आगे बढ़ा ईरान का परमाणु कार्यक्रम

पश्चिमी देशों का आरोप है कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है.

इमेज स्रोत, AFP

इमेज कैप्शन, पश्चिमी देशों का आरोप है कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है.

ईरान ने तेहरान स्थित रिएक्टर में देश में ही बनी परमाणु ईंधन रॉड लगानी शुरु कर दी हैं. ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी इरना ने ये जानकारी दी.

समाचार एजेंसी का कहना था कि पहली रॉड राष्ट्रपति महमूद अहमदिनेजाद ने रिएक्टर में डाली.

सरकारी टेलीविज़न चैनल पर बुधवार को हुए इस समारोह की सीधी तस्वीरें दिखाई गईं जिनमें वैज्ञानिकों को राष्ट्रपति अहमदीनेजाद को पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए दिखाया गया.

अमरीका और इसराइल का दावा रहा है कि ईरान परमाणु हथियार कार्यक्रम पर काम कर रहा है जबकि ईरान इस आरोप से इंकार करता रहा है.

ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है.

ईरानी मी़डिया ने ये भी ख़बर दी है कि ईरान ने यूरोपीय संघ को पत्र लिखकर अपने परमाणु कार्यक्रम के बारे में बातचीत दोबारा शुरु करने की इच्छा जताई है.

इससे पहले इसराइल के प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू ने कहा है कि भारत और जॉर्जिया में इसराइली दूतावासों पर हमलों से ईरान की 'आतंकवादी हरकतें' जगज़ाहिर हो चुकी हैं.

इसराइल ने इन हमलों के लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया है लेकिन ईरान ने इन आरोपों से इंकार किया है.

नेतन्याहू का कहना था कि ईरान के आक्रामक रूख को रोकना होगा नहीं तो ये और बढ़ता चला जाएगा.

इसराइली प्रधानमंत्री की ये टिप्पणियां उस समय आईं जब थाईलैंड ने अधिकारियों ने कहा कि बैंकॉक में दो ईरानी नागरिकों के घर से देसी बम मिलने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया.

थाईलैंड में इसराइली राजदूत का कहना था कि बरामद किए गए बम, भारत और जॉर्जिया में हमलों में इस्तेमाल किए गए बमों की तरह थे.