पुलिस अधिकारियों का पॉलिग्राफ़ टेस्ट

इक्वाडोर पुलिस

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, इक्वाडोर में पिछले साल पुलिस ने सरकार के ख़िलाफ़ विद्रोह कर दिया था

इक्वाडोर में पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार को ख़त्म करने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को पॉलिग्राफ़ यानी झूठ पकड़ने वाली मशीन के परीक्षण का सामना करना पड़ेगा.

पुलिस प्रमुख जनरल विल्सन एल्युलेमा ने कहा है कि वे चाहते हैं कि देश से सभी 42 हज़ार अधिकारियों का परीक्षण हो.

उन्होंने कहा, "हर अधिकारी को पॉलिग्राफ़ टेस्ट देना होगा और पास करना होगा जिससे कि ईमानदारी साबित हो सके."

भ्रष्टाचार विरोधी इस प्रयास के तहत अधिकारियों को अपनी संपत्ति की भी घोषणा करनी होगी जिससे कि उनके पास आने वाले ग़ैरक़ानूनी धन का आसानी से पता लगाया जा सके.

इक्वाडोर के राष्ट्रपति राफ़ेल कोरिया ने पिछले साल सितंबर में हुए पुलिस विद्रोह के बाद पुलिस बल के आधुनिकीकरण के आदेश दिए थे.

इस विद्रोह के बाद उन्हें भागकर एक अस्पताल की शरण लेनी पड़ी थी. बाद में उनके प्रति निष्ठावान सैनिकों और पुलिस जवानों ने उन्हें बचाया था.

इसके बाद ही राष्ट्रपति ने पुलिस बल का नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया था.