ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बैठक बेनतीजा

ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर जेनेवा में हुई दो दिन की बैठक में कोई हल नहीं निकल पाया है.
ये बैठक ईरान और पश्चिमी देशों के बीच हुई.
यूरोपीय संघ की विदेशी मामलों की प्रमुख बैरोनेस कैथरीन ऐश्टन का कहना है ''इस बैठक में कुछ महत्वपूर्ण नहीं निकल पाया है न ही बातचीत आगे बढ़ पाई है.''
इस बैठक के बाद जारी किए गए संक्षिप्त वक्तव्य में बैरोनेस कैथरीन ने इस बातचीत को विस्तृत और स्थायी बताया.
उन्होंने घोषणा की है कि दोनों पक्षों के बीच जनवरी महीने के अंत में इस्तांबुल में दोबारा बैठक होगी.
उन्होंने उम्मीद जताई की इस बैठक में दोनों पक्ष व्यावहारिक मुद्दों पर बातचीत करेंगें.
सयुंक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों और जर्मनी का कहना है कि ईरान को अपनी परमाणु गतिविधियों पर सयंक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के तहत पालन करना चाहिए.
अधिकारियों ने दोबारा होने वाली इस बातचीत को एक 'छोटा सकारात्मक 'कदम बताया है.
ये अभी स्पष्ट नहीं है कि ज़ोर छोटे पर होना चाहिए या फिर सकारात्मक शब्द पर होना चाहिए.
लेकिन ये जरुर साफ़ है कि दोनों पक्षों के बीच अविश्वास अभी भी बरक़रार है ख़ासतौर पर पश्चिमी देशों और ईरान के बीच.
पश्चिमी देशों को जहां ये डर है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा है वहीं ईरान इस बात को नकारता रहा है.
ईरान ये कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम उसके देश की निज़ी जरुरतों के लिए है.
































