवती से बलात्कार की यह पहली घटना है.
स्थानीय नागरिक भी इस घटना से स्तब्ध हैं.
ऋषिकेश में अध्यापक विजय घिल्डियाल कहते हैं, “विदेशियों के प्रति यहां आतिथ्य भाव रहा है. अगर उनके साथ कभी लूटपाट की कोई वारदात हुई भी तो बाहर के लोग ही दोषी पाए गये हैं. यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इससे ऋषिकेश की छवि पर असर पड़ेगा.”
ऋषिकेश प्राच्य अध्ययन के साथ-साथ योग और अध्यात्म के केंद्र के रूप में लोकप्रिय है.
खास तौर पर लक्ष्मण झूला क्षेत्र में ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस और इज़राइल से बड़ी संख्या में विदेशी आते हैं. इनमें से अधिकांश विभिन्न संस्थानों और आश्रमों में रहकर योग का अध्ययन करते हैं.
हालांकि कई विदेशियों के तौर-तरीके हिप्पियों की तरह भी दिखते हैं.
































