72 कंपनियों पर साइबर हमले

कंप्यूटर
इमेज कैप्शन, हमलों का उद्देश्य संवेदनशील जानकारियाँ हासिल करना था

एक प्रमुख कंप्यूटर सुरक्षा कंपनी का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कंपनी सहित दुनिया की 72 कंपनियों पर साइबर हमले किए गए हैं.

इनमें कम से कम छह सरकारें भी शामिल हैं जिनमें अमरीका, भारत और ताइवान शामिल हैं.

साइबर हमले में सैन्य ठेकेदारों, इलेक्ट्रॉनिक फ़र्मों और वित्तीय संस्थानों को भी निशाना बनाया गया है.

इस कंपनी मैकेफ़ी ने ही इन हमलों का पता लगाया है और उनका कहना है कि ये अब तक का सबसे बड़ा हमला है.

संवेदनशील जानकारियाँ

मैकेफ़ी का कहना है कि ये हमले कई वर्षों से हो रहे हैं.

कंपनी के अनुसार जिन 72 कंपनियों को साइबर हमलों में निशाना बनाया गया है उनमें से 49 अमरीका में स्थित हैं.

उसका कहना है कि साइबर हमले करने वाले सैन्य व्यवस्था और सैटेलाइट संचार व्यवस्था जैसी संवेदनशील जानकारियाँ हासिल करना चाहते थे.

मैकेफ़ी ने अपनी जाँच एक एजेंसी की पिछले पाँच वर्षों से चले आ रहे साइबर हमलों के अभियान पर केंद्रित रखा है.

जाँच करने वाली कंपनी मैकेफ़ी का कहना है कि ये सरकारी एजेंसी हो सकती है, लेकिन उसका नाम ज़ाहिर करने से इनकार कर दिया गया.

विशेषज्ञों ने वॉशिंगटन पोस्ट से कहा है कि इन हमलों का स्रोत चीन था.