गूगल के ख़िलाफ़ जाँच शुरू

यूरोपीय आयोग सर्च इंजन गूगल के ख़िलाफ़ शिकायतों की जाँच कर रहा है.
उसके प्रतिद्वंद्वियों का आरोप है कि गूगल ने दुनिया के सबसे लोकप्रिय सर्च इंजन होने का फ़ायदा उठाकर दूसरे सर्च इंजनों को नुक़सान पहुँचाया है.
यूरोपीय आयोग इस बात की जाँच कर रहा है कि क्या गूगल ने जानबूझकर अपने प्रतिद्वंद्वियों की वेबसाइटों से जुड़े सर्च के परिणाम ग़लत तरीक़े से दिखाए.
बाज़ार में एक ही उत्पाद की अलग-अलग दुकानों में क़ीमत बताने वाली साइट फांउडेम और क़ानूनी मामलों के सर्च इंजन ईजस्टिस.एफआर की शिकायत पर ये जाँच हो रही है.
गूगल ने इन आरोपों को ग़लत बताया है और कहा है कि अगर यूरोपीय आयोग को कुछ आशंकाएँ हैं तो वे उसके साथ मिलकर काम करने को तैयार है.
अमरीका में भी टेक्सस के एटॉर्नी जनरल ने ऐसी ही जाँच शुरू की थी. दोनों ही मामलों में गूगल पर आरोप है कि वह किसी खोज के परिणामों को दिखाते समय अपने प्रतिद्वंद्वियों की वेबसाइट को सूची में नीचे खिसका देता है, गूगल पर आरोप है कि वह अपनी सेवाओं को सबसे ऊपर और प्रतिद्वंद्वियों की सेवाओं को बहुत नीचे दिखाता है जिसे दुनिया में नंबर वन होने का ग़लत ढंग से फायदा उठाना माना जा रहा है.
स्वाभाविक शिकायतें
माइक्रोसॉफ़्ट की ही तरह सर्च के मामले में गूगल एक तरह से एकाधिकार है, ऐसी स्थिति में विश्लेषकों का कहना है कि शिकायतें होने स्वाभाविक ही है.
विश्लेषकों का कहना है कि गूगल अब इतना बड़ा हो चुका है कि चाहे-अनचाहे छोटी कंपनियाँ उसकी ताक़त का शिकार होंगी ही.
जहाँ तक यूरोपीय आयोग का सवाल है टेक्नॉलॉजी कंपनियाँ उससे बहुत डरती हैं, इंटेल और माइक्रोसॉफ्ट को यूरोपीय आयोग भारी जुर्माना भरने के लिए बाध्य कर चुका है.
टेक्नॉलॉजी क्षेत्र के जानकार क्रिस ग्रीन कहते हैं, "यूरोपीय आयोग ने प्रतिस्पर्धा विरोधी नीतियाँ अपनाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट पर भारी जुर्माना लगाया था. गूगल सर्च इंजन के मामले में बाज़ार पर अपना दबदबा रखता है, अगर पाया गया कि उसने अपनी इस स्थिति का अनुचित तरीक़े से लाभ उठाया है तो उसे भी माइक्रोसॉफ्ट की तरह बड़ा जुर्माना भरना पड़ सकता है".
गूगल इस मामले में टकराव की जगह सहयोग का रवैया अपनाता दिख रहा है, गूगल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि "कंपनी हमेशा से सही तरीक़े से काम करती रही है लेकिन सुधार की गुंजाइश तो रहती ही है, हम यूरोपीय आयोग के साथ मिलकर सभी आशंकाओं का निराकरण करना चाहते हैं".
































